- आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के आभूषण आज भेंट किए जाएंगे
- सोने के 45 विशेष आभूषणों की कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है
- भव्य चढ़ावा चढ़ाने वाले भक्त ने उसका नाम उजागर न करने की अपील सरकार से की है
आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में एक भक्त गुरुवार को भगवान वेंकटेश्वर को अब तक का सबसे बड़ा सोने का चढ़ावा चढ़ाने जा रहा है. तिरुमला मंदिर को आज 121 किलो सोने के आभूषण चढ़ावे के तौर पर भेंट किए जाएंगे. इन गहनों की कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है.माना जा रहा है कि इस खास मौके पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के भी भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करने तिरुमला पहुंच सकते हैं. इनको बनाने में करीब 15 महीने का समय लगा है.
भगवान वेंकटेश्वर को चढ़ाएगा 121 किलो सोने के गहने
मंदिर को इतना बड़ा चढ़ावा देने के लिए भगवान वेंकटेश्वर के भक्त ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अधिकारियों से बातचीत पहले ही कर ली है. इस चढ़ावे में विशेष रूप से तैयार किए गए सोने के 45 आभूषण शामिल हैं, जिन्हें नौ सेटों में अरेंज किया गया है.भगवान को चढ़ाए जाने वाले इन गहनों में मुकुट, शंख-चक्र, कमरबंद, भुजकीर्तियां और अभय हस्त शामिल हैं. बता दें कि सीएम चंद्रबाबू नायडू भी भक्त के इस बड़े दान के बारे में जानकारी दे चुके हैं.

कंपनी से प्रोफिट हुआ तो भगवान को लौटाया हिस्सा
सीएम नायड़ू ने इस दान के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि भक्त ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के नाम पर एक कंपनी शुरू की थी, जिसमें उसे कामयाबी हासिल हुई. बाद में उसने अपनी कंपनी की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी 1.5 अरब डॉलर में बेच दी. उसका सोचना है कि यह संपत्ति भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की ही दी हुई है, इसलिए इसे उन्हीं को वापस कर देना चाहिए. इसीलिए भक्त अब भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलोग्राम सोना भेंट कर रहा है.

121 किलो सोने की कीमत 160 करोड़ रुपये
सीएम नायडू ने यह भी बताया कि भक्त नहीं चाहता कि उसकी पहचान उजागर की जाए. उसने विशेष रूप से अपनी पहचान गुप्त रखने की अपील की है. उसने सीएम को एक पत्र में लिखकर कहा था कि कृपया मेरा नाम उजागर न करें.उन्होंने भक्त की आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि दानकर्ता ने खुद ही 121 किलो सोने का आंकड़ा तय किया था.

जबकि उसे यह नहीं पता था कि भगवान को पारंपरिक रूप से लगभग 120 किलो वजन के आभूषण पहनाए जाते हैं.TTD सूत्रों के मुताबिक, यह मंदिर में अब तक का सबसे बड़ा सोने का चढ़ावा है, जिसे कोई व्य़क्तिगत तौर पर भेंट कर रहा है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-121 किलो सोने के आभूषण, भारत के इस मंदिर को मिलने वाला अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं