विज्ञापन

इंस्टा पर 'सख्ती' से कांग्रेस सख्त... 5 स्टार होटल में मेटा और सुप्रिया श्रीनेत में हुई मीटिंग में क्या हुआ?

इंस्टाग्राम पर कथित सेंसरशिप को लेकर यूथ कांग्रेस ने मेटा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इसी बीच दिल्ली के फाइव स्टार होटल में मेटा अधिकारियों और सुप्रिया श्रीनेत में मुलाकात भी हुई है.

इंस्टा पर 'सख्ती' से कांग्रेस सख्त... 5 स्टार होटल में मेटा और सुप्रिया श्रीनेत में हुई मीटिंग में क्या हुआ?
कांग्रेस की सोशल मीडिया हेड सुप्रिया श्रीनेत.
IANS
नई दिल्ली:

इंस्टाग्राम पर कथित सेंसरशिप के खिलाफ यूथ कांग्रेस हमलावर है. यूथ कांग्रेस मेटा के दफ्तरों पर विरोध प्रदर्शन कर रही है. अब मामला दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंच गया है. इसी बीच मेटा के अधिकारियों ने कांग्रेस की सोशल मीडिया हेड सुप्रिया श्रीनेत से मुलाकात की है. 

सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में हुई इस मुलाकात में मेटा के अधिकारियों ने सफाई दी कि वो महज भारत के कानून का पालन कर रहे हैं. 

गुरुवार को मेटा पर निशाना साधते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने कहा 'कोई भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हो मेटा हो या कोई और हो, अमेरिकी प्लेटफॉर्म है. अगर वो योजनाबद्ध तरीके से केवल विपक्ष के कंटेंट और अकाउंट पर पाबंदी लगाएंगे तो ये भारत के लोकतंत्र में दखलंदाजी है. इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.'

उन्होंने कहा, 'जिस तरह मेटा हमारे AI कंटेंट को हटाता है और बीजेपी का AI कंटेंट बना रहता है, ये पक्षपातपूर्ण है. यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष और प्रभारी का अकाउंट पर कैसे रोक लगा दी जाती है? ये क्या अभिव्यक्ति की आजादी है? हमारे लोगों में मेटा के खिलाफ नाराजगी है.'

क्या है पूरा मामला?

यूथ कांग्रेस ने पिछले दिनों आरोप लगाया था कि मोदी सरकार के दबाव में इंस्टाग्राम पर बीजेपी और सरकार विरोधी कंटेंट को बिना वजह बताए हटा दिया जाता है. 

यूथ कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया उनके अध्यक्ष उदय भानु चिब और प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टा अकाउंट पर रोक लगा दी गई थी. 

इसके बाद बीते हफ्ते यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हैदराबाद स्थित मेटा के दफ्तर के अंदर घुस कर नारेबाजी की और हंगामा किया. मुंबई और गुरुग्राम में भी प्रदर्शन हुए. 

दिल्ली से लेकर बेंगलुरु तक यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मेटा चीफ मार्क जकरबर्ग की आरएसएस की ड्रेस में तस्वीर लगा कर विरोध जताया. सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाया गया. 

यह भी पढ़ें | सपा-कांग्रेस टकराव का सेंटर क्यों बना सहारनपुर? क्या अखिलेश-इमरान की पुरानी रार से गठबंधन में खींचतान

फाइव स्टार होटल में हुई मीटिंग

इसके बाद मेटा के अधिकारियों ने कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग से संपर्क साधा और मुलाकात का आग्रह किया. कांग्रेस ने उन्हें पार्टी मुख्यालय में आने को कहा. लेकिन मेटा ने संभावित विरोध की आशंका जताई. 

इसके बाद नई दिल्ली के एक होटल में मुलाकात तय हुई, जिसमें सुप्रिया श्रीनेत दस्तावेजों के साथ पहुंचीं और मेटा के प्रतिनिधियों को उनकी कार्यप्रणाली की तीखी आलोचना की. मेटा अधिकारियों ने उन्हें उनकी सारी बातें सुनीं और भारत के नियमों और सरकारी आपत्तियों का हवाला दिया.

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मेटा का रवैया विपक्ष के प्रति भेदभावपूर्ण है और यह भारत के लोकतंत्र में हस्तक्षेप है. 

सुप्रिया श्रीनेत ने X का उदाहरण देते हुए कहा कि वो तो पोस्ट और अकाउंट पर करवाई करने से पहले यूजर को सफाई का मौका देते हैं. उदाहरणों के जरिए मेटा को घेरते हुए उन्होंने बताया कि किस तरह मोदी सरकार पर सवाल उठाने वाले और नेता विपक्ष राहुल गांधी से जुड़े कंटेंट को प्रतिबंधित किया जा रहा है.

दिल्ली हाई कोर्ट पहुंची यूथ कांग्रेस

बहरहाल, कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक विरोध प्रदर्शन और प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद मेटा की कार्रवाइयों पहले से कम हुई हैं. 

इसी बीच यूथ कांग्रेस ने आईटी नियमों के आधार पर मेटा की कार्रवाइयों को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress, Meta, Instagram, Supriya Shrinate, Social Media
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com