विज्ञापन
This Article is From Dec 01, 2017

एमसी मेरीकॉम ने बॉक्सिंग के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक का पद छोड़ा

खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के यह स्पष्ट करने के बाद कि कोई भी सक्रिय खिलाड़ी खेलों में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नहीं हो सकता, पांच बार की विश्व चैम्पियन एमसी मेरीकॉम ने मुक्केबाजी में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के पद से इस्तीफा दे दिया है.

एमसी मेरीकॉम ने बॉक्सिंग के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक का पद छोड़ा
एमसी मेरीकॉम पांच बार की विश्व चैम्पियन हैं (फाइल फोटो)
  • कहा, मैंने पद मांगा नहीं था, मुझे इसके लिए कहा गया था
  • खेल मंत्री राज्‍यवर्धन राठौड़ ने इस बारे में स्थिति की थी स्‍पष्‍ट
  • कोई भी सक्रिय खिलाड़ी राष्‍ट्रीय पर्यवेक्षक नहीं हो सकता
नई दिल्ली: खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के यह स्पष्ट करने के बाद कि कोई भी सक्रिय खिलाड़ी खेलों में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नहीं हो सकता, पांच बार की विश्व चैम्पियन एमसी मेरीकॉम ने मुक्केबाजी में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के पद से इस्तीफा दे दिया है. पिछले माह पांचवां एशियाई चैम्पियनशिप स्वर्ण पदक जीतने वाली मेरीकाम ने कहा,‘मैंने दस दिन पहले ही खेलमंत्री से बात करने के बाद राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के पद से इस्तीफा दे दिया. मैंने यह पद मांगा नहीं था, मुझसे इस पद को ग्रहण करने के लिये कहा गया था.’ उन्होंने कहा,‘मैंने तत्कालीन खेल सचिव इंजेती श्रीनिवास से उस समय पूछा भी था कि सक्रिय खिलाड़ियों को पर्यवेक्षक नहीं बनाने के बारे में क्या नियम है. उस समय मुझे बताया गया कि मैं यह पद स्वीकार कर लूं. मैने मंत्रालय के आग्रह पर ऐसा किया और मैं किसी अनावश्यक विवाद में नहीं पड़ना चाहती जब मैंने वह पद मांगा ही नहीं था.’

यह भी पढ़ें: एमसी मेरीकॉम ने एशियाई चैम्पियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

गौरतलब है कि तत्कालीन खेलमंत्री विजय गोयल ने मार्च में 12 राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे जिनमें मेरीकॉम भी एक थीं. इस सूची में ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा, दोहरे ओलिंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील, मुक्केबाज अखिल कुमार शामिल थे.

वीडियो: बॉक्‍सर एमसी मेरीकॉम से खास बातचीत
सुशील और मेरीकॉम अभी भी सक्रिय खिलाड़ी हैं जबकि अखिल अब अमेच्योर मुक्केबाज नहीं हैं. मेरीकॉम ने कहा,‘मेरी इसमें कभी भी रुचि नहीं थी लेकिन मैने मंत्रालय के आग्रह पर इसे स्वीकार किया. मेरे पास करने के लिये बहुत कुछ है. मुझे कोई मलाल नहीं है.’

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mc Mary Kom, Resign, Boxing’s National Observer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com