- लोक सभा के विशेष सत्र में पेश होने वाले परिसीमन बिल को डीएमके और एनसीपी शरद पवार गुट समर्थन करने जा रही है.
- दोनों दल पहले परिसीमन बिल पर सरकार के खिलाफ थे. लेकिन बीते 8-10 महीनों में दोनों दलों ने यू-टर्न लिया है.
- एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय की कोशिशों के बावजूद विलय नहीं हो सका, फिर भी शरद पवार ने सरकार का समर्थन किया.
सोमवार को जब लोक सभा का विशेष सत्र शुरू होगा तो मोदी सरकार एक नए अंदाज में नजर आएगी. नीट पेपर लीक के बाद छात्र आंदोलन और कथित वोट चोरी को लेकर विपक्ष के आंदोलन के बाद पिछले कुछ महीनों से बनी नकारात्मकता के माहौल से दूर होकर सरकार आत्मविश्वास से सराबोर नजर आएगी. वह एक असंभव दिखने वाले काम को अंजाम देने वाली है. इसी साल अप्रैल में जो बिल 54 वोटों से गिर गया, उसके अब पारित होने के आसार हैं. जिन दलों के विरोध के कारण मोदी सरकार का पिछले बारह वर्षों में पहली बार कोई बिल संसद में गिरा, अब वे इस बिल का समर्थन करने जा रहे हैं.
एक साल से चल रही थी DMK से बातचीत
हालांकि सरकार ने डीएमके से बातचीत का दरवाजा करीब एक साल पहले ही खोल लिया था. लेकिन तमिलनाडु विधानसभा चुनाव नजदीक देख कर डीएमके अपने रुख में किसी भी तरह की नरमी लाने को तैयार नहीं था. सरकार ने मध्यस्थों के जरिए यह संदेश दिया था कि वह लोक सभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी को लेकर डीएमके की चिंता का समाधान करने को तैयार है.
तब विस चुनाव को लेकर तैयार नहीं हुई थी DMK
यह पेशकश अप्रैल में बिल लाने से पहले ही दे दी गई थी. लेकिन तब डीएमके इस बिल का समर्थन कर विधानसभा चुनावों में उसकी राजनीतिक कीमत चुकाने को तैयार नहीं थी. बल्कि तत्कालीन मुख्यमंत्री स्टालिन ने न केवल इसी साल फरवरी में विधानसभा में परिसीमन के खिलाफ प्रस्ताव पारित कराया बल्कि 16 अप्रैल को इसे काला कानून बताते हुए केंद्र के बिल की कॉपी भी जला दी थी.

तस्वीर 16 अप्रैल 2026 की है, जब स्टालिन ने परिसीमन बिल को काला कानून बताते हुए उसके बिल की कॉपी जलाई थी.
Photo Credit: NDTV
जबकि गृह मंत्री अमित शाह ने 16-17 अप्रैल को लोक सभा में कहा था कि सरकार सभी राज्यों की सीटों को पचास प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान लाने को तैयार है. लेकिन तब डीएमके ने एक नहीं सुनी.
8 महीने में ऐसा क्या हुआ कि तैयार हो गई डीएमके
फिर अप्रैल से लेकर नवंबर के बीच आठ महीनों में ऐसा क्या हो गया कि डीएमके के 22 लोक सभा और 8 राज्य सभा सांसद परिसीमन बिल का समर्थन करने को तैयार हो गए. इसके पीछे तमिलनाडु की राजनीतिक परिस्थिति और विधानसभा चुनाव परिणाम सबसे बड़ा कारण हैं.
चुनाव में हार, कांग्रेस से दगा... कैसे बदला डीएमके का रुख
डीएमके यह चुनाव हार गई. लेकिन अपने परंपरागत प्रतिद्वंद्वी एआईएडीएमके से नहीं बल्कि नई नवेली पार्टी लेकर आए फिल्म अभिनेता जोसेफ विजय से. डीएमके इस हार के सदमे से उबर ही रही थी कि उसके साथ मिल कर चुनाव लड़ी कांग्रेस ने उसे दगा दे दिया.
कांग्रेस ने डीएमके का साथ छोड़ कर विजय के साथ सरकार में शामिल होने का फैसला कर लिया. 59 वर्ष बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस को हिस्सेदारी करने का मौका मिला. उसके दो मंत्री बने. लेकिन कांग्रेस के इस कदम ने डीएमके को बेहद नाराज कर दिया.

