अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर नौवीं बार खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के फैंस को एक और भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. एसीसी मेन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारत ए और पाकिस्तान ए (पाकिस्तान शाहींस) की टीमें 22 नवंबर को दोहा में आमने-सामने होंगी. पिछले साल मिली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम की नजर जीत के साथ अभियान की शानदार शुरुआत पर होगी.
ग्रुप बी में आमने-सामने होंगी दोनों टीमें
एसीसी मेन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारत ए को ग्रुप बी में रखा गया है. इस ग्रुप में भारत ए के अलावा पाकिस्तान ए, यूएई और नेपाल की टीमें शामिल हैं. वहीं ग्रुप ए में बांग्लादेश ए, श्रीलंका ए, अफगानिस्तान ए और हांगकांग, चीन को जगह मिली है. ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुपों की टॉप दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 29 नवंबर को होगा.
अभिषेक-वैभव की जोड़ी पर रहेंगी नजरें
बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने टूर्नामेंट के लिए टीम की कमान तिलक वर्मा को सौंपी है, जबकि रजत पाटीदार उपकप्तान होंगे. भारतीय टीम में कई युवा और चर्चित खिलाड़ियों को जगह मिली है. अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ी टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देंगे. खासतौर पर अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी मुकाबले का बड़ा आकर्षण हो सकती है.
विकेटकीपर बल्लेबाजों के तौर पर प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को शामिल किया गया है. वहीं ऑलराउंडर विभाग में सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे और तनुष कोटियान को मौका मिला है.
तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी इन खिलाड़ियों पर
भारत ए के पेस अटैक में हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान शामिल हैं. इन गेंदबाजों से पाकिस्तान ए के खिलाफ अहम भूमिका निभाने की उम्मीद होगी.
कब और कहां होगा भारत ए बनाम पाकिस्तान ए मैच?
भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच मुकाबला रविवार, 22 नवंबर 2026 को खेला जाएगा. यह मैच दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा. मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. टूर्नामेंट 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला जाएगा.
भारत ए टीम
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान.
ये भी पढ़ें- VIDEO: गली क्रिकेट में उड़े ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के स्टंप्स, प्रिंसेस भी रह गईं हैरान, वायरल हुआ रिएक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं