भारतीय ओलिंपिक संघ-IOA के अध्यक्ष की रेस अब और खुल गई है. IOA अगला अध्यक्ष कौन होगा इसे लेकर गहमागहमी और तेज हो गई है. देश के अलग-अलग खेल संघ और भारतीय ओलिंपिक संघ के अधिकारियों के बीच भी अगले अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. NDTV सूत्रों को मिली जानकारी के मुताबिक अब इस रेस में ओलिंपिक संघ के पूर्व जनरल सेक्रेटरी और मौजूदा फेंसिंग इंडिया के जनरल सेक्रेटरी राजीव मेहता भी इस रेस में शामिल हो गए हैं. ऐसे में आईओए अध्यक्ष की रेस को लेकर दिलचस्पी आम और बढ़ गई नजर आती है.
राजीव मेहता भी रेस में- सूत्र
IOA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी राजीव मेहता 2014 से लेकर 2022 तक 8 साल ओलिंपिक संघ का कामकाज देखते रहे. NDTV से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मेरा चार साल का कूलिंग पीरियड पूरा हो चुका है और मैं मानता हूं कि IOA की ऑटोनमी बरक़रार रहनी चाहिए.'
उनसे पूछे जाने पर कि क्या वो ‘अध्यक्ष पदक का चुनाव भी लड़ेंगे?', उन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले. लेकिन सूत्रों ने बताया कि वो अध्यक्ष पद की रेस के लिए गंभीर हो गए हैं. सूत्रों ने ये भी बताया कि नामांकन से पहले उनकी ओर से भी खेमेबाज़ी तेज़ हो गई है.
इस रेस में पूर्व ओलिंपिक पदक विजेता शूटर गगन नारंग के नाम अबतक सबसे ज़्यादा मज़बूत दिखाई दे रहा है. गगन रांग के लिए मौजूदा अध्यक्ष पीटी उषा का नाम तो है ही, सायना नेहवाल और कई सूत्र तो वीरेंद्र सचदेवा का नाम भी ले रहे हैं. ये सभी नाम IOA और खेल संघों के अधिकारी ले तो रहे हैं साथ ही खेमेबाज़ी भी करते दिखाई दे रहे हैं.
हफ़्ते भर में नामांकन, 5 दिसंबर को चुनाव
IOA के अध्यक्ष का चुनाव 5 दिसंबर को हाना है. उससे पहले 21 नवंबर से शुरू होकर अगले दो दिनों में इसके लिए नामांकन हो जाएंगे जिससे इसकी तस्वीर और साफ हो जाएगी.
IOA के प्रेसीडेंट और अधिकारियों के चुनाव से पहले चुनावी प्रक्रियाओं के हर अलग-अलग स्टेज राजनीति भी हो रही है और खेमेबाज़ी भी.
हफ़्ते भर पहले 9 नवंबर को पीटी उषा को ‘स्पोर्ट्समैन ऑफ मेरिट-SOM' चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. उस चुनाव में वो अंजू बॉबी जॉर्ज (53 वोट), रानी रामपाल (50 वोट), डोला बनर्जी (45 वोट) और साइना नेहवाल (43 वोट) से हार गईं और पांचवें नंबर पर (40 वोट) रहीं.
उषा ने हार नहीं मानी. बेइमानी और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया और इसकी शिकायत अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक परिषद- IOC तक से कर दी और लगा कि उषा का खेल खत्म.
मगर 12 नवंबर यानी गुरुवार देर रात जारी IOA कार्यकारी परिषद की प्रोविजनल इलेक्टोरल कॉलेज लिस्ट सामने आई तो 28वें नंबर पर पीटी उषा की नुमाइंदगी करती दिखीं और IOA के प्रेसीडेंट की रेस दिलचस्प हो गई.
‘स्पोर्ट्समैन ऑफ मेरिट-SOM' में चार पुरुष एथलीटों के चुनाव सर्वसम्मति से तय हुए. पुरुष वर्ग के SOM के चुनाव में पूर्व ओलिंपिक पदक विजेता शूटर गगन नारंग के साथ 8 बार के नेशनल चैंपियन टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता, पूर्व ओलिंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त और पूर्व ओलिंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेन्दर सिंह के नाम सामने आए.
इस रेस में खिलाड़ियों के अलावा IOA के एक्ज़ेक्यूटिव काउंसिल की लिस्ट में तीरंदाज़ी संघ की ओर से वीरेंद्र सचदेवा का नाम सामने आया है. कई अधिकारी कह रहे हैं कि वीरेंद्र सचदेवा ने तीरंदाज़ी संघ के लिए बहुत काम किया है, उनका किसी से बिगाड़ नहीं है और सरकार भी उन्हें ग़ैरविवादित नाम के तौर पर देखती है. ऐसे में सचदेवा रेस का डार्क हॉर्स या छुपा रुस्तम साबित हो सकते हैं. यानी पिक्चर अभी बाक़ी है...
यह भी पढ़ें- भारत की 10वें खिताब नजर, सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकिस्तान से खिताबी टक्कर कल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं