विज्ञापन

यूरोप में महा-साइबर अटैक! कई स्टोर्स के फ्रिज हैक, तापमान पहुंचा दिया 50°C, लाखों का खाना बर्बाद

European Supermarkets Hacked: यूरोप के सुपरमार्केट्स पर एक बड़ा साइबर हमला हुआ है, जिसमें स्वीडन से लेकर बेल्जियम तक के फ्रिज और फ्रीजर्स को हैक कर तापमान बढ़ा दिया गया. इस हमले में लाखों रुपये का खाना बर्बाद हो गया है.

यूरोप में महा-साइबर अटैक! कई स्टोर्स के फ्रिज हैक, तापमान पहुंचा दिया 50°C, लाखों का खाना बर्बाद
डैनफॉस सिस्टम हैकिंग से मचा हड़कंप
NDTV Graphics

यूरोप के सुपरमार्केट्स पर हुए एक बड़े साइबर हमले ने पूरे यूरोप में हड़कंप मचा दिया है. स्वीडन से लेकर बेल्जियम तक फैले इस डिजिटल हमले में सुपरमार्केट्स के फ्रिज और फ्रीजर सिस्टम को निशाना बनाया गया, जिससे तापमान बढ़ने के कारण दुकानों को भारी मात्रा में खाना फेंकने पर मजबूर होना पड़ा. ये घटना ठीक पिछले महीने फ्रांस में हुए इसी तरह के एक हमले की याद दिलाती है.

इस साइबर हमले ने दर्जनों स्टोर्स में रेफ्रिजरेटर और फ्रीजर यूनिट्स का तापमान बढ़ा दिया, जिससे बेल्जियम और लक्ज़मबर्ग के प्रमुख सुपरमार्केट ग्रुप्स Ahold Delhaize और  Colruyt के साथ-साथ स्वीडन के ग्रोसर्स ICA और Coop बुरी तरह प्रभावित हुए. इसके अलावा मशहूर फर्नीचर और फूड रिटेलर IKEA का भी एक स्टोर इसकी चपेट में आया है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्टॉकहोम में एक ICA स्टोर की सेल्स मैनेजर Engla Ingwall ने इस तबाही पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि सोमवार रात करीब 2 बजे ये साइबर हमला हुआ, लेकिन इसका पता कुछ घंटों बाद ही चल पाया. इस हमले के कारण फ्रीजर का तापमान अचानक 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिससे सब कुछ पूरी तरह बर्बाद हो गया. आईसीए के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि कंपनी के कुछ स्टोर्स रात में हुए इस हादसे से प्रभावित हुए हैं, जिससे उनके कूलिंग सिस्टम पर बुरा असर पड़ा है.

फ्रांस में भी हुआ था ऐसा हमला

गौरतलब है कि पिछले महीने फ्रांस में भी ऐसा ही हमला हुआ था, जहां हैकर्स ने सैकड़ों सुपरमार्केट्स के कूलिंग यूनिट्स पर कब्जा कर लिया था, जिससे आग लगने और भारी मात्रा में भोजन बर्बाद होने की घटनाएं सामने आई थीं.

यह भी पढ़ें | "मुझे लगा था फेक है पर सच में...", WhatsApp पर मिला ये मैसेज? फौरन करें ये काम वर्ना बैंक अकाउंट साफ!

हालांकि, अभी तक किसी भी हैकर ग्रुप ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन यूक्रेन पर रूस के 2022 के आक्रमण के बाद से बढ़े सुरक्षा तनाव के बीच यूरोपीय अधिकारियों में इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने वाले इन हाइब्रिड खतरों को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई हैं. मॉस्को ने हमेशा की तरह इस तरह के किसी भी हमले या हाइब्रिड युद्ध में शामिल होने से इनकार किया है. बेल्जियम के सेंटर फॉर साइबर सिक्योरिटी की प्रवक्ता Katrien Eggers ने इस बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए कहा कि अभी ये पता नहीं चल पाया है कि इस हमले के पीछे कौन है और शायद कभी पता भी न चले. उन्होंने आगाह किया कि आजकल AI के आने से कोई भी आईटी सिस्टम सुरक्षित नहीं है और हैकर्स इन कमजोरियों का फायदा उठाने के लिए एआई का बहुत ही एडवांस तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं.

रिटेल सेक्टर हमेशा से हैकर्स के लिए एक आसान निशाना

सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि रिटेल सेक्टर हमेशा से हैकर्स के लिए एक आसान निशाना रहा है क्योंकि ये रिटेल चेन कूलिंग सिस्टम, बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम और पॉइंट-ऑफ-सेल मशीनों जैसी चीजों का एक बहुत बड़ा नेटवर्क चलाती हैं. इस हमले में शिकार हुए कुछ कूलिंग सिस्टम डेनिश कंपनी Danfoss की तकनीक का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसे फ्रांस के हमले में भी निशाना बनाया गया था. यूरोपीय आयोग ने इस घटना को फूड सप्लाई चेन को बाधित करने और उपभोक्ताओं का भरोसा तोड़ने की एक सोची-समझी साजिश बताया है.

इस हमले का असर बेल्जियम में Carrefour के 15 स्टोर्स और आयरलैंड में सुपरवैल्यू के 13 स्टोर्स पर भी देखने को मिला, जहां उन्हें तुरंत खराब होने वाले सामानों को बिक्री से हटाना पड़ा. बेल्जियम में एक मीट शॉप चलाने वाले Luc De Laet ने बताया कि सुबह साढ़े तीन बजे उनके कर्मचारी ने फोन कर फ्रीजर्स का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की जानकारी दी, जिससे उनका करीब 15,000 यूरो (लगभग 16 लाख रुपये) का मीट पूरी तरह सड़ गया. उन्होंने इसे यूरोपीय अर्थव्यवस्थाओं को अस्थिर करने का प्रयास बताते हुए सरकार और पुलिस से तुरंत जागने और इस इनविजिबल खतरे के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है.

यह भी पढ़ें | IRCTC पर चुटकियों में मिलेगा कन्फर्म तत्काल टिकट, तरीका जान एजेंट की नहीं पड़ेगी जरूरत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Supermarkets, AI, Hacker, Hacker Group
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com