- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और इंडिया अलायंस के सभी दल विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं.
- भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को एलन मस्क के इशारे से जोड़ा है.
- बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि चुनाव जीतकर नए कानून बनाकर ही इस्तीफा देना उचित होगा, जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बीते कुछ दिनों से लगातार विरोध-प्रदर्शन का दौर जारी है. कांग्रेस सहित इंडिया अलायंस के अन्य सभी दल लगातार इस मु्द्दें पर आवाज बुलंद कर रहे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी ने भी मोर्चा खोल रखा है. हालांकि अब कथित वोट चोरी और चुनाव में हुई गड़बड़ियों का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है. विपक्ष के इन हमलों के बीच बीजेपी सहित एनडीए में शामिल अन्य दल चुनाव में हुई गड़बड़ियों को नकार रहे हैं. इस बीच भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा बयान सामने आया है. भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि आंदोलन एलन मस्क के इशारे पर हो रहा है. हालांकि पहली बार में उन्होंने मस्क को कारोबारी मय्सक बताया. लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि एलन मस्क के इशारे पर आंदोलन हो रहा है.
'चुनाव जीतकर आइए, कानून बनाइए फिर इस्तीफा लीजिए'
गुरुवार को उन्नाव पहुंचे कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक मंदिर का लोकार्पण किया. जिसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कहा- इस्तीफा लेना है तो 2029 में जनता के पास जाइए. चुनाव जीतकर आइए, नया कानून बनाइए, फिर इस्तीफा लीजिए. उन्होंने यह भी कहा कि इनके कहने से इस्तीफे होने लगे तो देश में कोई पद नहीं बचेगा.
2023 तक चुनाव आयोग की नियुक्ति की नहीं थी कोई प्रक्रिया
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर बृजभूषण शरण सिंह ने यह भी कहा कि 2023 तक चुनाव आयोग में नियुक्ति की कोई प्रक्रिया नहीं थी. सरकार जिसे चाहती थी उसे चुनाव आयुक्त बना देती थी, एम.एस. गिल, नवीन चावला ऐसे ही बने. बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद प्रॉपर पॉलिसी बनी.
तय प्रक्रिया से गुजरकर ज्ञानेश बने चुनाव आयुक्तः बृजभूषण शरण सिंह
भाजपा के पूर्व सांसद ने आगे कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में नई पॉलिसी बनी, जिसमें पीएम, नेता प्रतिपक्ष और पीएम द्वारा नामित एक मंत्री शामिल है. प्रक्रिया से गुजरकर ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त बने हैं. पहले तो प्रक्रिया ही नहीं थी, अब प्रक्रिया से बने हैं तो इस्तीफा क्यों मांग रहे हैं?
यह भी पढ़ें - 'सिटिंग CEC को दिया पद्मविभूषण, दो को बनाया राज्यपाल...', ज्ञानेश कुमार मामले पर बीजेपी का कांग्रेस पर पलटवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं