AMFI Data October 2026: भारतीय म्यूचुअल फंड्स इंडस्ट्री के लिए अक्टूबर का महीना बेहद शानदार रहा है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) द्वारा बुधवार, 11 नवंबर को जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में कुल शुद्ध इनफ्लो (Net Inflow) ₹1,73,839.91 करोड़ रहा है. इससे पहले सितंबर महीने में ₹1,33,375.57 करोड़ की निकासी (Outflow) दर्ज की गई थी.
इन आंकड़ों से साफ है कि घरेलू निवेशकों का भारतीय शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड्स पर भरोसा मजबूती से कायम है.
इक्विटी फंड्स में लार्ज एंड मिडकैप का दबदबा
अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में कुल ₹32,993.64 करोड़ का निवेश आया. इसमें अलग-अलग कैटेगरीज का प्रदर्शन इस प्रकार रहा.
- लार्ज एंड मिडकैप फंड्स: ₹8,484.23 करोड़ के शुद्ध इनफ्लो के साथ निवेशकों की पहली पसंद बने रहे.
- स्मॉलकैप फंड्स: ₹6,407.50 करोड़ के निवेश के साथ दूसरे स्थान पर रहे.
- फ्लेक्सीकैप फंड्स: ₹4,979.95 करोड़ के शुद्ध इनफ्लो के साथ तीसरे नंबर पर रहे.
अन्य कैटेगरीज की बात करें तो मिडकैप फंड्स में ₹4,892.62 करोड़, मल्टीकैप में ₹2,977.86 करोड़, कॉन्ट्रा फंड्स में ₹1,694.13 करोड़ और लार्जकैप फंड्स में ₹1,032.39 करोड़ का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया.
ईटीएफ और इंडेक्स फंड्स का प्रदर्शन
पैसिव फंड्स और ईटीएफ में भी निवेशकों ने दिल खोलकर पैसा लगाया.
एक्सचेंज ट्रेड फंड्स (ETFs): ईटीएफ में कुल ₹20,303.98 करोड़ का शुद्ध इनफ्लो रहा. इसमें इक्विटी ईटीएफ में ₹12,973.78 करोड़, गोल्ड ईटीएफ में ₹3,474.03 करोड़, सिल्वर ईटीएफ में ₹3,092.22 करोड़, डेट ईटीएफ में ₹751.11 करोड़ और अन्य ईटीएफ में ₹10.92 करोड़ का निवेश आया.
इंडेक्स फंड्स: इंडेक्स फंड्स में कुल ₹3,090.51 करोड़ का शुद्ध इनफ्लो आया, जिसमें इक्विटी इंडेक्स फंड्स का हिस्सा ₹1,947.81 करोड़, डेट का ₹1,134.42 करोड़ और हाइब्रिड फंड्स का हिस्सा ₹8.27 करोड़ रहा.
विदेश के मुकाबले घरेलू बाजार पर जोर, AUM ₹83.38 लाख करोड़ पार
विदेशों में निवेश करने वाले (Overseas) फंड्स से अक्टूबर में -₹370.11 करोड़ का आउटफ्लो देखा गया, जो दिखाता है कि निवेशक भारतीय बाजार में ही पैसा लगाने को प्राथमिकता दे रहे हैं.इस मजबूत इनफ्लो के चलते भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 30 सितंबर 2026 के ₹82,64,116.63 करोड़ से बढ़कर 30 अक्टूबर 2026 तक ₹83,38,858.06 करोड़ के नए स्तर पर पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें | बजट 2027 से पहले LTCG टैक्स खत्म करने और STCG को आधा करने की उठी मांग, जानें PHDCCI के 5 बड़े सुझाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं