iPhone 18 Pro Series को हाल ही में लॉन्च किया गया है. इसकी बिक्री भी पिछले हफ्ते से शुरू हो चुकी है. ज्यादातर लोगों के लिए नया फोन खरीदने का मतलब किसी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खरीदना या किसी ऑफलाइन स्टोर्स से इसको ऑर्डर करना है. हालांकि, नई रिपोर्ट चौंकाने वाली है. कई भारतीयों का iPhone प्रेम बिल्कुल अलग लेवल पर चला गया है. वे नए आईफोन को खरीदने के लिए सीधे दुबई पहुंच गए.
गल्फ न्यूज के अनुसार, भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में नए iPhone 18 Pro और Pro Max की कीमतों में काफी ज्यादा अंतर है. जिसकी वजह से कई खरीदार पैसे बचाने के लिए दुबई जाकर इसको खरीद रहे हैं. दिलचस्प बात है कि उसी कीमत में दुबई जाने-आने का हवाई किराया और रहने का रेंट भी शामिल हैं.
18 सितंबर से शुरू हुई iPhone 18 Pro और Pro Max की बिक्री
खबर के अनुसार, 18 सितंबर को दुबई मॉल के एप्पल स्टोर पर नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की बिक्री शुरू हुई. लॉन्च के दिन उमड़ी भीड़ में भारतीय खरीदार भी बढ़-चढ़कर शामिल थे. वैसे तो ज्यादातर खरीदार यूएई के ही निवासी थे, लेकिन कई भारतीय खरीदार भी अपनी शॉपिंग लिस्ट में नए iPhone के साथ खासतौर पर दुबई पहुंचे थे. मुंबई के रहने वाले अमन सोलंकी के लिए ये गणित बिल्कुल सीधा और सरल था. उन्होंने बताया कि फ्लाइट टिकट और वीजा के खर्च को जोड़ने के बाद भी दुबई से फोन खरीदना उन्हें भारत के मुकाबले काफी सस्ता पड़ा.
अमन सोलंकी ने गल्फ न्यूज को बताया, "हवाई टिकट और वीजा के खर्च के बावजूद, भारत की तुलना में मेरे लिए दुबई से iPhone खरीदना काफी सस्ता है. भारत में अतिरिक्त और भारी टैक्स के कारण यह फोन बहुत महंगा हो जाता है." उन्होंने आगे कहा, "मेरे लिए, भारत में ये फोन दुबई के मुकाबले करीब 50,000 से 60,000 रुपये अधिक महंगा है. मैं अपने परिवार के लिए दो और फोन भी खरीद रहा हूँ, जो सभी iPhone प्रो मैक्स हैं. इसी बात को ध्यान में रखकर मैं दुबई आया हूँ."
कीमत अंतर के कारण शुरू हुआ सफर
दुबई (UAE) में एप्पल के iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत Dh5,099 (लगभग 1.33 लाख रुपये) है. जबकि iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत Dh5,499 (लगभग 1.43 लाख रुपये) रखी गई है. ये दोनों ही मॉडल्स 256GB से लेकर 2TB तक के बड़े स्टोरेज ऑप्शन्स में उपलब्ध हैं. इसके उलट भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये और Pro Max की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये है.
यदि एक्सचेंज रेट के हिसाब से देखें, तो यूएई में प्रो मॉडल की शुरुआती कीमत भारत के मुकाबले लगभग 33 हजार रुपये कम बैठती है. वहीं प्रो मैक्स के लिए, यूएई की कीमत भारतीय दाम से लगभग 38 हजार रुपये कम है. ये अंतर तब और भी ज्यादा फायदेमंद हो जाता है जब कोई ग्राहक एक से अधिक फोन खरीद रहा हो.
केरल के रहने वाले मोहम्मद सैयद एक और ऐसे भारतीय खरीदार थे जिन्होंने फोन खरीदने से पहले दोनों देशों के बाजारों की कीमतों की अच्छे से तुलना की थी. सोलंकी के विपरीत, सैयद पहले से ही अपने परिवार से मिलने के लिए दुबई में मौजूद थे. लेकिन कीमतों को देखने के बाद, उन्होंने फैसला किया कि नया iPhone भी उनके साथ भारत वापस जाएगा.
उन्होंने गल्फ न्यूज से कहा, "मैं वास्तव में यहां अपने परिवार से मिलने आया था, लेकिन यूएई और भारत के बीच कीमतों की तुलना करने के बाद मैंने इसे यहीं से खरीदने का फैसला किया. नए iPhone पर मेरी करीब 30 हजार रुपये तक की सीधी बचत हो रही है. भारत में टैक्स सचमुच कीमत को बहुत बढ़ा देते हैं."
ये भी पढ़ें- 7000mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले.. देसी कंपनी का बजट स्मार्टफोन लॉन्च, जानें कीमत-ऑफर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं