किसी घर में जब पिता पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी पर जाते हैं, तो बच्चे के मन में भी कभी न कभी उस वर्दी को पहनने का ख्याल जरूर आता है. लेकिन राजीव कुमार की कहानी थोड़ी अलग है. पिता दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल थे और चाहते थे कि उनके दो बेटों में से कम से कम एक पुलिस की नौकरी में आए. जब पिता ने बेटे से सब-इंस्पेक्टर की तैयारी करने को कहा, तो जवाब मिला- अगर पुलिस में ही जाना है तो सब-इंस्पेक्टर क्यों, सीधे IPS बनेंगे. आज राजीव कुमार ईस्ट दिल्ली DCP हैं. NDTV की खास सीरीज "डीसीपी को जानें" के तहत बातचीत में IPS राजीव ने अपनी सफलता के सफर से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा की और बताया कि UPSC इंटरव्यू के दौरान उनसे किस तरह के सवाल पूछे गए थे.