उसने कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक से रिश्ते तोड़ लिए. यही नहीं, डीएमके ने स्पीकर को पत्र लिख कर कहा कि लोक सभा में उसके बैठने की जगह कांग्रेस से दूर दे दी जाए. बीजेपी ने इस घटनाक्रम में अपने लिए मौका ढूंढ लिया.
एनसीपी शरद पवार गुट की भी कहानी दिलचस्प
वहीं एनसीपी शरद पवार का किस्सा भी कम दिलचस्प नहीं है. यह वही पार्टी है जिसके बीजेपी ने दो टुकड़े करा दिए. शरद पवार के भतीजे अजीत पवार को बीजेपी ने अलग कराया और उन्हें सरकार में अपने साथ ले आए. इसके बावजूद अब एनसीपी शरद पवार परिसीमन बिल पर सरकार का साथ दे रही है.
एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय में जुटी थी सरकार
बीजेपी ने मॉनसून सत्र के दौरान कुछ ऐसे कदम उठाए जिन्हें डीएमके और एनसीपी शरद पवार पर डोरे डालने के तौर पर देखा जा सकता है. जहां सरकार परिसीमन बिल को लेकर डीएमके के साथ लगातार बातचीत करती रही वहीं पार्टी की कोशिश थी कि एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय हो जाए और उसके बाद वे एनडीए में शामिल हो जाएं.

मॉनसून सत्र में पवार के 8 सांसद पीएम मोदी से मिले
लेकिन सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के तैयार न होने से यह विलय नहीं हो सका. इसके बावजूद बीजेपी ने शरद पवार से बातचीत का रास्ता खुला रखा. मॉनसून सत्र में ही पवार ने अपने सभी आठ लोक सभा सांसदों के साथ संसद भवन में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी.
तबीयत बिगड़ी तो पीएम मोदी ने शरद पवार को किया फोन
दस अगस्त को हुई इस मुलाकात का वैसे तो एजेंडा महाराष्ट्र में सूखे और अकाल की स्थिति पर चर्चा बताया गया लेकिन परिसीमन बिल को लेकर सरकार के समर्थन हासिल करने की कोशिश से भी इसे जोड़ कर देखा गया. इसके बाद जब पवार अस्पताल में भर्ती हुए तो पीएम मोदी ने फोन कर उनका हाल-चाल पूछा.
दावा- केंद्रीय कैबिनेट में शामिल हो सकती है सुप्रिया सुले
उसके बाद पवार के एक करीबी ने दावा किया कि बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि अब उन्हें आराम करना चाहिए और वे तथा सुप्रिया सुले मिल कर देश के मामलों को संभाल लेंगे. इसे एनसीपी एसपी को एनडीए में लाने और सुले को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में जगह मिलने से जोड़ कर देखा गया.
कई विधेयकों के लिए बनी जेपीसी का कार्यकाल बढ़ाया गया
इन मेल-मुलाकातों के अलावा मोदी सरकार ने मॉनसून सत्र में कुछ ऐसे दूसरे कदम भी उठाए जिन्होंने डीएमके और एनसीपी एसपी को नरम किया. मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले सरकार की योजना उस सत्र में कई महत्वपूर्ण बिल जैसे एक राष्ट्र, एक चुनाव, विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, जेल जाने पर पीएम, सीएम, मंत्रियों की कुर्सी जाने से जुड़ा बिल, एफसीआरए संशोधन विधेयक आदि लाने की थी.
पहले तीन बिलों के लिए बनी जेपीसी के बारे में कहा गया था कि वह जल्दी ही अपनी रिपोर्ट दे देंगी ताकि सरकार मॉनसून सत्र में इन्हें पारित करा सके. जबकि सरकार की मंशा विवादास्पद एफसीआरए संशोधन बिल को भी मॉनसून सत्र में पारित कराने की थी.
लेकिन एक के बाद एक सभी जेपीसी का कार्यकाल बढ़ा दिया गया. किसी भी बिल पर जेपीसी ने अपनी रिपोर्ट नहीं दी. वहीं एफसीआरए बिल को भी जेपीसी को भेज दिया गया. यह वह सभी बिल थे जिनका डीएमके और एनसीपी शरद पवार विरोध कर रही थीं. डीएमके एफसीआरए बिल से बेहद नाराज थी और खुल कर इस पर अपना विरोध जता चुकी थी. अन्य बिलों को लेकर भी उसकी आपत्तियां सार्वजनिक हैं.
केंद्र सरकार की गिव एंड टेक वाली रणनीति
माना गया कि सरकार ने गिव एंड टेक की रणनीति के तहत इन महत्वपूर्ण बिलों पर अपने कदम पीछे खींचे थे. इसके एवज में सरकार परिसीमन पर इन दोनों दलों का समर्थन चाहती थी. सरकार के वरिष्ठ मंत्री डीएमके नेताओं के साथ लगातार संपर्क में रहे.

अंदरखाने चलती रही बातचीत, लेकिन कोई बयानबाजी नहीं
सरकार डीएमके को लेकर इतनी अधिक संवेदनशील थी कि हल्के-फुल्के अंदाज में बयान देने के लिए मशूहर सहयोगी दल के एक राज्य मंत्री जब चेन्नई दौरे पर गए तो एक वरिष्ठ मंत्री ने उन्हें फोन कर आगाह किया कि वे परिसीमन को लेकर डीएमके के समर्थन पर कोई बयान न दें.
यही कारण है कि इन आठ महीनों में न तो डीएमके और न ही बीजेपी की ओर से किसी बड़े नेता ने यह इशारा दिया कि परिसीमन बिल पर बात चल रही है या बात बन गई है.
कैबिनेट ने फैसले ने दूर की अंतिम बाधा
बची-खुची कसर कैबिनेट के फैसले ने पूरी कर दी जिसमें बिलों में आमूलचूल परिवर्तन कर दिया गया. इनमें डीएमके की दो प्रमुख मांगों को मान लिया गया जिसके तहत तमिलनाडु समेत सभी राज्यों का लोक सभा में वर्तमान हिस्सा बनाए रखना और परिसीमन को अगले 25 साल यानी 2051 तक फ्रीज करना है. इसके बाद डीएमके ने एक बड़ा यूटर्न करते हुए इन विधेयकों का समर्थन करने का फैसला कर लिया.

तमिलनाडु और महाराष्ट्र में बदल सकता है सियासी समीकरण
माना जा रहा है कि इन दोनों दलों के इन राजनीतिक फैसलों के दूरगामी परिणाम होंगे. इनका असर तमिलनाडु और महाराष्ट्र दोनों राज्यों की राजनीति पर देखने को मिल सकता है. तमिलनाडु में बीजेपी एआईएडीएमके के साथ है जो डीएमके के खिलाफ रही है.
लेकिन विजय की जीत ने AIDMK और DMK दोनों को पास ला दिया है. वहीं महाराष्ट्र में NCP SP अगर एनडीए का हिस्सा बनती है तो इससे सत्तारूढ़ महायुति के भीतर नए राजनीतिक समीकरण बन सकते हैं. वहीं विपक्ष और अधिक कमजोर होगा.
यह भी पढ़ें - एमके स्टालिन ने बताई परिसीमन बिल पर समर्थन की वजह, बोले-दक्षिण के राज्यों की जीत हुई
यह भी पढ़ें - परिसीमन बिल पर गणित अभी भी अधूरा, लोकसभा में 6 सीटें कम; राज्यसभा में क्षेत्रीय दल बनेंगे 'किंगमेकर'!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं