विज्ञापन

गोल्ड मेडलिस्ट सिमरन शर्मा के गाइड पर 4 साल का बैन, NADA ने कई खिलाड़ियों पर लिया एक्शन

एशियन पैरा गेम्स और विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट सिमरन शर्मा के पूर्व गाइड उमर सैफी पर डोपिंग उल्लंघन के मामले में NADA ने 4 साल का प्रतिबंध लगाया है.

गोल्ड मेडलिस्ट सिमरन शर्मा के गाइड पर 4 साल का बैन, NADA ने कई खिलाड़ियों पर लिया एक्शन
सिमरन शर्मा के पूर्व गाइड उमर सैफी पर 4 साल का प्रतिबंध
X (formerly Twitter)

भारतीय एथलेटिक्स को एक और डोपिंग झटका लगा है. एशियन पैरा गेम्स और विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की गोल्ड मेडल विजेता सिमरन शर्मा के पूर्व गाइड उमर सैफी को प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) ने चार साल के लिए निलंबित कर दिया है. इसके अलावा मध्य दूरी के धावक परवेज खान पर पांच साल का प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि कई अन्य ट्रैक एवं फील्ड एथलीट भी डोपिंग उल्लंघन के मामलों में जांच के दायरे में हैं.

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एशियन पैरा गेम्स और विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट सिमरन शर्मा के पूर्व गाइड उमर सैफी पर डोपिंग उल्लंघन के चलते राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) ने चार साल का प्रतिबंध लगा दिया है.

दिल्ली के रहने वाले सैफी करीब सात महीने तक दृष्टिबाधित धाविका सिमरन शर्मा के गाइड रहे थे. अक्टूबर 2025 में लिए गए उनके सैंपल में प्रतिबंधित एनाबॉलिक स्टेरॉयड ड्रोस्टानोलोन (Drostanolone) पाया गया था. यह पदार्थ मांसपेशियों की वृद्धि और ताकत बढ़ाने के लिए जाना जाता है. NADA पैनल के हालिया फैसले के अनुसार सैफी पर लगाया गया प्रतिबंध 7 अक्टूबर 2025 से 6 अक्टूबर 2029 तक प्रभावी रहेगा.

वहीं भारतीय मध्य दूरी धावक परवेज खान को भी डोपिंग नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. उन पर पांच साल का प्रतिबंध लगाया गया है, जो 28 अगस्त 2024 से 27 अगस्त 2029 तक लागू रहेगा.

इसी बीच राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप की महिला हाफ मैराथन रेस वॉक स्वर्ण पदक विजेता मुनीता प्रजापति को भी डोपिंग उल्लंघन के मामले में अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है. NADA की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनके नमूने में स्टैनोजोलोल (Stanozolol) पाया गया, जो एक प्रतिबंधित एनाबॉलिक-एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड है.

24 वर्षीय उत्तर प्रदेश की एथलीट मुनीता ने जून 2026 में भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप की महिला हाफ मैराथन रेस वॉक स्पर्धा में 1:45:05 का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता था. इसके अलावा हरमनजोत सिंह, जिन्होंने 2026 एशियन क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में रजत पदक और भुवनेश्वर में आयोजित कॉन्टिनेंटल टूर प्रतियोगिता में 5000 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता था, उन्हें भी अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है. उनके नमूने में मेटैंडायनोन (Metandienone) नामक प्रतिबंधित स्टेरॉयड पाया गया है.

यह भी पढ़ें-  IND vs PAK: अब फिर होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर, कब-कहां और कितने बजे होगा मैच?

यह भी पढ़ें- 'आर्यवीर को सरनेम की कीमत चुकानी पड़ी...,' बेटे के आलोचकों पर खुलकर बोले वीरेंद्र सहवाग

यह भी पढ़ें-  छाछ-रोटी पर किया गुजारा, बेटे को बनाया क्रिकेटर, पाकिस्तान को धूल चटाने वाले मोहित की ये कहानी भावुक कर देगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com