Pranavi Urs exclusive After Historic Asian Games Golf Gold on NDTV: एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रचने वाली प्रणवी उर्स के लिए यह जीत सिर्फ एक मेडल तक सीमित नहीं रही. मैसूर की 23 वर्षीय गोल्फर प्रणवी उर्स ने महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गोल्फ में नई पहचान दिलाई, वहीं अब उनकी इस उपलब्धि को बड़ा सम्मान भी मिला है. NDTV Golf Pro-AM के पार्टनर IGPL ने प्रणवी के लिए 1 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की. पूर्व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने IGPL की तरफ से इस बात का ऐलान किया.
अपने गोल्ड मेडल के बारे में बात करते हुए प्रणवी ने NDTV से कहा, "अभी भी यकीन नहीं हो रहा है. यह बहुत बढ़िया है, और मैं अभी भी अपनी खुशी को संभालने की कोशिश कर रही हूं. हां, मैं उस उत्साह को महसूस कर रही हूं." उन्होंने आगे कहा, "आपको पता है, मुझे हमेशा कुछ भी करने वाली पहली महिला बनना पसंद है."
इसके साथ ही जश्न की तैयारियों के बारे में बात करते हुए प्रणवी ने कहा, "हां, मैंने कहा था कि मैं कल टोक्यो में खूब शॉपिंग करूंगी, इसलिए मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं."
जीत की रणनिती पर प्रणवी ने कहा...
जीत की रणनिती पर बात करते हुए प्रणवी ने कहा, "मैंने घबराहट पर काबू रखा, अपने खेल पर ध्यान दिया और वही करने की कोशिश की जो मुझे करना था और गेम प्लान पर टिकी रही. और मैं सच में यह सोच रही थी कि दूसरी लड़कियां क्या कर रही हैं."
एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर - प्रणवी
प्रणवी एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बनीं. फाइनल राउंड में उन्होंने जबरदस्त संयम दिखाया और एक स्ट्रोक की बढ़त के साथ शीर्ष स्थान पर रहते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के कारण उनकी बढ़त खत्म हो गई थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी कर तीन बर्डी लगाकर मुकाबले पर फिर से पकड़ बना ली थी.
चार दिनों के खेल के बाद प्रणवी ने कुल 15-अंडर 265 का स्कोर बनाया और बाकी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया. उनकी इस उपलब्धि ने भारत को टीम स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई. अदिति अशोक और दीक्षा डागर के साथ मिलकर उन्होंने भारत को 14-अंडर 546 के स्कोर तक पहुंचाया.
प्रणवी का स्वर्ण पदक भारतीय गोल्फ के लिए भी खास है. यह 2002 में शिव कपूर के पुरुष व्यक्तिगत गोल्ड के बाद एशियन गेम्स में भारत का पहला व्यक्तिगत गोल्फ गोल्ड है. अब इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद उन्हें 1 करोड़ रुपये के इनाम से सम्मानित किए जाने का ऐलान उनकी सफलता को और भी खास बना रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं