विज्ञापन

दुनिया को नया पेले मिला? 3 साल का बच्चा अपने से बड़ों को भी दे रहा गच्चा, पिता बोले- लीग ने बुला ली पुलिस

वायरल हो रहे वीडियो में बच्चे के पैरेंट्स ने आरोप लगाया है कि चूंकि उस बच्चे में बहुत टैलेंट है, वह बहुत देर तक फुटबॉल अपने पास रखता है और कोई और उसे ले नहीं पाया, इसलिए उस बच्चे के खिलाफ पुलिस बुला ली गई. लीग और पुलिस ने इन आरोपों का जवाब दिया है.

दुनिया को नया पेले मिला? 3 साल का बच्चा अपने से बड़ों को भी दे रहा गच्चा, पिता बोले- लीग ने बुला ली पुलिस
सोशल मीडिया पर कई लोग 3 साल के नेवाडा को भविष्य का पेले कह रहे हैं

अमेरिका में 3 साल का एक फुटबॉल प्लेयर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस बच्चे के माता-पिता का दावा है कि फ्लोरिडा में इस बच्चे को यूथ लीग से इसलिए हटा दिया गया क्योंकि वह अपने से बड़े बच्चों से भी बेहतर खेल रहा था. इस माता-पिता द्वारा पोस्ट किए गए एक वायरल वीडियो में यह तीन साल का बच्चा मैदान पर गेंद को ड्रिबल करते हुए आगे बढ़ता है, अपने जैसे ही छोटे खिलाड़ियों को चकमा देता है और गेंद को नेट में किक कर देता है. नेवाडा नाम का वह बच्चा, ऐसा ही फिर से करता है. वह ऐसा बार-बार करता है. इसी वीडियो में उस बच्चे के पिता दावा करते हैं कि इस बच्चे के खिलाफ पुलिस बुला ली गई, क्योंकि वह बहुत अच्छा खेल रहा था.

रविवार को पोस्ट किए जाने के बाद से इस वीडियो को टिकटॉक से लेकर इंस्टाग्राम और X पर अलग-अलग पेज पर करोड़ों बार देखा जा चुका है. जैसे-जैसे वीडियो वायरल होता गया, पुलिस पर सवाल उठने लगे. ऐसे में पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने अपना पक्ष रखा है.

माता-पिता ने क्या आरोप लगाए थे?

इस वीडियो में बच्चे के पैरेंट्स ने आरोप लगाया था कि चूंकि उस बच्चे में बहुत टैलेंट है, वह बहुत देर तक फुटबॉल अपने पास रखता है और कोई और उसे ले नहीं पाया, इसलिए उस बच्चे के खिलाफ पुलिस बुला ली गई. वीडियो वायरल होने के बाद ऑनलाइन लोगों की प्रतिक्रिया तुरंत आई. लोग इन आरोपों से नाराज भी थे, और साथ ही उस छोटे बच्चे के हुनर ​​की तारीफ भी कर रहे थे. टिकटॉक के कमेंट्स में कुछ लोगों ने माता-पिता को केस करने की सलाह दी. कुछ ने पुलिस बुलाने को नस्लभेदी बताया.

परिवार का कहना है कि कुछ अन्य बच्चों के माता-पिता ने लीग अधिकारियों से शिकायत की कि नेवाडा बहुत ज्यादा टैलेंटेड है और वह बाकी खिलाड़ियों को ज्यादा पास नहीं देता है. परिवार के अनुसार, इसके बाद लीग अधिकारियों ने नेवाडा से लीग छोड़ने के लिए कहा. विवाद बढ़ गया, जिसके चलते लीग के एक अधिकारी को पुलिस बुलानी पड़ी. पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को मैदान से बाहर ले गई. बाद में लीग ने नेवाडा को एक दूसरी टीम में शामिल होने का प्रस्ताव दिया, लेकिन उसके परिवार ने कहा कि वे इस प्रस्ताव को ठुकराने वाले हैं.

सोशल मीडिया पर कई लोग इस 3 साल के बच्चे को भविष्य का पेले कह रहे हैं. जो पेले ने किया वो किसी ने नहीं दोहराया. वो इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने 3 वर्ल्ड कप जीते हैं - 1958, 1962 और 1970. 1958 में सिर्फ 17 साल की उम्र में वर्ल्ड कप जीतकर सबसे कम उम्र के चैंपियन बने, यह रिकॉर्ड आज भी कायम है. ऑफिशियल मैचों में 812 मैचों में 757 गोल और अगर अनऑफिशियल मैच जोड़ दें तो 1,283 गोल का आंकड़ा है. इस बच्चे ने तो अभी खेलना बस शुरू किया है. पेले बनने के लिए टैलेंट के साथ-साथ वह निरंतरता, जज्बा और वह मेहनत चाहिए.

खेल कराने वालों का क्या कहना है?

अमेरिका में पुलिस वाले अपनी वर्दी पर हर समय कैमरा लगाकर रखते हैं. इस बॉडी कैमरा के फुटेज में दिख रहा है कि लीग के एक अधिकारी ने वहां पहुंचे पुलिस को बताया कि बच्चे के माता-पिता ने पार्क में अशांति पैदा की. वह कहता है, "बच्चा अच्छा है. वह बहुत अच्छा है. वास्तव में अच्छा है... वह अन्य बच्चों की तुलना में बहुत टैलेंटेड है, इसलिए वह बहुत सारे गोल कर रहा है. लेकिन वह बच्चों को धक्का दे रहा है... तो, मैं उसे बताने की कोशिश करता हूं, धक्का मत दो. हम बिना धक्का दिए खेलना चाहते हैं, है ना?"

उस अधिकारी ने बताया कि उस बच्चे को मैदान से हटाकर बेंच पर बिठा दिया गया यानी खेलने नहीं दिया गया. इसपर माता-पिता बहस करने लगे. वीडियो में दिखता है कि वह अधिकारी पुलिस से कहता है, "मैं बस उन्हें यहां से बाहर करना चाहता हूं. तुरंत. आप बस मुझे उनके नाम दे दीजिए, ताकि मैं उन्हें उनके पैसे वापस कर सकूं."

पुलिस का क्या कहना है?

विंटर पार्क पुलिस ने भी सफाई दी है. उसने बताया कि 24 अक्टूबर को एक लोकल बच्चों के फुटबॉल मैच में यूथ स्पोर्ट्स डायरेक्टर ने पुलिस को बुलाया था. उनका आरोप था कि एक बच्चे के माता-पिता हंगामा कर रहे हैं और वह डायरेक्टर चाहते हैं कि मापा-पिता को पार्क से निकाल दिया जाए. पुलिस जब पहुंची तो माता-पिता खुद ही पार्क से जा रहे थे. पुलिस ने किसी को भी बैन या ट्रेसपास नहीं किया. ये लीग और पेरेंट्स के बीच का सिविल मामला था.

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो अफवाह है कि बच्चे के टैलेंट की वजह से पुलिस बुलाया गया था, वो गलत है. पुलिस ने सिर्फ रजिस्ट्रेशन फीस का रिफंड दिलाने में बात करवाने में मदद की.

यह भी पढ़ें | जापान में 11 साल रहने के बाद भारतीय ने खरीदा घर, बताया- यहां होम लोन पर लगभग जीरो है ब्याज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Football, Football Viral Video, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com