भारत में ChatGPT इस्तेमाल करने वाले लाखों यूजर्स को अब पहली बार अपनी बातचीत के दौरान विज्ञापन दिखाई देने वाले हैं. OpenAI ने अपने हाल ही में शुरू किए गए Ad प्रोग्राम को भारत में भी पेश कर दिया है. OpenAI ने बताया कि ChatGPT Ads अब 18 साल से अधिक उम्र वाले उन सभी यूजर्स को दिखाई देंगे, जो Free और Go प्लान इस्तेमाल कर रहे हैं.
कंपनी के अनुसार, ChatGPT Plus, Pro, Business, Enterprise और Education जैसे पेड प्लान लेने वाले यूजर्स को विज्ञापन नहीं दिखेंगे. कंपनी के मुताबिक, मेंटल हेल्थ और पॉलिटिक्स जैसे संवेदनशील या कंट्रोल सब्जेक्ट से जुड़ी बातचीत के साथ भी विज्ञापन नहीं दिखाए जाएंगे. अमेरिका और यूरोप की तरह ChatGPT में दिखने वाले विज्ञापनों पर Sponsored का लेबल होगा.
"विज्ञापनों का AI के जवाबों पर नहीं पड़ेगा असर"
ये विज्ञापन AI के जवाब के नीचे तभी दिखाई देंगे, जब उससे जुड़ा कोई Sponsored Product या सर्विस उपलब्ध होगा. हालांकि, OpenAI का कहना है कि ChatGPT में दिखने वाले विज्ञापनों का AI के जवाबों पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
कंपनी के मुताबिक, इस कदम से भारतीय बिजनेस लोगों तक पहुंचने का नया मौका मिलेगा. खासतौर पर जब वे किसी ऑप्शन की तलाश कर रहे हों, अलग-अलग चीजों की तुलना कर रहे हों या किसी फैसले तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हों.
OpenAI ने ये भी कहा कि विज्ञापन से होने वाली कमाई उसे फ्री और बजट फ्रेंडली AI टूल्स में लगातार निवेश करने में मदद करेगी. आपको बता दें कि भारत में ChatGPT के 10 करोड़ से ज्यादा वीकली एक्टिव यूजर्स हैं. भारत उन शुरुआती बाजारों में भी शामिल था, जहां ChatGPT Go को लॉन्च किया गया था. इसकी कीमत 399 रुपये प्रति महीने है और एक लिमिटेड प्रमोशनल ऑफर के तहत एलिजिबल यूजर्स को इसे एक साल के लिए फ्री इस्तेमाल करने का मौका दिया गया था.
ChatGPT में विज्ञापनों की टेस्टिंग सबसे पहले फरवरी 2026 में अमेरिका में शुरू हुई थी. Microsoft Copilot और Google AI Overviews में भी विज्ञापन दिखाई देते हैं. इससे पता चलता है कि AI के दौर में भी विज्ञापन कमाई का एक अहम जरिया बने हुए हैं. हालांकि, Anthropic इसका एक बड़ा अपवाद है. Claude बनाने वाली कंपनी ने कहा है कि उसका AI चैटबॉट ऐड-फ्री रहेगा.
भारत में OpenAI का Ads मॉडल
OpenAI ने बताया कि उसने विज्ञापन एजेंसियों WPP और Omnicom के साथ पार्टनरशिप की है. इसके तहत इस हफ्ते से भारत में ChatGPT यूजर्स को 50 से ज्यादा ब्रांड्स के विज्ञापन दिखाई देने शुरू होंगे. हालांकि, ये Exclusive नहीं है और OpenAI आने वाले समय में दूसरी एजेंसियों के साथ भी काम करेगा.
ChatGPT पर विज्ञापन देने वाले बिजनेस के लिए OpenAI ने सेल्फ-सर्व ऐड्स मैसेजर भी शुरू करने वाला है. ये 4 सितंबर 2026 से उपलब्ध होगा. इसके तहत सभी साइज के बिजनेस इसमें साइन अप कर सकेंगे और विज्ञापन का रोजाना बजट 725 रुपये से शुरू होगा.
ये भी पढ़ें- Apple ने भेजा न्योता! इस दिन होगा कंपनी का सबसे बड़ा इवेंट, iPhone 18 Pro समेत ये डिवाइस हो सकते लॉन्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं