विज्ञापन

तीन दिन पहले 400 था AQI, अब हो गया 150, आखिर कैसे धुल गया दिल्ली का प्रदूषण?

Delhi Pollution: दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिन पहले तक AQI गंभीर स्तर पर पहुंच गई थी और कई इलाकों में AQI 400 के पार चला गया था. अब प्रदूषण कम हो गया है. समझिए आखिर ये कैसा हो पाया.

तीन दिन पहले 400 था AQI, अब हो गया 150, आखिर कैसे धुल गया दिल्ली का प्रदूषण?
बारिश और तेज हवाओं का डबल असर, दिल्ली की जहरीली हवा हुई बेहतर
IANS
  • दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर तीन दिनों में सुधार होकर कई इलाकों में एक्यूआई 150 के आसपास आ गया है
  • शनिवार-रविवार को हुई हल्की बारिश से हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण नीचे बैठ गए और प्रदूषण कम हुआ
  • बारिश के बाद पहाड़ों से आई ठंडी और तेज हवाओं ने प्रदूषण के स्तर को तेजी से घटाने में मदद की है

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिन में प्रदूषण गंभीर स्तर तक पहुंच चुका था. एक्यूआई 400 के पार तक पहुंच चुका था. इस बीच पूरे एनसीआर में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू की गईं. लेकिन अब दिल्ली वालों को बड़ी राहत मिली है. तीन दिनों में हवा में काफी सुधार आया है. कई इलाकों में एक्यूआई भी 150 के आसपास आ गया. लोगों को साफ हवा में सांस मिल पा रही है. ग्रैप-3 की पाबंदियां भी हटा दी गई हैं. लेकिन तीन दिनों में ऐसा क्या हुआ, जिससे दिल्ली-एनसीआर का प्रदूषण साफ हो गया. आइए समझते हैं.

दिल्ली की साफ हवा के पीछे दो बड़ी वजहें

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार तक एक्यूआई का स्तर 400 पहुंच रहा था. दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी हवा बेहद खराब थी. लेकिन फिर मौसम ने ऐसी पलटी मारी कि प्रदूषण कम होने लगा. बुधवार को सुबह एक्यूआई कई इलाकों में घटकर 150 तक आ गया. इसके पीछे दो बड़ी वजहें रहीं.

1. हल्की बारिश से धुला प्रदूषण: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का मुख्य कारक PM 2.5 और PM 10 हैं. ये धूल के छोटे कण हैं, जिनके जमा होने से हवा खराब होती है. शनिवार-रविवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. इसकी वजह से वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कुछ कण नीचे बैठ गए. इससे लोगों को प्रदूषण से राहत मिली.

2. बर्फीली हवाओं ने और बढ़ा दी राहत: बारिश के बाद दिल्ली में पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं का दौर शुरू हुआ. तेज हवाओं के चलने से प्रदूषण के स्तर में काफी सुधार देखने को मिला. हवा की रफ्तार बढ़ने से वातावरण में फैले प्रदूषक कण बिखर गए हैं, जिससे एक्यूआई में तेजी से गिरावट आई है. पहले जहां एक्यूआई 'सीवियर' या 'बहुत खराब' श्रेणी में था, अब वह सुधरकर 'येलो' (मध्यम) और 'ऑरेंज' (खराब) जोन में पहुंच गया है. 

दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती रहेगी बरकरार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सड़क की धूल, निर्माण कार्यों और वाहनों से निकलने वाले धुएं की निगरानी बढ़ाई जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बैठक में प्रदूषण हॉटस्पॉट, निगरानी एवं जांच, कार्रवाई, सड़कों और निर्माण स्थलों की धूल, वाहनों एवं सार्वजनिक परिवहन से होने वाला प्रदूषण, औद्योगिक प्रदूषण, निर्माण एवं तोड़फोड़ के कचरे और ठोस कचरे के निस्तारण की समीक्षा की गई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Pollution, Delhi Pollution 2026, Delhi Pollution Action Plan, Delhi Pollution After Rain, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com