विज्ञापन

1-1 लाख की दो बाइक पर साढ़े सात लाख का जुर्माना, दोनों पर कुल 164 चालान, पुलिस ने सीज की गाड़ी

गुरुग्राम में विभिन्न इलाकों में चलाए जा रहे जांच अभियानों के दौरान बड़ी संख्या में बकाया चालानों वाली मोटरसाइकिलों को जब्त किया जा रहा है. जांच अभियान में दो मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया, उस पर 164 चालान पेंडिंग थे.

1-1 लाख की दो बाइक पर साढ़े सात लाख का जुर्माना, दोनों पर कुल 164 चालान, पुलिस ने सीज की गाड़ी
164 Pending Challan on Two Bike in Grugram
NDTV इंडिया ग्राफिक्स
  • गुरुग्राम में दो मोटरसाइकिल को ट्रैफिक पुलिस ने जब्त किया है.
  • जब्त होने के बाद पता चला दोनों बाइक पर 164 चालान लंबित थे.
  • एक पर 4.84 लाख और दूसरे पर 2.61 लाख रुपये का जुर्माना था.

यातायात नियमों का उल्लंघन करने और लंबे समय तक चालान न भरने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए जा रहे जांच अभियानों के दौरान बड़ी संख्या में बकाया चालानों वाली मोटरसाइकिलों को जब्त किया जा रहा है. अलग-अलग टीमों द्वारा चलाए गए जांच अभियान में दो मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया है, जिन पर कुल 164 चालान पेंडिंग पाए गए और जिनकी जुर्माना राशि 7 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है.

दो बाइक पर 164 चालान दर्ज

जांच के दौरान दोनों वाहन चालकों द्वारा जरूरी दस्तावेज नहीं दिखाए जाने और बड़ी संख्या में चालान लंबित होने पर पुलिस ने नियमानुसार दोनों बाइकों को जब्त कर निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवा दिया.

पहली कार्रवाई में ट्रैफिक पुलिस स्टेशन-1 के एसएचओ निरीक्षक लोकेश और उनकी टीम ने जांच के दौरान एक बाइक चालक से आवश्यक कागजात मांगे, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका. रिकॉर्ड जांचने पर बाइक पर 31 चालान लंबित मिले, जिनकी कुल जुर्माना राशि 4 लाख 84 हजार रुपये है. इनमें बिना हेलमेट और बिना बीमा वाहन चलाने जैसे उल्लंघन शामिल हैं.

दूसरी कार्रवाई में आर्टेमिस टी-पॉइंट पर जोनल ऑफिसर एसआई राजपाल की टीम ने जांच के दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल पकड़ी, जिस पर 133 चालान बकाया मिले और कुल जुर्माना राशि 2 लाख 61 हजार रुपये दर्ज की गई. इनमें बिना हेलमेट, बिना बीमा और रोड मार्किंग के उल्लंघन से जुड़े चालान शामिल हैं.

किस ट्रफिक नियम उल्लंघन पर कितना जुर्माना

सड़क सुरक्षा नियमों के तहत अलग-अलग उल्लंघनों के लिए जुर्माने की राशि निर्धारित की गई है. इसमें सबसे ज्यादा जुर्माना PUC सर्टिफिकेट पर है.

बिना हेलमेट सवारी: 1000 रुपये

बिना वैध बीमा वाहन चलाना: 2000 रुपये (दोहराने पर 4000 रुपये तक)

बिना वैध पीयूसी (PUC) प्रमाणपत्र: 10000 रुपये तक

बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना: 5000 रुपये

रेड लाइट जंपिंग या मोबाइल का इस्तेमाल: 5000 रुपये (दोहराने पर अधिक जुर्माना या लाइसेंस निलंबन संभव)

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और परिवहन या ई-चालान पोर्टल के माध्यम से लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें. बकाया चालान जमा किए बिना वाहन को छुड़ाना मुश्किल हो सकता है.

यह भी पढ़ें | सड़क पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी नहीं कर सकते ये काम, जान लीजिए अपने कानूनी अधिकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pending Challan, Gurugram, Traffic Challan, Traffic Challan Action, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com