विज्ञापन

Ai+ Nova 2 Power: बजट में बड़ी बैटरी लेकिन फोन में कितना दम? पढ़ें पूरा रिव्यू

अगर आप लिमिटेड बजट में एक स्मार्टपोन खरीदना चाह रहे हैं तो आपके लिए एक ऑप्शन बनकर Ai+ Nova 2 Power भी उभरा है. इसको हमने कई दिन इस्तेमाल किया और इसका रिव्यू यहां पर बता रहे हैं.

Ai+ Nova 2 Power: बजट में बड़ी बैटरी लेकिन फोन में कितना दम? पढ़ें पूरा रिव्यू
Ai + Nova Power
NDTV Graphics

Ai+ ने हाल ही में अपना Nova 2 Power 5G फोन लॉन्च किया है. एक तरफ लगातार चिप की बढ़ती कीमत से स्मार्टफोन के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसे में 17 हजार से कम में इस फोन को उतार कर कंपनी ने बजट मोबाइल खरीदने वालों को टारगेट किया है. नया स्मार्टफोन खरीदते समय अब केवल कैमरा और प्रोसेसर ही नहीं, बल्कि बैटरी बैकअप, डिस्प्ले और डेली के इस्तेमाल में फोन की परफॉर्मेंस भी मायने रखती है. हम इस फोन को लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं और यहां पर आपको इसका पूरा रिव्यू बता रहे हैं. इससे आप जान पाएंगे कि इस फोन को खरीदना क्या आपके लिए सही रहेगा?

Ai+ Nova 2 Power की कीमत

Ai+ Nova 2 Power 5G को 6GB और 8GB RAM वाले दो वेरिएंट में पेश किया गया है. दोनों में 128GB की इंटरनल स्टोरेज मिलती है. इसके 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 16,999 रुपये है. जबकि 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 17,999 रुपये है. हालांकि, अभी चल Flipkart BBD सेल में आपको इसको और भी कम दाम में खरीद सकते हैं. यानी आप लगभग 16 हजार रुपये में इसको घर ला सकते हैं. लेकिन, क्या ये फोन अपनी कीमत को जस्टिफाई करती है? आइए जानते हैं.

Ai+ Nova 2 Power: डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी

Ai+ Nova 2 Power के पिछले हिस्से में अलग डिजाइन वाला कैमरा मॉड्यूल मिलता है. इसमें दो कैमरा लेंस, LED फ्लैश और NxtHalo Ambience Light दी गई है. ये लाइट कॉल, नोटिफिकेशन और चार्जिंग जैसी एक्टिविटी के लिए साइन देती है. इस फोन के पिछले हिस्से पर ग्लॉसी फिनिश दी गई है, जो रोशनी के हिसाब से थोड़ी अलग रंग में दिखाई देती है.  हालांकि, इस फिनिश की वजह से इस पर आसानी से उंगलियों के निशान पड़ सकते हैं. अच्छी बात है कि कंपनी इसके साथ ट्रांसपेरेंट बैक कवर देती है, जिसे लगाकर आप फोन को प्रोटेक्ट और स्क्रैच पड़ने से बचा सकते हैं. 

इस फोन का वजन 222 ग्राम है. इसका कारण इसकी बड़ी बैटरी है. हालांकि, इसकी वजह से लंबे समय तक एक हाथ से फोन इस्तेमाल करने वालों को यह भारी लग सकता है. मुझे पर्सनली वजन थोड़ा सा फील हुआ. लेकिन इस बजट में इससे ज्यादा उम्मीद भी नहीं की जा सकती है. पानी और धूल से सुरक्षा से देने के लिए इसे IP65 रेटिंग मिली है. हालांकि, इसको पूरी तरह से वाटरप्रूफ न माने. 

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें | लौट रहा है आपका पहला प्यार! Orkut के फाउंडर ने शुरू की वापसी की मुहिम, लाखों लोग जुड़े

Ai+ Nova 2 Power: डिस्प्ले और परफॉर्मेंस

Ai+ Nova 2 Power में 6.75 इंच का IPS LCD डिस्प्ले मिलता है. इसका रिजॉल्यूशन 720 × 1600 पिक्सल है. इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और हाई-ब्राइटनेस मोड में 450 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस दी गई है. 120Hz रिफ्रेश रेट का फायदा स्क्रॉलिंग, सोशल मीडिया चलाने और ऐप्स के बीच स्विच करने के दौरान दिखता है. स्क्रीन ज्यादा स्मूद दिखाई देती है. हालांकि, इस कीमत पर फोन में Full HD+ डिस्प्ले की उम्मीद थी लेकिन HD+ रिजॉल्यूशन मिलने से थोड़ी निराशा हाथ लगी. पीक ब्राइटनेस मोड में भी फोन को तेज धूप में इस्तेमाल करने पर आपको स्क्रीन देखने में थोड़ी-सी दिक्कत आ सकती है.

