विज्ञापन

फिल्म 'दृश्यम' देखकर पिता का मर्डर, 2000 KM दूर से आया था कातिल बेटा, पत्नी के एक कॉल ने खोल दी पूरी साजिश

बिहार के समस्तीपुर में किसान रघुवीर सहनी की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बेटे शिव शंकर सहनी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फिल्म 'दृश्यम' की तर्ज पर मोबाइल बंद कर अपनी लोकेशन छिपाने की कोशिश की.

फिल्म 'दृश्यम' देखकर पिता का मर्डर, 2000 KM दूर से आया था कातिल बेटा, पत्नी के एक कॉल ने खोल दी पूरी साजिश
'दृश्यम' देखकर रची हत्या की साजिश
NDTV
  • समस्तीपुर के दरवा गांव में किसान रघुवीर सहनी की हत्या उसके बेटे शिव शंकर सहनी ने की थी
  • आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल बंद कर लोकेशन छिपाने का तरीका अपनाया था
  • हत्या के बाद पत्नी से हुई फोन बातचीत ने पुलिस को आरोपी की लोकेशन और साजिश का पता दिया

बिहार के समस्तीपुर से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. हलई थाना क्षेत्र के दरवा गांव में किसान रघुवीर सहनी की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार रघुवीर की हत्या उसके बेटे शिव शंकर सहनी ने ही की थी. आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अजय देवगन की फिल्म दृश्यम में दिखाए गए तरीके से मोबाइल बंद कर अपनी लोकेशन छिपाने की कोशिश की. हालांकि हत्या के बाद पत्नी से फोन पर हुई बातचीत ने उसकी पूरी साजिश का राज खोल दिया. पुलिस ने आरोपी को सूरत से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 

पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई की रात रघुवीर सहनी घर के दरवाजे पर सो रहे थे. इसी दौरान शिव शंकर ने घर में रखी कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने कुल्हाड़ी वहीं फेंक दी और वापस निकल गया.

फिल्म से लिया पुलिस को गुमराह करने का तरीका

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, शिव शंकर ने पिता के हत्या की साजिश अजय देवगन की फिल्म दृश्यम नामक से प्रेरित होकर रची थी. फिल्म में पुलिस को भ्रमित करने के लिए मोबाइल फोन की लोकेशन को लेकर जिस तरह का तरीका दिखाया गया था, उसी तर्ज पर उसने भी अपना मोबाइल सूरत से निकलने से पहले बंद कर दिया. उसका मकसद था कि पुलिस को उसकी आखिरी लोकेशन सूरत की मिले और उस पर शक न हो.

पत्नी से बातचीत बनी सबसे बड़ा सुराग

हत्या के बाद भी आरोपी ने मोबाइल बंद रखा. सूरत लौटने के दौरान उसने मोबाइल चालू कर पत्नी से बातचीत की. पुलिस ने कॉल डिटेल और टावर लोकेशन खंगाली तो 26 जुलाई की रात पत्नी से हुई बातचीत के दौरान मोबाइल की लोकेशन पटोरी में मिली. इसके बाद फोन फिर बंद हो गया। करीब 36 घंटे बाद मोबाइल दोबारा चालू हुआ तो उसकी लोकेशन सूरत मिली. इस विरोधाभास ने पुलिस का शक गहरा कर दिया.

सूरत से ट्रेन, फिर पैदल पहुंचा था गांव

पटोरी डीएसपी बीके मेधावी के अनुसार, शिव शंकर 2000 किलोमीटर दूर सूरत से ट्रेन से पटना पहुंचा. इसके बाद हाजीपुर और फिर पटोरी स्टेशन गया. रात करीब आठ बजे पटोरी उतरने के बाद टोटो से जोरपुरा चौक पहुंचा. वहां से करीब चार किलोमीटर खेत के रास्ते पैदल चलकर घर पहुंचा. घर का मुख्य दरवाजा बंद मिलने पर वह पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुआ. घर की कोठरी से कुल्हाड़ी लेकर उसने वारदात को अंजाम दिया. हत्या के बाद आरोपी उसी रास्ते से निकलकर लगुनिया स्टेशन पहुंचा और वहां से पटोरी होते हुए पटना गया. सुबह पटना पहुंचने के बाद ट्रेन से वापस सूरत चला गया.

अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचने पर भी उठे सवाल

पिता की हत्या के बाद शिव शंकर कई दिनों तक परिवार से दूर रहा. पिता की मौत के बावजूद अंतिम संस्कार में उसके शामिल नहीं होने से परिवार और गांव में चर्चा शुरू हो गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां ने भी उस पर शक जताया था. जांच के दौरान मिले कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और अन्य साक्ष्यों से पुलिस का शक और मजबूत होता गया. पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि पूछताछ में शिव शंकर ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और वारदात से जुड़ी जानकारी दी. आरोपी ने पिता और पत्नी के बीच विवाद की बात बताई है. साथ ही वह कुछ जमीन बेचना चाहता था, लेकिन ऐसा नहीं कर पा रहा था. आरोपी के पिता और पत्नी के बीच गाली-गलौज भी होता था.  पुलिस इन बिंदुओं को भी जांच का हिस्सा मान रही है. इधर वैज्ञानिक अनुसंधान के बाद पुलिस टीम सूरत पहुंची और शिव शंकर को गिरफ्तार कर समस्तीपुर ले आई. पुलिस के अनुसार, आरोपी के बयान, कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है.

10 मिनट तक हाथ में कुल्हाड़ी लेकर खड़ा रहा

पुलिस के अनुसार, घर के पीछे से प्रवेश करने के बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी निकाली. हाथ में कुल्हाड़ी लेने के बाद वह करीब 10 मिनट तक पिता की हत्या करने की हिम्मत नहीं जुटा सका. इसी दौरान उसे पिता द्वारा की जाने वाली गाली-गलौज और कथित प्रताड़ना की बातें याद आयीं. इसके बाद गुस्से में और नशे की हालत में उसने पिता के गले पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया. पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर घटना के इस क्रम की जानकारी दी है. प्रेस वार्ता में डीएसपी बीके मेघावी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने घटना के समय अत्यधिक नशे का सेवन करने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. डीएसपी के अनुसार, अब तक की जांच में आरोपी की पत्नी की संलिप्तता सामने नहीं आयी है.

(अविनाश कुमार के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें: डिनर, कार और मिर्च पाउडर का वो खौफनाक खेल... जानिए सगे पिता और चाचा ने क्यों ली अपनी ही बेटी की जान?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar Crime News, Bihar Crime News 2026, Bihar Crime News, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com