भारतीय स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Lava ने अपना नया स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसका नाम Lava Virat Curve 5G रखा है. इसको 6,000mAh की बैटरी और प्रीमियम कलर के साथ पेश किया गया है. इस फोन की सबसे बड़ी यूएसपी इसके बैक पैनल पर लगा एक छोटा 'मिनी डिस्प्ले' है.
इसकी मदद से यूजर्स फोन को बिना अनलॉक किए ही सीधे पीछे की स्क्रीन पर नोटिफिकेशन देख सकते हैं. ये स्मार्टफोन MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर के साथ आता है. इसमें 120Hz के स्मूथ रिफ्रेश रेट वाली 3D कर्व्ड स्क्रीन दी गई है. आइए, आपको इसकी कीमत और बाकी के फीचर्स के बारे में बताते हैं.
Lava Virat Curve 5G की कीमत और उपलब्धता
भारतीय बाजार में Lava Virat Curve 5G के 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की आधिकारिक कीमत 23,999 रुपये रखी गई है. लेकिन लॉन्च ऑफर के तहत अलग-अलग बैंकों के डिस्काउंट्स का यूज करके कस्टमर्स इसे 19,999 रुपये की प्रभावी कीमत पर खरीद सकते हैं. ये स्मार्टफोन तीन प्रीमियम कलर्स में रिलीज किया गया है. इसको आप Ellora Slate, Heritage Indigo और Makrana Ivory कलर ऑप्शन में खरीद सकते हैं. इसकी पहली आधिकारिक सेल ई-कॉमर्स वेबसाइट Flipkart पर 28 सितंबर से शुरू होगी.
Lava Virat Curve 5G के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
ये स्मार्टफोन Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है. कंपनी ने इसके साथ 2 साल के बड़े OS अपग्रेड्स और पूरे 3 साल तक रेगुलर सिक्योरिटी अपडेट्स देने का वादा किया है. इसमें 6.67-इंच की फुल-एचडी+ (1,080x2,400 पिक्सल) 3D कर्व्ड एमोलेड (AMOLED) डिस्प्ले दी गई है. ये 120Hz रिफ्रेश रेट, 394ppi पिक्सल डेंसिटी, 100% DCI-P3 कलर गैमट और धूप में भी क्रिस्टल क्लियर व्यू के लिए 1,100 निट्स की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करती है.
फोन के बैक पैनल पर कैमरा मॉड्यूल के ठीक नीचे एक छोटी सेकेंडरी स्क्रीन दी गई है. इस स्क्रीन का इस्तेमाल यूजर समय देखने, चार्जिंग स्टेटस ट्रैक करना, म्यूजिक का वॉल्यूम कंट्रोल करना, इमोजी सेट करना और दूसरे जरूरी नोटिफिकेशन्स चेक करने जैसे काम कर सकते हैं. यानी इसके लिए आपको फोन खोलने की जरूरत नहीं है.
ये फोन 6nm फैब्रिकेशन पर बने MediaTek Dimensity 7100 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर काम करता है. इसे 6GB LPDDR5 रैम और 128GB की UFS 2.2 इन-बिल्ट स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है. इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर यूजर 6GB की एडिशनल वर्चुअल रैम का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
फोटो और वीडियो के लिए इसके बैक पैनल पर 50-मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है. सेल्फी और वीडियो चैट के लिए फ्रंट में स्क्रीन फ्लैश के साथ 13-मेगापिक्सल का कैमरा शामिल है. इस फोन में 6,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 45W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कंपनी रिटेल बॉक्स के भीतर ग्राहकों को 33W का चार्जर दे रही है. सिंगल चार्ज पर ये बैटरी 55 घंटे का टॉकटाइम, 720 घंटे का स्टैंडबाय टाइम और लगातार 660 मिनट (11 घंटे) का यूट्यूब वीडियो प्लेबैक देने का दावा करती है.
ये भी पढ़ें- iPhone 18 Pro खरीदने भारत से दुबई जा रहे लोग, बताया कितना पड़ रहा है सस्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं