विज्ञापन

Hero की पहली 2-सीटर कार, ऊपर की ओर खुलेंगे दरवाजे, छोटी जगहों के लिए बेस्ट

Hero Vida NEX 3 Patent: हीरो मोटोकॉर्प के इलेक्ट्रिक सब-ब्रांड Vida ने अपनी बेहद अनोखी और कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार NEX 3 का पेटेंट फाइल किया है. इसका लुक काफी खास है.

Hero की पहली 2-सीटर कार, ऊपर की ओर खुलेंगे दरवाजे, छोटी जगहों के लिए बेस्ट
Hero Vida NEX 3 Concept
Vida

Hero का इलेक्ट्रिक सब-ब्रांड Vida केवल इलेक्ट्रिक स्कूटर्स और मोटरसाइकिलों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कंपनी भविष्य के शहरी सफर को आसान बनाने के लिए कई अनोखे और नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है. इन्हीं में से एक सबसे खास प्रोजेक्ट Vida Novus रेंज है, जिसके तहत कंपनी तीन मोबिलिटी सॉल्यूशन्स NEX 1, NEX 2 और NEX 3 पर काम कर रही है. इससे पहले इसी साल जून में हीरो ने NEX 2 नाम के एक सेल्फ-बैलेंसिंग तीन पहियों वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर (ट्राइक) का पेटेंट फाइल किया था. अब कंपनी ने अपनी एक बेहद अनोखी और अल्ट्रा-कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार NEX 3 का डिजाइन पेटेंट भारत में फाइल किया है, जिसने ऑटोमोबाइल बाजार में हलचल बढ़ा दी है.

Hero ने अपनी इस माइक्रो इलेक्ट्रिक कार NEX 3 को पिछले साल आयोजित मिलान मोटरसाइकिल शो (EICMA) में पहली बार दुनिया के सामने शोकेस किया था. अब लीक हुए इसके डिजाइन पेटेंट से पता चलता है कि इसके प्रोडक्शन मॉडल के ज्यादातर फीचर्स बिल्कुल कॉन्सेप्ट मॉडल जैसे ही रहने वाले हैं.

ऊपर की तरफ खुलने वाला दरवाजा

इस माइक्रो कार की सबसे बड़ी और अनोखी USP इसका सिंगल विंग-स्टाइल डोर है, जो नॉर्मल कारों की तरह बगल में खुलने के बजाय सीधे ऊपर की तरफ खुलता है. ये डोर जहां एक तरफ इस छोटी कार को एक सुपरकार जैसा स्पोर्टी और स्टाइलिश लुक देता है, वहीं इसके कई प्रैक्टिकल फायदे भी हैं. जब आप इस गाड़ी को किसी बहुत तंग या भीड़भाड़ वाली पार्किंग स्पेस में खड़ी करेंगे, तो ये डोर आसानी से ऊपर की तरफ खुल जाएगा जिससे बगल में ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होगी. कार के छोटे साइज के मुकाबले ये दरवाजा काफी बड़ा है, जिससे पैसेंजर्स को कार के अंदर बैठने और बाहर निकलने में कोई परेशानी नहीं होगी. इसके अलावा, खुली हुई स्थिति में ये डोर बाहर का एक बहुत ही साफ और शानदार नजारा भी देता है.

ये कार साइज में काफी छोटी है, इसलिए इसमें बड़ा डोर और बड़ी विंडो दी गई हैं ताकि केबिन के अंदर बैठने वाले यात्रियों को किसी भी तरह की घुटन महसूस न हो. हीरो इस NEX 3 को एक "माइक्रो SUV" कहता है, और इसका बाहरी मस्कुलर डिजाइन इस दावे को पूरी तरह सही साबित करता है. इसके फ्रंट में एक बोल्ड V-शेप की ग्रिल दी गई है, जिसके दोनों तरफ ट्रेपेज़ॉइडल फॉर्मेट में वर्टिकली स्टैक्ड एलईडी लाइट्स लगी हैं.

इसके बोनट पर पूरी चौड़ाई वाली एलईडी स्ट्रिप मिलने की उम्मीद है. ये छोटी कार बड़े एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स और लो-प्रोफाइल टायर्स के साथ आती है. इसके अन्य बाहरी फीचर्स में बाहर की तरफ उभरे हुए मस्कुलर व्हील आर्च, दूसरी लाइन के यात्री के लिए एक बड़ी खिड़की और पीछे की तरफ झुकी हुई रूफलाइन शामिल है. पीछे की तरफ देखें तो Vida NEX 3 में एक अनोखा हेक्सागोनल स्टाइल का बूट लिड और एक बड़ा स्पोर्टी बंपर दिया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

केबिन और फीचर्स

Hero Vida NEX 3 खासतौर से मॉडर्न और भीड़भाड़ वाले शहरों में तेजी से सफर करने के लिए बनाई गई एक 2-सीटर गाड़ी है. इसका इंटीरियर काफी सिंपल और मिनिमलिस्टिक है, लेकिन केबिन के माहौल को अच्छा बनाने के लिए इसमें कुछ ब्राइट कलर्स का इस्तेमाल किया गया है. इस माइक्रो कार में हेक्सागोनल साइज का स्टीयरिंग व्हील और डुअल सर्कुलर इंस्ट्रूमेंट डॉयल्स के साथ एक साफ-सुथरा डैशबोर्ड दिया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

इस कार की एक और बड़ी खासियत ये है कि इसमें कस्टमाइजेबल इंटीरियर मिलेगा, यानी ग्राहक अपनी पसंद के हिसाब से केबिन के अंदर कई तरह के बदलाव और पर्सनलाइजेशन करा सकेंगे. कॉम्पैक्ट साइज होने के बावजूद इसमें दो लोगों के लिए काफी आरामदायक सीटें दी गई हैं. हालांकि हीरो ने अभी तक इसके इंजन, बैटरी कैपिसिटी और रेंज के स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि इसमें ऑटोमैटिक AC और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर्स मिलेंगे. भले ही हीरो Vida ने इसके डिजाइन पेटेंट को भारत में फाइल कर दिया है, लेकिन इसके लॉन्च की टाइमलाइन की घोषणा अभी नहीं की गई है. 

यह भी पढ़ें | देसी डिफेंडर और स्कोर्पियो पिकअप.. Mahindra लॉन्च करेगी ये दमदार गाड़ियां, देखें लिस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hero, Bike, Hero Vida, Car
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com