जर्मनी की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी स्टेफनी मारिया ग्राफ ने अपने शानदार करियर में न सिर्फ 22 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते, बल्कि अपने खेल से पूरी दुनिया में करोड़ों प्रशंसकों को भी प्रेरित किया. उनके चाहने वालों में गुजरात के निवासी दीपकभाई कनाबर भी शामिल रहे हैं. यही वजह थी कि जब साल 2011 में उनके घर बेटी का जन्म हुआ, तो दीपकभाई के मन में इसे लेकर कोई संदेह नहीं था कि उनकी बेटी टेनिस ही खेलेगी. उन्होंने शुरू से ही अपनी बेटी को उसी खेल की ओर प्रोत्साहित किया, जिसे वे खुद वर्षों से पसंद करते आए थे. पेशे से शिक्षक दीपकभाई ने साढ़े तीन साल की उम्र में ही बेटी को टेनिस की कोचिंग के लिए स्थानीय जूनागढ़ स्थित जिमखाना भेजना शुरू कर दिया.
आज उस बेटी ने इतिहास रच दिया है. शनिवार को W15 कोलकाता टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाकर जेन्सी कनाबर ने इतिहास रच दिया है. वह प्रोफेशनल सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय महिला बन गई हैं. गुजरात की इस किशोरी ने सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सानिया मिर्जा ने 2002 में हैदराबाद में हुए एक ITF इवेंट में 15 साल और 10 महीने की उम्र में प्रोफेशनल सिंगल्स फाइनल में जगह बनाई थी.
14 वर्षीय खिलाड़ी ने फाइनल में शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की मुसेम्मा सिलेक को 3-6, 6-4, 6-1 से हराया. 3-6, 0-2 से पिछड़ने के बाद, कनाबर ने गजब का संयम और मानसिक मजबूती दिखाई. उन्होंने न केवल शारीरिक रूप से मजबूत प्रतिद्वंद्वी को मात दी.
कौन हैं जेन्सी कनाबर
स्पोरस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, तेजी से उभरती हुईं टेनिस खिलाड़ियों में से एक जेन्सी कनाबर, के पिता एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं,दो 11वीं-12वीं के बच्चों को केमेस्ट्री पढ़ाते हैं. जेन्सी के पिता, स्टेफनी ग्राफ के फैंन तो यह टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच, स्टेफी ग्राफ और इगा स्विएटेक को अपना आर्दश मानती हैं. उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर रैंकिंग में तेजी से जगह बनाई है. उनके प्रतिस्पर्धी सफर में पहले ही कई अहम खिताब शामिल हो चुके हैं. 14 सितंबर को, 14 वर्षीय खिलाड़ी ने ITF जूनियर रैंकिंग के टॉप 50 में अपनी जगह बनाई थी.
दिलचस्प बात यह है कि जेन्सी कनाबर स्वाभाविक रूप से राइट-हैंडेड हैं, लेकिन टेनिस कोर्ट पर वह लेफ्ट-हैंडेड खिलाड़ी के तौर पर खेलती हैं. पहली कोचिंग में कोच ने बॉल फेंकने को कहा, उन्होंने बाएं हाथ से फेंका और वो ज़्यादा दूर गया, तो कोच ने मान लिया कि वो बाएं हाथ की हैं. उसी गलती ने उन्हें भारत की दुर्लभ बाएं हाथ की खिलाड़ी बना दिया - जो अब उनका बड़ा हथियार है.
रिपोर्ट के अनुसार, 2019 में, जब वह आठ साल की थी और कुछ स्थानीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी थी, तब जेन्सी ने अपना पहला राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट खेला -राजकोट में आयोजित एक U12 AITA इवेंट था. इसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा.
लेकिन जल्द ही, दुनिया में COVID-19 महामारी आ गई, जिससे टूर्नामेंट बंद हो गए और जेन्सी के पास केवल जिमखाना में ट्रेनिंग करना ही बच. इस दौर ने दीपकभाई को अपनी बेटी का करियर संवारने के लिए एक बड़ा कदम उठाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक जमीन किराए पर ली और 2022 में उसे दो क्ले कोर्ट (मिट्टी के कोर्ट) में बदल दिया. जेन्सी इसी क्ले कोर्ट पर आज ही ट्रेनिंग करती हैं.
इस साल जनवरी में जेन्सी ने 'ऑस्ट्रेलियन ओपन एशिया-पैसिफिक एलीट अंडर-14 ट्रॉफी' जीतकर महाद्वीप के उभरते हुए जूनियर खिलाड़ियों में अपनी जगह पक्की कर ली थी. उनकी इस उपलब्धि को देखते हुए, जूनागढ़ के तत्कालीन कलेक्टर अनिल रानावसिया ने एक विशेष घोषणा की.
रिपोर्ट के अनुसार, दीपकभाई बताते हैं,"जब जेन्सी ऑस्ट्रेलिया में खिताब जीतकर वापस लौटीं, तो हमारे कलेक्टर ने स्थानीय जिमखाना के टेनिस कोर्ट्स का नाम बदलकर 'कुमारी जेन्सी कनाबर टेनिस कोर्ट्स' रख दिया."
कुछ महीनों बाद, जेन्सी ने भारतीय टेनिस के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया. अप्रैल में दिल्ली में हुए W15 टूर्नामेंट में, वह किसी सीनियर प्रोफेशनल इवेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय महिला बन गईं. उन्होंने सानिया मिर्जा का रिकॉर्ड लगभग दो सप्ताह के अंतर से तोड़ दिया.
तब से वह जूनियर सर्किट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं. दो महीने पहले अस्ताना में हुए J200 टूर्नामेंट में अपने करियर का सबसे बड़ा खिताब जीतने के बाद, वह जूनियर सर्किट की टॉप 100 खिलाड़ियों में शामिल हो गईं थी. इसके बाद J300 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचने के बाद, वह टॉप 50 खिलाड़ियों में आ गईं थीं.
जेन्सी कनाबर की उपलब्धियां
सितंबर 2025: 13 साल की उम्र में जूनियर डेब्यू पर ही ITF J30 अहमदाबाद जीता, टॉप सीड को हराया.
सितंबर 2025: मनीला में एशियन U-14 चैंपियनशिप जीती.
नवंबर 2025: ITF J60 गुवाहाटी (U-18 इवेंट) जीता
30 जनवरी 2026: ऑस्ट्रेलियन ओपन एशिया-पैसिफिक एलीट 14 & अंडर ट्रॉफी जीतने वाली पहली भारतीय लड़की. फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की मुसेम्मा चिलेक को 3-6, 6-4, 6-1 से हराया, दूसरे सेट में 0-2 से पिछड़ने के बाद.
सितंबर 2026: J200 अस्ताना ओपन जीता - सबसे बड़ा जूनियर खिताब, जापान की नात्सुकी इरोकावा को 6-2, 3-6, 6-2 से हराया
28 नवंबर 2026 - आज: सानिया मिर्ज़ा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा! ITF W15 कोलकाता के फाइनल में पहुंचीं, फ्लोरेंटाइन डेकर्स को 6-1, 6-0 से हराया. 14 साल 11 महीने की उम्र में वो प्रो सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा भारतीय महिला बन गईं. सानिया ने ये 15 साल 10 महीने की उम्र में किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं