विज्ञापन

नीरज चोपड़ा के हरियाणा से निकला एक और जैवलिन थ्रोअर, 13 साल के वरुण भाम्बू का कमाल, 71.20m भाला फेंक तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड

नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर इस खेल में नई जान फूंक दी है. अब युवा खिलाड़ी इस खेल में लगातार आगे बढ़ रहे हैं.

नीरज चोपड़ा के हरियाणा से निकला एक और जैवलिन थ्रोअर, 13 साल के वरुण भाम्बू का कमाल, 71.20m भाला फेंक तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
हरियाणा के 13 वर्षीय वरुण की ऐतिहासिक थ्रो, U14 नेशनल रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

हरियाणा के युवा जैवलिन थ्रोअर वरुण भाम्बू ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराते हुए एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है. 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में, उन्होंने पुरुषों के जैवलिन थ्रो अंडर-14 कैटेगरी में 71.20 मीटर की शानदार थ्रो फेंककर इतिहास रच दिया.  महज 13 साल की उम्र में, वरुण ने एक ऐसी थ्रो फेंकी है जिसने भारतीय एथलेटिक्स जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. 71.20 थ्रो फेंककर वरुण ने अंडर-14 कैटेगरी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. 
वहीं, उत्तर प्रदेश के विनय ने 62.17 मीटर की थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि बिहार के राहुल ने 58.55 मीटर की दूरी तय कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम हासिल करने में सफलता हासिल की है. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: x

कौन है वरुण भाम्बू

बता दें कि  वरुण भाम्बू को प्रतिभा  विरासत में मिली है.  वरुण, हनुमान के बेटे हैं. हनुमान खुद भी एक पूर्व जैवलिन थ्रोअर रह चुके हैं और अब एथलीटों की अगली पीढ़ी को कोचिंग दे रहे हैं.  उनके शिष्यों में दीपिका, ज्योति और मीनाक्षी शामिल हैं, जो सभी अपनी-अपनी जूनियर कैटेगरी में राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर हैं. हनुमान हरियाणा के एक छोटे से गांव, बंगांव में एथलीटों को ट्रेनिंग देते हैं. यह गांव अपने यहां जैवलिन थ्रो के बेहतरीन कल्चर के कारण भारत के "मिनी फिनलैंड" के रूप में मशहूर है. 


कौन है हनुमान सिंह

नीरज चोपड़ा के गांव खांडरा से महज 150 किमी दूर, फतेहाबाद के बंगांव में जैवलि  खेल में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. इसकी कमान पूर्व खिलाड़ी से कोच बने हनुमान सिंह ने संभाल रखी है. उनकी अकादमी के एथलीटों के नाम U14, U16, U18, U20 और U23 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं. अब वे 60 मीटर की दूरी पार करने और अन्नू रानी के 63.82 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. "भारत का मिनी-फिनलैंड" कहे जाने वाले बंगांव में सीमित संसाधनों के बावजूद शानदार प्रगति हो रही है. 


नीरज चोपड़ा के बाद जैवलिन में मिल रही नई पहचान

नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर इस खेल में नई जान फूंकी थी. यही कारण है कि अब भारत में जैवलिन थ्रो के खेल में कई ऐसे खिलाड़ी सामने आ रहे हैं जो नेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना रहे हैं. नीरज के अलावा रोहित यादव और यशवीर सिंह ने जैवलिन थ्रो में कमाल का खेल दिखाकर ओलपिंक 2028 के लिए नई उम्मीद जगा दी है. इन स्टार जैवलिन थ्रोअर को देखकर अब युवा इस खेल में आ रहे हैं. इसका एक और प्रमाण 13 साल के वरुण भाम्बू हैं.

यह भी पढ़ें | रोहित-गिल ओपनर, नंबर 3 कोहली, जो रूट नंबर 4, चेतेश्वर पुजारा ने चुनी मौजूदा दौर की सर्वश्रेष्ठ ODI XI

यह भी पढ़ें | ईशान किशन तीसरे टी20 से बाहर! गंभीर के सामने नई टेंशन, नंबर-3 पर संजू सैमसन या वैभव सूर्यवंशी?

यह भी पढ़ें | वैभव-अभिषेक ओपनर, नंबर 3 संजू, भुवनेश्वर कुमार OUT, तीसरे टी-20 में ऐसी हो सकती है भारतीय प्लेइंग 11

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News, Neeraj Chopra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com