एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भारत की मेडल की उम्मीदों को झटका लगा, ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर बहुत कम अंतर से पोडियम तक पहुंचने से चूक गईं. भारतीय शूटर फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं और इस इवेंट में जीत की प्रबल दावेदार मानी जाने के बावजूद बिना किसी मेडल के उनका सफर खत्म हुआ. यह नतीजा भारतीय फैंस के लिए निराशाजनक रहा, जिन्हें स्टार शूटर से एक और बड़े मेडल की उम्मीद थी. हालांकि, मनु भारत की सबसे बेहतरीन शूटिंग प्रतिभाओं में से एक बनी हुई हैं और आने वाले इवेंट्स में वापसी करने की कोशिश करेंगी.
आंखों में आंसू..चेहरे पर मायूसी
मनु भाकर से बड़ी चूक हुई, उनका आखिरी शॉट 9.6 का रहा. यह उम्मीद से कहीं कम था जिसके कारण मनु फाइनल की दौड़ से बाहर हो गईं मनु महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल फ़ाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं और भारत पिस्टल फाइनल में कोई भी मेडल नहीं जीत सका. मनु मेडल की दौड़ से बाहर हुईं, तो उनके चेहरे पर मायूसी थी. आंखों में आंसू की हल्की परत नजर आ रही थी. मनु खुद के परफॉर्मेंस से काफी निराश दिखी, मेडल की दौड़ से बाहर होने के बाद मनु ने फैन्स का अभिवादन किया और सीधे जाकर कुर्सी पर बैठ गई. मनु के चेहरे के भाव को देखकर समझा जा सकता था कि उन्हें कितनी निराशा हुई है.
एशियाई गेम्स में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में मनु भाकर 181.1 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहीं. इस बार महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कोई भी शूटर पोडियम तक नहीं पहुंच पाई.
कोरिया की चू गाउएन ने जीता गोल्ड मेडल
कोरिया की चू गाउएन ने महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में नया एशियाई गेम्स में रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने 246.3 का स्कोर किया, जो इस इवेंट के वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ 0.6 कम था. उन्होंने चीन की सिल्वर मेडलिस्ट यियाओ शेन से 5 पॉइंट ज्यादा का स्कोर करके जीत गोल्ड मेडल अपने नाम करने में सफल रहीं.
इससे पहले मनु भाकर क्वालिफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहने के बाद महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में पहुंची थी. .धीमी शुरुआत के बाद मनु 20x सहित कुल 579 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर पहुंचने में सफलता हासिल की थी. दूसरी ओर ईशा सिंह 572-12x (94, 93, 95, 97, 97, 96) के कुल स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन राउंड में 15वें स्थान पर रहीं, जबकि सुरुचि सिंह 568-12x के स्कोर के साथ 26वें स्थान पर रहीं थी.
ये भी पढ़ें- कौन हैं 36 साल की सुचिका तरियाल? विश्व चैंपियन को हराकर एशियन गेम्स में भारत को दिलाया MMA ब्रॉन्ज मेडल
ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स 2026: मीराबाई चानू के पास इतिहास रचने का मौका, मेडल जीतते ही बना देंगी यह महारिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं