स्पेन के मशहूर फुटबॉल क्लब 'रियल मैड्रिड' ने टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी राफेल नडाल को अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल कर लिया है. इस फैसले के साथ नडाल अब क्लब के प्रशासन और महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली टीम का हिस्सा बन गए हैं. बुधवार को हुई क्लब के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में, नडाल की नियुक्ति को 'जनरल असेंबली ऑफ डेलीगेट मेंबर्स' (प्रतिनिधि सदस्यों की आम सभा) के पास मंजूरी के लिए भेजने का फैसला लिया गया.
नडाल ने इस पद के लिए विचार किए जाने पर क्लब के अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज और बोर्ड का आभार जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया,"मैं अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज और बोर्ड को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे रियल मैड्रिड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होने का प्रस्ताव दिया. मैंने इस प्रस्ताव को बहुत उत्साह, सीखने की इच्छा और अपना पूरा योगदान देने की भावना के साथ स्वीकार किया है."
22 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नडाल इतिहास के महानतम टेनिस खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्हें स्पेन की प्रतिष्ठित खेल हस्तियों में गिना जाता है. रियल मैड्रिड ने कहा कि उनकी खेल उपलब्धियां, विनम्रता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना, अनुशासन और विरोधियों के प्रति सम्मान और क्लब के मूल्यों को दर्शाते हैं.
क्लब ने आधिकारिक बयान में कहा,"रियल मैड्रिड और सभी 'मैड्रिडिस्टास' (क्लब के फैंस) के लिए यह बहुत बड़े सम्मान की बात है कि खेल और व्यक्तिगत स्तर पर इतनी बड़ी हस्ती- जो स्पेनिश और वैश्विक खेलों में एक मिसाल हैं- हमारे बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हो रही हैं. वे इस भूमिका के जरिए हमारे क्लब के वर्तमान और भविष्य में अपना योगदान देंगे."
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नडाल क्लब के बोर्ड में क्या जिम्मेदारियां संभालेंगे. पेरेज़ को जून में रियल के अध्यक्ष के रूप में चार साल के नए कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया. वे 2009 से इस पद पर बने हुए हैं. उन्होंने तुरंत जोस मोरिन्हो को दूसरी बार मुख्य कोच नियुक्त किया.
ऐसा इसलिए किया गया ताकि क्लब की किस्मत बदली जा सके, क्योंकि ला लीगा, चैंपियंस लीग या कोपा डेल रे में लगातार दूसरे सीजन में टीम कोई ट्रॉफी नहीं जीत पाई थी.11 मैच खेलने के बाद, रियल अभी लीग में तीसरे स्थान पर है - जो मौजूदा चैंपियन बार्सिलोना से तीन अंक पीछे है.
राफेल नडाल का टेनिस करियर दो दशक से भी ज्यादा लंबा और बेहद सफल रहा. उन्होंने अपने करियर में 92 सिंगल्स खिताब जीते, जिनमें रिकॉर्ड 14 फ्रेंच ओपन, 4 यूएस ओपन, 2 विंबलडन और 2 ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब शामिल हैं.
नडाल ने ओलंपिक में भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 2008 बीजिंग ओलंपिक में मेंस सिंगल्स और 2016 रियो ओलंपिक के मेंस सिंगल्स में गोल्ड जीता. इसके अलावा, उन्होंने स्पेन को पांच बार डेविस कप खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई. करियर के अंतिम दौर में बार-बार चोटों से जूझने के बाद नडाल ने नवंबर 2024 में पेशेवर टेनिस से संन्यास ले लिया था.
यह भी पढ़ें: Youth Olympics: 15 साल की तन्वी ने रचा इतिहास, ऐसा करने वालीं पहली भारतीय, पदक से सिर्फ एक जीत दूर
यह भी पढ़ें: 21 साल के ओलंपिक चैंपियन ने रचा इतिहास, एक ही टूर्नामेंट में तोड़े 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं