- राजस्थान में परिसीमन के अनुसार विधानसभा सीटें 200 से बढ़ाकर 300 और लोकसभा सीटें 25 से बढ़ाकर 38 की जा सकती हैं
- परिसीमन के बाद विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव होगा
- महिला आरक्षण के तहत लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी
राजस्थान की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव पर आगे बढ़ने के साथ ही प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा की सीटें बढ़ने की चर्चा तेज हो गई है. प्रस्ताव के मुताबिक राज्यों में मौजूदा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकती है. ऐसा हुआ तो राजस्थान विधानसभा की 200 सीटें बढ़कर 300 हो सकती हैं. वहीं लोकसभा की 25 सीटें बढ़कर 38 होने का अनुमान है.
सीटें बढ़ने का असर सिर्फ सदन की संख्या पर नहीं पड़ेगा. परिसीमन के बाद विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं भी नए सिरे से तय होंगी. कई मौजूदा क्षेत्र छोटे हो सकते हैं तो कुछ नए निर्वाचन क्षेत्र बनाए जा सकते हैं. इससे राजनीतिक दलों के सामने नए क्षेत्रों में संगठन खड़ा करने और नए चेहरों को मौका देने की चुनौती होगी.
राजस्थान विधानसभा में अभी 200 विधायक हैं. 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव के हिसाब से इनकी संख्या 300 हो सकती है. अभी सरकार बनाने के लिए 101 विधायकों का समर्थन जरूरी है. सीटें बढ़कर 300 हुईं तो बहुमत का आंकड़ा 151 पहुंच जाएगा. इस वजह से करीब पांच दशक बाद विधानसभा की तस्वीर बदलने की संभावना है. राजस्थान विधानसभा में आखिरी बार 1977 में सीटें बढ़ाई गई थीं. उस समय 184 से बढ़ाकर 200 सीटें की गई थीं. इसके बाद से विधानसभा में सीटों की संख्या 200 ही बनी हुई है.
राजस्थान में अभी लोकसभा की 25 सीटें हैं. प्रस्ताव में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के आधार पर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 38 हो सकती है. यानी राजस्थान से 13 सांसद और चुने जा सकेंगे. हालांकि सीटों की अंतिम संख्या और उनके क्षेत्र परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होंगे.
विधानसभा ने भी शुरू की तैयारी
विधायकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए राजस्थान विधानसभा में भी जगह और बैठने की व्यवस्था को लेकर तैयारी की गई है. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पहले ही परिसीमन के बाद विधानसभा में करीब 270 सदस्य होने की संभावना जता चुके हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए विधानसभा के चौथे तल पर करीब 280 सदस्यों की क्षमता वाला हॉल तैयार करने की योजना सामने आई थी. मुख्यमंत्री की ओर से इसके लिए 14 करोड़ रुपये की घोषणा भी की गई थी. विधानसभा परिसर में संसद की तर्ज पर सेंट्रल हॉल बनाने की योजना पर भी विचार किया गया है. हालांकि अब नए प्रस्ताव के हिसाब से विधानसभा में 300 सदस्य हो सकते हैं. ऐसे में पहले की गई तैयारी पर्याप्त होगी या इसमें और विस्तार करना पड़ेगा यह देखना होगा.
महिला आरक्षण से बदलेगा टिकटों का गणित
परिसीमन के साथ महिला आरक्षण भी राजनीतिक दलों के लिए बड़ा मुद्दा होगा. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है. वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर शर्मा का कहना है कि सदस्यीय विधानसभा होने पर करीब 100 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं. इसी तरह 38 सदस्यीय लोकसभा में करीब 13 सीटें महिलाओं के हिस्से में आ सकती हैं. आरक्षित सीटें कौन-सी होंगी, इसका फैसला परिसीमन की प्रक्रिया में होगा.
इससे मौजूदा विधायकों और सांसदों के चुनावी क्षेत्रों का समीकरण बदल सकता है. जिन सीटों पर महिला आरक्षण लागू होगा वहां राजनीतिक दलों को नए उम्मीदवार तलाशने पड़ेंगे. महिला नेताओं के लिए भी चुनाव लड़ने के अवसर बढ़ेंगे.
राजनीतिक विश्लेषक अरविंद चोटिया का कहना है कि राजस्थान में परिसीमन का असर हर जिले में दिखाई दे सकता है. नए विधानसभा क्षेत्र बनने से कई नेताओं का राजनीतिक प्रभाव क्षेत्र बदल जाएगा. अभी जो नेता किसी बड़े विधानसभा क्षेत्र में अपनी पकड़ रखते हैं उन्हें नए बने क्षेत्रों में भी जनाधार तैयार करना होगा. राजनीतिक दलों के लिए भी यह आसान नहीं होगा. उन्हें नए क्षेत्रों में संगठन, जातीय और सामाजिक समीकरणों के साथ स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखकर रणनीति बनानी पड़ेगी. नए क्षेत्र बनने से स्थानीय स्तर पर नए राजनीतिक चेहरे भी सामने आ सकते हैं.
फिलहाल 300 विधानसभा और 38 लोकसभा सीटों का आंकड़ा प्रस्ताव में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के आधार पर अनुमानित है. संसद में जरूरी विधायी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिसीमन आयोग का गठन और उसकी कार्यवाही आगे बढ़ेगी. आयोग ही निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं तय करेगा. राजस्थान में करीब 49 साल बाद विधानसभा की सीटें बढ़ने की संभावना ने राजनीतिक दलों की चिंता और तैयारी दोनों बढ़ा दी हैं. सीटों की संख्या बढ़ी तो चुनाव लड़ने के लिए ज्यादा मौके होंगे लेकिन पुराने राजनीतिक समीकरण भी बदलेंगे. आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति का नया नक्शा इसी परिसीमन से तय होगा.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पूरे देश में इस बात को लेकर चिंता है कि परिसीमन की प्रक्रिया इतनी जल्दबाजी में क्यों की जा रही है. उनका सवाल है कि इसे नई जनगणना के आधार पर क्यों नहीं कराया जा रहा.
गहलोत ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परिसीमन की प्रक्रिया को एकतरफा तरीके से आगे बढ़ाना चाहती है. उन्होंने आशंका जताई कि इसके जरिए आरएसएस और बीजेपी का स्थायी राजनीतिक वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, "यह कोई मामूली मुद्दा नहीं है. देश किस दिशा में जा रहा है, यह एक गंभीर सवाल है और इस पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए."
यह भी पढ़ें | परिसीमन बिल पर बोली कांग्रेस- हमेशा के लिए सत्ता हथियाने की कोशिश, उठा दिया SC-ST वाला एक सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं