विज्ञापन

'जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट नहीं बुलाएगी कॉकरोच जनता पार्टी', सौरव और आशुतोष की रिहाई से पहले कोर्ट में क्या हुआ?

सीजेपी के सौरव दास और आशुतोष रांका 14 अक्टूबर से न्यायिक हिरासत में थे. इससे एक दिन पहले, उन्होंने जंतर-मंतर के बंद गेट को फांदकर वहां तिरंगा फहराया था.

'जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट नहीं बुलाएगी कॉकरोच जनता पार्टी', सौरव और आशुतोष की रिहाई से पहले कोर्ट में क्या हुआ?
50-50 हजार के बॉन्ड पर रिहा हुए आशुतोष और सौरव दास (Photo: IANS)
नई दिल्ली:

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास को सात दिनों की न्यायिक हिरासत के बाद बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया. सीजेपी नेताओं ने नई दिल्ली में एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में शपथ ली कि वे जंतर-मंतर पर किसी भी तरह का प्रोटेस्ट नहीं बुलाएंगे, क्योंकि यह अब प्रोटेस्ट साइट के रूप में अधिसूचित नहीं है. कोर्ट के आदेश के मुताबिक, सौरव दास और आशुतोष ने एक जैसे शब्दों में कहा, "मैं यह वचन देता हूं और वादा करता हूं कि मैं शांति भंग नहीं करूंगा. इसके अलावा, मैं यह भी स्पष्ट करता हूं कि मुझे न्यायपालिका और उसकी सभी प्रणालियों पर पूरा भरोसा है, जिसमें यह SEM अदालत भी शामिल है."

शपथ-पत्र में कहा गया, "हम शांति, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक अमन-चैन बनाए रखने के अपने वादे को दोहराते हैं. जब तक कानून के मुताबिक जंतर-मंतर को फिर से प्रोटेस्ट साइट के रूप में अधिसूचित नहीं किया जाता, तब तक हम वहां कोई प्रोटेस्ट नहीं बुलाएंगे." इसमें आगे कहा गया, "हम यह भी दोहराते हैं कि अगर कोई प्रोटेस्ट किया जाता है, तो वह पूरी तरह से संविधान के दायरे में रहकर ही किया जाएगा."

मजिस्ट्रेट ने सौरव दास और आशुतोष को 50 - 50 हजार रुपये के पर्सनल बॉन्ड और श्योरिटी बॉन्ड भरने का निर्देश देकर उन्हें रिहा करने का आदेश दिया और कहा कि उनके खिलाफ जांच जारी रहेगी. अगली सुनवाई शुक्रवार को होनी है.

'सत्य की जीत...'

सौरव और आशुतोष 14 अक्टूबर से न्यायिक हिरासत में थे. 13 अक्टूबर को उन्होंने जंतर-मंतर के बंद गेट फांदे और इसे प्रोटेस्ट के लिए तय जगह की लिस्ट से हटाए जाने के विरोध में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. अभियोजन पक्ष ने कहा कि इस हरकत से उस पीस बॉन्ड का उल्लंघन हुआ है, जिस पर दोनों ने 10 अक्टूबर को हिरासत में लिए जाने के बाद साइन किए थे. उसी दिन उन्होंने कथित चुनावी धांधली के खिलाफ प्रोटेस्ट बुलाया था.

सौरव दास को जब कोर्ट के बाहर लाया जा रहा था तो उन्होंने कहा, "सत्य की जीत हुई है." दिल्ली पुलिस ने इन दोनों नेताओं के लिए तीन और दिनों की न्यायिक हिरासत की मांग की थी.

14 अक्टूबर को जब सौरव और आशुतोष को SEM के सामने पेश किया गया था, तो उन्हें शुरुआत में पांच दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था और सोमवार को इस हिरासत को दो दिन और बढ़ा दिया गया.

सीजेपी वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेशिव रिवीजन यानी एसआईआर में एकतरफा कार्यप्रणाली और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है. यह मुद्दा राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष द्वारा भी उठाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें | बॉन्ड क्यों तोड़ा? CJP के आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली हाईकोर्ट ने लगाई फटकार तो याचिका ली वापस

यह भी पढ़ें | रामलीला में 30 फीट कॉकरोच का पुतला जलाने की तैयारी, अभिजीत दीपके ने कहा- शुक्रिया...

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cockroach Janta Party (CJP), Saurav Das, Ashutosh Ranka, Jantar Mantar Protest Against CJI Resign, Gyanesh Kumar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com