- कैबिनेट ने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है
- लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को यह मुफ्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी
- इसमें सम्मान के लिए नया निगम बनेगा, जो संतान की अवहेलना पर संपत्ति से बेदखली की प्रक्रिया सरल करेगा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट में 24 प्रस्ताव पारित किए गए. इसमें सबसे बड़ा फैसला 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में मु्फ्त यात्रा का रहा. इसका लाभ प्रदेश की करीब एक करोड़ महिलाओं को मिल सकेगा. रोजाना 88 हजार से एक लाख तक महिलाएं इस योजना का फायदा उठाती हैं तो हर महीने इस पर 22.5 करोड़ का खर्च आएगा. सरकार का कहना है कि यह पहल मथुरा वृंदावन, प्रयागराज, वाराणसी जैसे तीर्थस्थलों को घूमने जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं को फायदा पहुंचाएगी. फिलहाल सिर्फ आधार कार्ड दिखाकर बुजुर्ग महिलाएं बस में मुफ्त यात्रा कर पाएंगी. बाद में स्पेशल स्मार्ट कार्ड बनेगा.
बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा: सीएम योगी
परिवहन निगम ऐसी बुजुर्ग महिलाओं की सुविधा के लिए स्पेशल स्मार्ट कार्ड जारी करेगा. सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का बुधवार को रक्षाबंधन के ठीक एक दिन पहले लॉन्च किया. यूपी में 60 साल और उससे अधिक आयु की महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा के लिए विशेष बसों को हरी झंडी दिखाई. महिलाओं ने एनडीटीवी से बातचीत करते हुए कहा कि इस बस से वो मथुरा वृंदावन अयोध्या काशी जाएंगी. औरतें जीवन भर दूसरों की सेवा करती है अब कम से कम अपने मन से घूम पाएंगी.
'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ हेतु लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में...https://t.co/V1JuyxMz5r
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 26, 2026
निशुल्क बस यात्रा में कैसे करें आवेदन
यह बीजेपी के लोक कल्याण संकल्प पत्र-2022 के प्रमुख वादों में से एक था.स्मार्ट कार्ड बनने तक या प्रारंभिक दिनों में बस कंडक्टर या टिकट बुकिंग सेंटर पर आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड दिखाकर 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं का सत्यापन कराया जा सकता है.फिर परिवहन निगम के जरिये स्मार्ट कार्ड बनवाया जा सकता है.
लोकमाता अहिल्याबाई निशुल्क बस यात्रा लॉन्च
सीएम योगी ने मौके पर कहा, हम लोगों ने इस योजना का नाम लोकमाता अहिल्याबाई निशुल्क बस यात्रा रखा है. लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का महिला स्वावलंबन में बहुत बड़ा नाम है. जब ये देश मुगल आक्रांताओ के अराजकता की चपेट में था,उस समय लोकमाता अहिल्याबाई ने न केवल सुसाशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के साथ ही, बल्कि भारत के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ ही महिला स्वावलंबन का एक आदर्श उदाहरण पेश किया था. बुजुर्ग महिलाओं को इलाज, धार्मिक यात्रा, परिवार से मुलाकात और अन्य कामकाज के लिए अब प्रदेश में कहीं भी आवाजाही आसान होगी.
माता-पिता का अपमान तो घर से बेदखल होंगे बच्चे
कैबिनेट ने मां-बाप और सीनियर सिटीजंस की बुढ़ापे में देखभाल से जुड़ा बड़ा फैसला लिया है. उनकी देखभाल के लिए निगम बनाया जाएगा. कोई बेटा या बेटी अगर अपने मां-बाप की देखभाल नहीं करता है तो उन्हें संपत्ति से बेदखल करने की कार्रवाई होगी.शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर जारी होगा. अगर आदेश के बावजूद मां-बेटे संपत्ति खाली नहीं करते हैं तो जिला प्रशासन 30 दिन में एक्शन लेगा.
गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक विस्तार
गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ से हरिद्वार तक विस्तार दिया जाएगा. यूपी अपने खर्च से उत्तराखंड में आने वाला 30 किलोमीटर का पैच भी बनाएगा. बिजनौर से हरिद्वार तक एक्सप्रेसवे का एक्सटेंशन होगा. लगभग 100 किलोमीटर यूपी में और 30 किलोमीटर उत्तराखंड में आएगा. उत्तराखंड से एमओयू होगा और जितना टोल होगा वो यूपी सरकार को मिलेगा.
यूपी कैबिनेट के बड़े फैसले
- 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं की निशुल्क बस यात्रा के लिए लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना को मंजूरी
- यूपी में 250 इलेक्ट्रिक बस खरीदने के लिए 425 करोड़ रुपये का खर्च कैबिनेट ने पास किया
- सुल्तानपुर में 272 करोड़ से बनेगा इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर
- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के करीब होगा औद्योगिक क्लस्टर, कैबिनेट ने अवस्थापना विकास के प्रस्ताव को दी मंजूरी
- उन्नाव, लखीमपुर समेत 8 शहरों में औद्योगिक कॉरिडोर बनाए जाएंगे, सुल्तानपुर में IMLC का विकास
- छात्रवृत्ति के लिए बचे 316000 छात्रों को आवेदन की अनुमति, 591 करोड़ रुपये का खर्च आएगा.
- गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक बढ़ाने को मंजूरी, 10761 हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा
- झांसी लिंक एक्सप्रेसवे को भी मंजूरी दी गई, 7968 करोड़ का खर्च, बुंदेलखंड से दिल्ली तक कनेक्टिविटी
ये भी पढ़ें - गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार को UP कैबिनेट की मंजूरी, मेरठ-मुजफ्फरनगर से अमरोहा-बिजनौर तक मौज, हरिद्वार तक सफर
ये भी पढ़ें - यूपी सरकार का छात्रों को 25 लाख फ्री टैबलेट देने का ऐलान, जानें किसे और कैसे मिलेंगे, पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं