विज्ञापन

9999 रुपये में आ गया सस्ता फोन, AI फीचर्स से लैस, Flipkart पर होगी बिक्री

HMD ने भारत में 9,999 रुपये की बजट कीमत पर अपना नया 4G स्मार्टफोन HMD Rise लॉन्च कर दिया है. इसमें 5,000mAh बैटरी, 13MP कैमरा और दूसरे दमदार फीचर्स मिलते हैं.

9999 रुपये में आ गया सस्ता फोन, AI फीचर्स से लैस, Flipkart पर होगी बिक्री
HMD Rise
Flipkart

भारतीय मोबाइल बाजार के बजट सेगमेंट में अपना दबदबा मजबूत करने के लिए HMD ने अपना 4G स्मार्टफोन HMD Rise लॉन्च कर दिया है. डुअल-टोन डिजाइन वाले इस खूबसूरत फोन की सबसे बड़ी यूएसपी इसका बेहद कम दाम और इसमें मिलने वाला खास AI सपोर्ट है. इस फोन में 5,000mAh की बड़ी बैटरी, 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और सबसे खास बात कि 22 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करने वाला स्वदेशी AI प्लेटफॉर्म दिया गया है. 

HMD Rise की भारत में कीमत और उपलब्धता

HMD ने इस बजट फोन को केवल एक ही वेरिएंट में उतारा है, जो 4GB RAM और 64GB स्टोरेज के साथ आता है. भारत में इसकी कीमत मात्र 9,999 रुपये रखी गई है. आपको बता दें कि यह एक स्पेशल लॉन्च प्राइस है, जो केवल सेल के पहले दिन के लिए ही लागू रहेगी. ये फोन भारत में 2 दिसंबर से ई-कॉमर्स वेबसाइट Flipkart के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. ग्राहक इस स्मार्टफोन को तीन प्रीमियम कलर ऑप्शन्स में खरीद सकेंगे. इनमें Emerald Gold, Indigo Silver और Midnight Gold शामिल हैं.

HMD Rise के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स

HMD Rise में 6.51-इंच का बड़ा डिस्प्ले दिया गया है, जिसके ऊपरी हिस्से में बीचों-बीच सेल्फी कैमरे के लिए वॉटरड्रॉप-स्टाइल नॉच मिलता है. ये फोन गूगल के हल्के और फास्ट Android 16 Go एडिशन पर काम करता है. कंपनी इस बजट फोन के साथ दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट्स देने का वादा कर रही है. बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इसमें ऑक्टा-कोर Unisoc 9863A प्रोसेसर दिया गया है, जिसे 4GB रैम और 64GB की इंटरनल स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है. आप माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से इसकी स्टोरेज को 128GB तक बढ़ा सकते हैं.

इसमें Indus by Sarvam AI प्लेटफॉर्म मिलता है. ये खास असिस्टेंस भारत की 22 स्थानीय भाषाओं को सपोर्ट करता है, जिससे देश के किसी भी कोने में रहने वाले लोग अपनी मातृभाषा में फोन से बातचीत कर सकते हैं और इसका उपयोग कर सकते हैं. इसके साथ ही, यूजर्स की सुरक्षा के लिए इस डिवाइस में सरकार के आधिकारिक Sanchar Saathi पोर्टल का डायरेक्ट एक्सेस भी दिया गया है.

फोटोग्राफी की बात करें तो इसके बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसका प्राइमरी कैमरा 13-मेगापिक्सल का है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसके फ्रंट में 5-मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है. इस फोन में 5,000mAh की बैटरी दी गई है. अच्छी बात ये है कि फोन के बॉक्स के अंदर ही चार्जिंग एडाप्टर भी मिलता है, जिससे आपको अलग से चार्जर खरीदने का एक्स्ट्रा खर्च नहीं उठाना पड़ेगा. कनेक्टिविटी के लिए इसमें USB Type-C चार्जिंग पोर्ट और पुराने ईयरफोन्स को कनेक्ट करने के लिए 3.5mm का हेडफोन जैक भी दिया गया है.

यह भी पढ़ें | 5G भूल जाइए! यहां शुरू हो गया 6G का ट्रायल, स्पीड से लेकर टेक्नोलॉजी तक में दिखेंगे ये बदलाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
HMD Rise, HMD Rise 4G, HMD Rise Price, Smartphone
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com