विज्ञापन

अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर, 9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के टोकन फुल, जानें पूरी डिटेल

अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर सामने आई है. अनरजिस्टर्ड श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण 9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के लिए सभी टोकन फुल हो चुके हैं. ऐसे में जिन लोगों का पंजीकरण नहीं हुआ है, वे 9 जुलाई तक आने से बचें.

अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर, 9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के टोकन फुल, जानें पूरी डिटेल
अमरनाथ यात्रा 2026
Photo Credit: NDTV

अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में इस साल भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जम्मू पहुंच रहे हैं. बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर ही जम्मू आएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. ऐसे में अगर आप भी यात्रा पर जाने का प्लानिंग कर रहे हैं तो ये खबर आपके लिए जरूरी हो सकती है. 

तत्काल पंजीकरण करा रहे ज्यादातर श्रद्धालु

जम्मू के डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने बताया कि 3 जुलाई से श्री अमरनाथ यात्रा का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है और प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कर दी गई थीं. इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षा से काफी अधिक है, खासकर ऐसे यात्रियों की, जिन्होंने पहले से पंजीकरण नहीं कराया था और अब जम्मू पहुंचकर तत्काल पंजीकरण कराना चाह रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के टोकन फुल

रमेश कुमार ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिदिन यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निर्धारित है. ऐसे में पहले से पंजीकृत श्रद्धालुओं को प्राथमिकता दी जाती है और उनके बाद बची हुई निर्धारित संख्या के अनुसार ही मौके पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है. अनरजिस्टर्ड श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण 9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के लिए सभी टोकन पहले ही वितरित किए जा चुके हैं.

तत्काल रजिस्ट्रेशन कराने वाले 9 जुलाई तक जाने से बचें

डिविजनल कमिश्नर ने कहा कि जो श्रद्धालु अभी अपनी यात्रा की योजना बना रहे हैं और जिनका पहले से पंजीकरण नहीं हुआ है, वे फिलहाल 9 जुलाई से पहले जम्मू आने से बचें. इससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी और प्रशासन भी बेहतर ढंग से व्यवस्थाएं संचालित कर सकेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन श्रद्धालुओं का प्री-रजिस्ट्रेशन पहले से हो चुका है और जिन्हें यात्रा की निर्धारित तिथि मिल चुकी है, वे बिना किसी चिंता के अपनी यात्रा जारी रख सकते हैं. प्रशासन, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर पुलिस उनके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

रमेश कुमार ने कहा कि जिन श्रद्धालुओं का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें भी सुविधा दी जाएगी, लेकिन पहले से मौजूद यात्रियों के पंजीकरण के बाद ही उनकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वे अपनी यात्रा उसी के अनुसार योजनाबद्ध करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और जम्मू-कश्मीर पुलिस सभी श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.

यह भी पढ़ें: अब कोर्ट के चक्कर नहीं, e-Jagriti पोर्टल पर ऑनलाइन होगी उपभोक्ता मामलों की सुनवाई, जानिए घर बैठे कैसे करें शिकायत

यह भी पढ़ें: अब घर बैठे मिलेगा OPD अपॉइंटमेंट, बस कॉल करें और अस्पताल की लंबी लाइनों से मुक्ति पाएं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AMARNATH YATRA 2026, Amarnath Yatra 2026 Advisory, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com