मंदिरों के शहर जम्मू ने फिर दिखाया बड़ा दिल. श्री अमरनाथ यात्रा पर देशभर से आने वाले भोले के भक्तों के लिए जम्मू रेलवे स्टेशन से भगवती नगर आधार शिविर तक अब सफर निशुल्क होगा. अतिथि देवो भव की परंपरा निभाते हुए अखिल जम्मू-कश्मीर परिवहन कल्याण संघ ने निशुल्क छोटी बस सेवा का श्रीगणेश किया. रेलवे स्टेशन से भगवती नगर आधार शिविर तक रोजाना सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक दो छोटी बसें श्रद्धालुओं को मुफ्त पहुंचाएंगी. यह सेवा यात्रा समाप्त होने तक जारी रहेगी. अखिल जम्मू-कश्मीर परिवहन कल्याण संघ और छोटी बस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजय सिंह चिब ने बताया कि चार दिन पहले ही बैठक कर हमने मुफ्त बस सेवा का फैसला लिया था. आज से सेवा शुरू हो गई है और पूरी यात्रा तक चलेगी.
भक्तों के लिए निशुल्क टैक्सी सेवा
टैक्सी संचालक संघ, रेलवे स्टेशन ने भी दोपहर 3 बजे 10 टैक्सियों की निशुल्क सेवा शुरू की. अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने बताया कि ये 10 टैक्सियां 24 घंटे यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी. श्रद्धालुओं को टैक्सी संचालक संघ से संपर्क करना होगा. परिवहन आयुक्त विशेष पाल महाजन ने मुख्य अतिथि के तौर पर जम्मू क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जसमीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह और संघ के पदाधिकारियों की मौजूदगी में पहली छोटी बस को हरी झंडी दिखाई. यह बस यात्रियों की सेवा में तैनात रहेगी और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाएगी.
परिवहन आयुक्त ने जताया आभार
विशेष पाल महाजन ने कहा कि हमें अभी से यात्री वाहनों द्वारा श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें मिल रही हैं. यह ठीक नहीं. जम्मू मंदिरों का शहर है. हमें अतिथि देवो भव के भाव से सेवा करनी चाहिए. उन्होंने अपील की कि और संस्थाएं भी इस पुण्य कार्य में जुड़ें.
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पंजीकृत तिथि पर ही यात्रा करने की अपील की
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि किसी भी श्रद्धालु को उसकी पंजीकृत तिथि से पहले अमरनाथ यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी और उसने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी बारी का इंतजार करें और केवल उसी तिथि पर यात्रा करें जो उनके लिए निर्धारित की गई है. प्रशासन द्वारा जारी परामर्श में कहा गया है कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की प्रतिदिन अधिकतम संख्या तय कर दी गई है. परामर्श में कहा गया, ‘यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा के सुचारु संचालन के लिए इस दैनिक सीमा का पालन करना अनिवार्य है.'
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 30 घंटे तक प्रभावित रहेगी पानी की सप्लाई, इन इलाकों के लोग पहले से कर लें तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं