भारत की दिग्गज मुक्केबाज और ओलंपिक मेडल विजेता मैरी कॉम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उनके पूर्व पति करोंग ओंखोलेर द्वारा दायर आपराधिक मानहानि मामले में उन्हें प्री-समनिंग नोटिस जारी किया है. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर 2026 को तय की है.
क्या है पूरा मामला?
करोंग ओंखोलेर ने आरोप लगाया है कि मैरी कॉम ने 11 जनवरी 2026 को प्रसारित एक टीवी इंटरव्यू के दौरान उनके बारे में कई गलत और मानहानिकारक टिप्पणियां की थीं. शिकायत के अनुसार, इन बयानों में उन्हें बेईमान, बेवफा, बेरोजगार और मैरी कॉम पर आर्थिक रूप से निर्भर व्यक्ति के रूप में पेश किया गया.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मैरी कॉम ने उन पर अपने बैंक खातों से पैसे के दुरुपयोग और बच्चों के प्रति जिम्मेदारियां नहीं निभाने जैसे आरोप लगाए थे. ओंखोलेर का दावा है कि इन टिप्पणियों से समाज में उनकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा और एक पति तथा पिता के रूप में उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई.
VIDEO | Delhi: Advocate Akash Krishana, counsel for boxer Mary Kom's ex husband Karong Onkholer, says, "Today, we concluded our pre-summoning evidence before the Saket District Court in the defamation case filed by Karong Onkholer against boxer Mary Kom. The court has subsequently issued a pre-cognizance notice to Mary Kom, and the next date of hearing is December 21, 2026. Mary Kom had made several defamatory remarks against her ex-husband during a widely televised show that was broadcast nationally and internationally. These remarks hurt his sentiments and caused significant damage to his career and reputation. Therefore, he filed a defamation case against his ex-wife." (Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) November 20, 2026
अदालत में क्या हुआ?
शुक्रवार को साकेत कोर्ट में शिकायतकर्ता समेत तीन लोगों के बयान दर्ज किए गए. इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) शिवम गुप्ता ने मैरी कॉम को प्री-समनिंग नोटिस जारी किया. ओंखोलेर की ओर से पेश अधिवक्ता आकाश कृष्णा ने बताया कि अदालत में प्री-समनिंग साक्ष्य की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब मैरी कॉम को नोटिस जारी किया गया है. उन्होंने दावा किया कि टीवी शो में दिए गए बयानों से उनके मुवक्किल की भावनाओं, करियर और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा.
पूर्व पति ने क्या कहा?
शिकायत में करोंग ओंखोलेर ने मैरी कॉम के उन दावों का खंडन किया है, जिनमें उन्हें बेरोजगार या उनकी कमाई पर निर्भर बताया गया था. उनका कहना है कि उन्होंने अपने करियर और पेशेवर अवसरों का त्याग कर मैरी कॉम के खेल करियर को समर्थन दिया और परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं. शिकायत के अनुसार, दोनों की शादी 12 मार्च 2005 को हुई थी और वे फरीदाबाद में साथ रहते थे. बाद में 20 दिसंबर 2023 को पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत उनका वैवाहिक संबंध समाप्त हो गया.
किस धारा में दर्ज हुआ मामला?
यह शिकायत 6 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत दायर की गई थी. यह धारा आपराधिक मानहानि से संबंधित है. ओंखोलेर का आरोप है कि मैरी कॉम के बयान झूठे, दुर्भावनापूर्ण और उनकी छवि खराब करने की मंशा से दिए गए थे. उन्होंने अदालत से मामले का संज्ञान लेने और मैरी कॉम को मुकदमे का सामना करने के लिए समन जारी करने की मांग की है.
फिलहाल अदालत ने केवल प्री-समनिंग नोटिस जारी किया है और मामले की सुनवाई जारी है. 21 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में मैरी कॉम की ओर से जवाब दाखिल किया जाएगा. इस मामले ने देश की सबसे चर्चित खेल हस्तियों में से एक मैरी कॉम और उनके पूर्व पति के बीच विवाद को कानूनी मोड़ दे दिया है.
यह भी पढ़ें- PM मोदी से मुलाकात के बाद चला SKY का बल्ला! सूर्याकुमार यादव ने फॉर्म में वापसी का बताया राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं