विज्ञापन

घर की मलाई से घी कैसे निकालें? दूध की मलाई से घी बनाने का आसान तरीका

दूध की मलाई से घी बनाने का आसान तरीका? घर में जमा मलाई से म‍िनटों में न‍िकल आएगा इतना सारा घी फ‍िर जरूरत नहीं पड़ेगा खरीदने की. चल‍िए मलाई से घी न‍िकालने की आसान रेस‍िपी.

घर की मलाई से घी कैसे निकालें? दूध की मलाई से घी बनाने का आसान तरीका
मलाई से घी ना निकले तो क्या करें?

भारतीय घरों में देसी घी का उपयोग खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए लंबे समय से किया जाता रहा है. कई लोग मार्केट से घी खरीदने के बजाय घर पर ही इसे बनाना  पसंद करते हैं. हालांकि, कुछ लोगों को लगता है कि घर पर शुद्ध देसी घी बनाने के लिए बहुत ज्यादा दूध या मलाई की जरूरत होती है. लेकिन ऐसा नहीं है. आप हमेशा दूध से निकलने वाली थोड़ी-थोड़ी मलाई जमा करके भी घर पर देसी घी बना सकते हैं.


 दूध की थोड़ी-थोड़ी मलाई कैसे करें इकट्ठा


घर पर घी बनाने के लिए सबसे पहले मलाई जमा करना जरूरी है. इसके लिए हमेशा दूध को अच्छी तरह उबाल लें और ठंडा होने के बाद उसके ऊपर जमने वाली मलाई को चम्मच की मदद से निकाल लें. अब इस मलाई को एक साफ और ढक्कन वाले डिब्बे में रखकर फ्रिज में स्टोर कर दें. हमेशा इसी तरह दूध से निकलने वाली मलाई को डिब्बे में जमा करते रहें. अगर आप कई दिनों तक मलाई जमा करना चाहते हैं, तो उसे फ्रीजर में रखना भी एक अच्छा उपाय हो सकता है. ध्यान रखें कि मलाई निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का उपयोग करें. 


 कैसे निकालें मलाई से मक्खन
जब आपके पास सही मात्रा में मलाई जमा हो जाए, तो इसे फ्रिज से निकालकर कुछ देर सामान्य तापमान पर रख दें. इसके बाद सारी मलाई को एक बड़े बर्तन में डालें. अगर मलाई बहुत ज्यादा गाढ़ी है, तो इसमें थोड़ा ठंडा पानी या दही मिलाया जा सकता है. अब मथनी या हैंड ब्लेंडर की मदद से मलाई को अच्छी तरह मथें. कुछ समय बाद मलाई से मक्खन अलग होने लगेगा और नीचे छाछ जैसा तरल बच जाएगा. अब मक्खन को छानकर अलग निकाल लें और ठंडे पानी से हल्के हाथों से धो लें, ताकि उसमें बची हुई छाछ निकल जाए. 
 

शुद्ध देसी घी मक्खन से कैसे करें तैयार
अब मक्खन को एक मोटे तले वाली कड़ाही में डालें और धीमी या मध्यम आंच पर गर्म करें. शुरुआत में मक्खन पिघलने लगेगा और उसके ऊपर झाग दिखाई देने लगेंगे. धीरे-धीरे गर्म होने पर मक्खन में मौजूद नमी भाप बनकर निकलने लगेगी. इस दौरान इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि यह कड़ाही के तले में चिपके नहीं. 
कुछ समय बाद झाग कम होने लगेंगे और दूध के मोटे कण कड़ाही के नीचे दिखाई देने लगेंगे. जब मिश्रण का रंग सुनहरा हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें. ध्यान रखें कि घी को बहुत ज्यादा गर्म न करें, क्योंकि ऐसा करने से उसका स्वाद और खुशबू खराब हो सकता है. 

Latest and Breaking News on NDTV


 सही तरीके से कैसे करें घी को  जमा


घी तैयार होने के बाद इसे थोड़ा ठंडा होने दें. अब एक साफ और सूखे कपड़े या बारीक छलनी की मदद से घी को छानकर कांच के साफ जार या बोतल में भर लें. ध्यान रखें कि जार में बिल्कुल भी नमी नहीं होनी चाहिए. घी पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही जार का ढक्कन बंद करें. इसके अलावा घी निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का उपयोग करें. 

 कितना घी  बन सकता है कम मलाई से 


घर पर थोड़ी-थोड़ी मलाई जमा करके घी बनाना आसान है, लेकिन इससे कितना घी निकलेगा. यह दूध में मौजूद फैट और जमा की गई मलाई की मात्रा पर निर्भर करता है. अगर आप हमेशा  थोड़ी-थोड़ी मलाई जमा करते हैं, तो कुछ दिनों बाद आपके पास इतनी मलाई जमा हो जाएगी क‍ि इससे घर पर घी बनाया जा सके.

                                                                                                                                        प्रस्‍तुत‍ि : रोशनी 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News, Food Recipes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com