विज्ञापन

टोक्यो में शॉपिंग की लिस्ट तैयार, सेलिब्रेशन को लेकर गोल्ड गर्ल प्रणवी उर्स ने एनडीटीवी से शेयर की दिल की बात

एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रचने वाली गोल्फर प्रणवी उर्स ने NDTV से खास बातचीत में अपनी जीत के जश्न के प्लान साझा किए. इसी दौरान IGPL ने उनके लिए 1 करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान कर दिया.

टोक्यो में शॉपिंग की लिस्ट तैयार, सेलिब्रेशन को लेकर गोल्ड गर्ल प्रणवी उर्स ने एनडीटीवी से शेयर की दिल की बात
NDTV Golf Pro-AM के मौके पर प्रणवी उर्स

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाली प्रणवी उर्स इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं. 23 वर्षीय गोल्फर ने महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. वह एशियाई खेलों में गोल्फ में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं. इसके अलावा उन्होंने टीम स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल जीतकर भारत की झोली में दूसरा पदक डाला.

NDTV Golf Pro-AM के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत में प्रणवी ने बताया कि अब उनका पहला प्लान जापान की राजधानी टोक्यो में शॉपिंग करना है. जब उनसे जीत के बाद के जश्न के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "मैंने पहले ही कहा था कि मैं कल टोक्यो में काफी शॉपिंग करने वाली हूं. मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रही हूं." प्रणवी अभी एशियन गेम्स की कामयाबी का आनंद उठा ही रही थीं कि उन्हें एक और बड़ी खुशखबरी मिल गई. नई दिल्ली में आयोजित NDTV Golf Pro-AM के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि और भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (IGPL) की ओर से प्रणवी के लिए 1 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की.

अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब प्रणवी अपनी शॉपिंग लिस्ट में कुछ और चीजें जोड़ सकती हैं, क्योंकि IGPL फ्रेंचाइजी उनकी उपलब्धि के सम्मान में उन्हें 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार दे रही है. साथ ही अदिति अशोक और दीक्षा डागर के लिए भी 25-25 लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया गया.

प्रणवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच करणदीप कोचर को दिया. उन्होंने कहा कि कोच के समर्थन और मार्गदर्शन के बिना वह इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं. प्रणवी ने खुलकर स्वीकार किया कि उनकी उपलब्धियों के पीछे उनके कोच का बहुत बड़ा योगदान है.

प्रणवी की कजिन विधात्री उर्स का मानना है कि उनकी सबसे बड़ी ताकत उनका आक्रामक खेल और लंबी ड्राइविंग क्षमता है. उनके मुताबिक एशियन गेम्स में प्रणवी की ऐतिहासिक सफलता देश में और अधिक युवाओं को गोल्फ अपनाने के लिए प्रेरित करेगी.

प्रणवी ने एशियन गेम्स में कुल 15-अंडर पार का स्कोर करते हुए व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता. वहीं अदिति अशोक और दीक्षा डागर के साथ मिलकर उन्होंने टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल भी हासिल किया. भारत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास रही क्योंकि गोल्फ में महिला वर्ग में ऐसा प्रदर्शन पहले कभी देखने को नहीं मिला था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Asian Games 2026, Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com