इस फोन में MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर दिया गया है. ग्राफिक्स के लिए इसमें Mali-G610 GPU मिलता है. 8GB तक मैक्सिमम RAM के अलावा इसमें 128GB तक की इंटरनल स्टोरेज है. हालांकि, अच्छी बात है कि इसको बढ़ाया जा सकता है. रोजमर्रा के काम, जैसे WhatsApp, सोशल मीडिया, वेब ब्राउजिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और मल्टीटास्किंग इससे आसानी से हो जाती है. लेकिन, गेमिंग के दौरान आपको हीट फील होगा. लेकिन, फिर बजट वाली बात आ जाती है. इस प्रोसेसर के साथ आप छोटे-मोटे गेम खेल सकते हैं लेकिन CODM, BGMI जैसे हैवी गेम स्मूदली खेलने के लिए आप इसे इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं.

Ai+ Nova 2 Power में Android 16 पर आधारित nxtQ OS मिलता है. मुझे ये ऑपरेटिंग सिस्टम काफी पसंद आया. इससे आप फालतू के थर्ड पार्टी ऐप्स नहीं मिलते हैं. एक्सपीरियंस काफी स्मूद और क्लीन रहा. 

Ai+ Nova 2 Power: कैमरा 

Latest and Breaking News on NDTV

Ai+ Nova 2 Power में पीछे की तरफ दो कैमरे दिए गए हैं. इसका प्राइमरी कैमरा 48MP का है. इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 13MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है. दिन के समय फोन के साथ डिसेंट फोटो ली जा सकती है. हालांकि, वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान फोन का हीट होना परेशान करता है. इस बजट में आप बहुत ज्यादा शार्प फोटो की उम्मीद इससे नहीं कर सकते हैं. सेल्फी कैमरा एवरेज है. रात के समय फोटो लेते समय फोन के कैमरे संघर्ष करते हैं. 

Ai+ Nova 2 Power: बैटरी और कनेक्टिविटी

Ai+ Nova 2 Power में 7,000mAh की बैटरी दी गई है. फोन 33W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है. अच्छी बात है कि बॉक्स में ही 33W का चार्जर, USB Type-A से Type-C केबल, ट्रांसपेरेंट कवर और SIM इजेक्टर टूल मिलता है. फोन का सबसे प्लस प्वाइंट बैटरी ही फैक्टर है. ये उनके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकता है जो फोन को एक बार चार्ज करके पूरे दिन चलाना चाहते हैं. खासतौर पर ट्रैवलिंग के दौरान ये आपके काफी काम आ सकता है. एक बार चार्ज करने पर ये डेढ़ दिन आसानी से निकाल ले जाती है. हालांकि, फुल चार्ज होने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लगता है.

इस फोन में 5G SA/NSA सपोर्ट, डुअल 4G VoLTE, Wi-Fi 5, Bluetooth 5.4, GPS, GLONASS, BeiDou और USB Type-C पोर्ट मिलता है. इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है. स्पीकर भी इसकी खासियत है. फ्रंट ग्रिल स्पीकर होने की वजह से इससे काफी लाउड और साफ आवाज आती है. 

क्या Ai+ Nova 2 Power खरीदना चाहिए?

Ai+ Nova 2 Power 5G की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,000mAh बैटरी है. इसके साथ Dimensity 7100 प्रोसेसर, 120Hz डिस्प्ले, 5G कनेक्टिविटी और अल्ट्रा-वाइड कैमरा इसे इस कीमत में एक बढ़िया ऑप्शन बनाते हैं. अगर आपकी प्रॉयोरिटी बैटरी, बढ़िया स्पीकर और डेली यूज के लिए ठीक-ठाक काम करने वाला फोन है तो आप इसके साथ जा सकते हैं. इस बजट में ये एक बढ़िया ऑप्शन है. लेकिन, अगर आप बढ़िया कैमरा और डिस्प्ले वाला फोन चाह रहे हैं तो आप थोड़ा बजट बढ़ाकर दूसरे फोन की ओर देख सकते हैं.

यह भी पढ़ें | Airtel के एक रिचार्ज से चलेंगे पति-पत्नी और बच्चों के SIM, साथ में अनलिमिटेड डेटा-कॉल और OTT फ्री

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Smartphone, Smartphone Review, AI, AI Nova 2 Power 5G
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com