विज्ञापन

10 हजार रुपये में ऐसे प्लान करें राजस्थान ट्रिप, किले, झीलें, रेगिस्तान और पहाड़ सब घूम लेंगे

अगर आप कम बजट में राजस्थान घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो सही रूट और स्मार्ट प्लानिंग के साथ सिर्फ 10,000 रुपये में जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर और उदयपुर जैसी शानदार जगहों की यादगार यात्रा कर सकते हैं.

10 हजार रुपये में ऐसे प्लान करें राजस्थान ट्रिप, किले, झीलें, रेगिस्तान और पहाड़ सब घूम लेंगे
10 हजार रुपये का बजट और पूरा राजस्थान, ऐसे करें स्मार्ट ट्रिप प्लान. ( Image: Unsplash)

राजस्थान का नाम सुनते ही आंखों के सामने ऊंचे-ऊंचे किले, सुनहरा रेगिस्तान, रंग-बिरंगी संस्कृति और स्वादिष्ट दाल-बाटी चूरमा की तस्वीर उभर आती है. कई लोग यहां घूमने का सपना तो देखते हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि इस शाही राज्य की यात्रा काफी महंगी होगी. अगर आप भी ऐसा सोचते हैं, तो ये खबर आपके लिए है. थोड़ी स्मार्ट प्लानिंग, पहले से टिकट बुकिंग और सही रूट चुनकर आप सिर्फ 10,000 रुपये के बजट में राजस्थान की कई शानदार जगहों का मजा ले सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे.

रेगिस्तान से आगे भी है राजस्थान

राजस्थान को सिर्फ रेत और गर्मी का राज्य मानना सही नहीं है. जुलाई से सितंबर के दौरान यहां अच्छी बारिश होती है और अरावली की पहाड़ियां हरियाली से भर जाती हैं. वहीं सर्दियों में कई जगह तापमान काफी नीचे चला जाता है. उदयपुर की खूबसूरत झीलें, जयपुर के महल, जोधपुर की नीली गलियां और जैसलमेर का सुनहरा किला हर शहर को खास बनाते हैं. अगर आप महंगे टूर पैकेज की जगह खुद अपनी यात्रा प्लान करें, तो खर्च काफी कम हो सकता है.

कम बजट में ऐसे करें ट्रिप की प्लानिंग

सबसे पहले आने और जाने की ट्रेन या बस की टिकट पहले से बुक कर लें. ठहरने के लिए होटल की जगह हॉस्टल चुनें, जहां 200 से 500 रुपये तक में एक रात रुकने की सुविधा मिल जाती है. यात्रा की शुरुआत जयपुर से करें. इसके बाद जोधपुर, जैसलमेर, माउंट आबू और उदयपुर का रूट चुन सकते हैं. एक शहर से दूसरे शहर जाने के लिए रात की बस या ट्रेन लें. इससे होटल का खर्च बचेगा और पूरा दिन घूमने के लिए मिलेगा.

शहर के हिसाब से कितना होगा खर्च

जयपुर में दो दिन रुककर हवा महल, आमेर किला और दूसरे प्रमुख पर्यटन स्थल देखे जा सकते हैं. यहां करीब 2,700 रुपये का खर्च आएगा. इसके बाद जोधपुर में एक दिन बिताएं, जहां मेहरानगढ़ किला और ब्लू सिटी का नजारा आपका दिल जीत लेगा. यहां करीब 1,300 रुपये खर्च होंगे.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Unsplash

जैसलमेर में दो दिन रुककर सोनार किला और सम सैंड ड्यून्स का अनुभव लें. यहां करीब 2,800 रुपये का बजट रखें. माउंट आबू में एक दिन घूमने पर करीब 500 रुपये खर्च होंगे. इसके बाद उदयपुर में दो दिन बिताकर झीलों और सिटी पैलेस का आनंद लें. यहां करीब 1,700 रुपये खर्च होंगे. अगर समय हो तो कुंभलगढ़ और चित्तौड़गढ़ की डे ट्रिप भी करें, जहां करीब 500-500 रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा.

समय कम हो तो ये जगहें छोड़ सकते हैं

अगर आपके पास ज्यादा छुट्टियां नहीं हैं, तो माउंट आबू, कुंभलगढ़ और चित्तौड़गढ़ को अपनी लिस्ट से हटा सकते हैं. इससे आपकी यात्रा छोटी भी हो जाएगी और खर्च भी कम रहेगा. सही प्लानिंग, पहले से बुकिंग और हॉस्टल में ठहरने का विकल्प चुनकर आप कम बजट में भी राजस्थान की शानदार संस्कृति, ऐतिहासिक किले, झीलें और रेगिस्तान का यादगार अनुभव ले सकते हैं.

ये भी पढ़ें: अमरनाथ यात्रा 2026 प्लान कर रहे हैं? जानें कब, कैसे और किस रूट से करें यात्रा,जाने से पहले पढ़ें पूरी गाइड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajsthan, Rajasthan Trip In Budget, Budget Friendly Trip
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com