टीम इंडिया की सीरीज से इतर वर्ल्ड क्रिकेट में जब से कंगारू पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' रिलीज हुई है, तब से क्रिकेट जगत में अलग तरह का भूचाल सा आया हुआ है. मीडिया में हर दिन नए और चौंकाने वाले किस्से सामने आ रहे हैं. इसी के साथ ही पिछले दशक के ऑस्ट्रेलिया के इस सबसे कुख्यात क्रिकेटिंग पल को लेकर बहस और चर्चाएं हाल ही में फिर से शुरू हो गई हैं. पहले तो उस्मान ख्वाजा ने किताब में यही लिखकर पूरी दुनिया को चौंका दिया कि साल 2018 में हुई बॉल टैंबरिंग और सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पूरी टीम को मालूम था. और अब और भी बातें सामना आ रही हैं. अब किताब का एक किस्सा उस्मान ने बयां किया कि वास्तव में किन पलों में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने गेंद से 'कलाकारी' की. वहीं, ऐसे दो खिलाड़ियों का भी जिक्र ख्वाजा ने किया जो सब कुछ करते और जानते हुए भी जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते थे. हालांकि, उन्होंने नामों का जिक्र नहीं किया
पोर्ट एलिजाबेथ में भी की गई गेंद से 'कलाकारी'
ख्वाजा ने लिखा, 'मैंने व्यक्तिगत रूप से कभी गेंद के साथ छेड़छाड़ नहीं की, लेकिन जो कुछ भी चल रहा था मुझे उसके बारे में सब पता था और मैं इसके खिलाफ नहीं था, जो मुझे भी इसमें शामिल (सह-अपराधी) बनाता है कि बॉल-टैम्परिंग कैसे हुई.' ख्वाजा ने दस्तावेज में बताया कि सैंडपेपर का उपयोग करके बॉल-टैम्परिंग कैसे की गई थी, और दावा किया कि यह पोर्ट एलिजाबेथ में दूसरे टेस्ट के दौरान भी किया गया था, न कि केवल केप टाउन में तीसरे टेस्ट के दौरान. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी केपटाउन में ही पकड़े गए थे
'कैमरून बैनक्रॉफ्ट आए सामने'
ख्वाजा ने लिखा, 'हम सब जानते थे कि जब हम मैदान पर उतरेंगे तो अंपायर बाउंड्री पर गेंद गिराएंगे. उस समय हम पर कोई कैमरा नहीं होगा और अंपायर हमसे करीब 100 मीटर आगे होंगे. तब हम जो चाहें कर सकते थे. इस पर तुरंत ही बुल (डेविड वार्नर) ने कहा, "मैं यह नहीं कर सकता वे सब मुझ पर नजर रखे हुए हैं." मैं भी कभी यह करने वाला नहीं था, और न ही मुझे लगता था कि कोई और करेगा. इसलिए मैं सिर्फ हंसा. फिर, कैमरून बैनक्रॉफ्ट, जो अपने टेस्ट करियर के केवल छह मैचों में थे और शायद टीम में ढलना चाहते थे, उन्होंने कहा, 'मैं इसे कर दूंगा"
'इसे तो मैं भी स्विंग करा सकता हूं'
ख्वाजा ने आगे लिखा, 'अगले सत्र में, हमने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को बुरी तरह परेशान किया। उस सत्र के दौरान जब भी गेंद गली में मेरे पास आती, मैं एक नजर डालता और सोचता, 'वाह, इस गेंद से तो मैं भी रिवर्स स्विंग करा सकता हूं।' मैं जानता हूं कि आप अभी क्या सोच रहे होंगे. क्या आप लोग पोर्ट एलिजाबेथ में नहीं, बल्कि केप टाउन में पकड़े गए थे? हां, हम पकड़े गए थे, लेकिन किसने कहा कि हमने उससे पिछले मैच में ऐसा नहीं किया था?"
पकड़े जाने और उसके बाद का परिणाम
ख्वाजा ने बताया कि जब ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बड़ी स्क्रीन पर बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए फुटेज देखा, तो उन्हें कैसा महसूस हुआ था. ख्वाजा ने कहा, 'मैदान पर मौजूद हम में से हर एक लड़का उस वक्त बुरी तरह डरा हुआ था. और बैंगर्स (बैनक्रॉफ्ट) की हालत सबसे खराब थी. फिर बड़ी स्क्रीन पर सबसे बड़ा झटका लगा. इसमें दिखाया गया कि कैमरून ने सैंडपेपर लिया और उसे अपने अंडरवियर में रख लिया. हम जान चुके थे कि हमने बहुत बुरी तरह गड़बड़ कर दी थी.'
ख्वाजा, जो इस साल की शुरुआत में रिटायर हो चुके हैं, ने इस बात पर सहानुभूति व्यक्त की कि स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और बैनक्रॉफ्ट को इस मामले का सारा ठीकरा अपने सिर फोड़ना पड़ा, और इस बात पर हैरानी जताई कि कुछ साथियों ने इस घटना से पूरी तरह से दूरी बना ली. उन्होंने कहा कि दो लोग इस घटना की सामूहिक जिम्मेदारी लेने के पक्ष में नहीं थे. ख्वाजा ने लिखा, 'यह मेरे लिए सबसे निराशाजनक हिस्सा था. मैं जानता था कि वे दो लोग कौन थे और यह हास्यास्पद था कि हर किसी में से वे दोनों लोग ऐसे निकले. हालांकि, इससे मुझे उनके असली रंग देखने को मिल गए, जब वक्त मुश्किल हुआ, तो वे सिर्फ अपनी परवाह करते थे। लेकिन मैं इस मुद्दे के लिए लड़ना बंद नहीं करने वाला था.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं