- तेजस्वी यादव ने नीतीश सेतु पुल के निर्माण की शुरुआत, उस समय की सरकार और गठबंधन पर सवाल उठाए हैं
- उन्होंने जेडीयू के विजय चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर राजनीतिक लोकप्रियता और गंभीरता को लेकर तंज कसा है
- तेजस्वी ने केंद्र सरकार के पुल निर्माण में योगदान से इनकार करते हुए कहा कि यह काम राज्य सरकार ने किया था
बिहार में राजनीतिक बयानबाजी के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर तीखा हमला बोला. नीतीश सेतु परियोजना को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि पहले यह बताया जाना चाहिए कि पुल का काम कब शुरू हुआ था, उस समय किसकी सरकार थी और गठबंधन में कौन-कौन शामिल थे. उन्होंने कहा, 'इनसे पूछिए कि पुल का काम शुरू कब हुआ था. किसकी सरकार थी, किसके साथ गठबंधन था.'
विजय चौधरी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा, 'खुद का कुछ है नहीं, न वोट बैंक है, न पॉपुलैरिटी है. दूसरे के वोट बैंक पर हमेशा मलाई खाने का काम कर रहे हैं.'
ललन सिंह पर भी साधा निशाना
हाल ही में ललन सिंह ने तेजस्वी यादव को 'नॉन सीरियस नेता' बताया था. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने कहा, 'उनकी पार्टी में उनको कोई सीरियस ले रहा है क्या?' उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा, 'हमेशा मुंह फुलाकर घूमते रहते हैं. अपनी पार्टी में कोई पूछता नहीं है.'
पुल निर्माण का श्रेय किसे?
पुल परियोजना को लेकर तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इसके निर्माण में केंद्र सरकार का कोई योगदान नहीं था उन्होंने कहा, 'पुल को बनाने में केंद्र सरकार का एक रुपये का भी योगदान नहीं है. यह सब हमारी उस समय की सरकार ने किया था.'
'नीतीश सेतु' नामकरण पर भी सवाल
पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर भी तेजस्वी यादव ने टिप्पणी की. उन्होंने कहा, 'आमतौर पर किसी व्यक्ति के नाम पर नामकरण तब होता है जब वह जीवित नहीं होता है. लेकिन अब उनकी सरकार है, जो मन चाहे कर रहे हैं.'
उन्होंने यह भी कहा कि उद्घाटन करने वाले नेता भी अपने काम का नहीं बल्कि किसी और के काम का श्रेय ले रहे हैं.
तेजस्वी ने कहा, 'सम्राट चौधरी जो अभी फीता काट रहे हैं, वह अपने काम का फीता थोड़ी काट रहे हैं, नीतीश जी के काम का फीता काट रहे हैं.'
तेजस्वी यादव ने पुल के निर्माण में केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना में राज्य सरकार ने अपने संसाधनों और कर्ज के जरिए राशि लगाई थी. उन्होंने कहा कि उनके पुराने भाषणों को देखकर यह पता लगाया जा सकता है कि अगर भारत सरकार का एक रुपया भी इस पुल के निर्माण में लगा हो या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का कोई योगदान रहा हो तो बताया जाए.
उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों को अपनी राजनीति करनी है तो करते रहें, लेकिन बिहार की जनता वास्तविकता जानती है. प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि जब वे आएंगे, तब इस बारे में बात की जाएगी.
बता दें कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल बिहार की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है. इसके नामकरण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी जारी है. आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसके उद्घाटन का कार्यक्रम प्रस्तावित है.
यह भी पढ़ें | यूपी के कारीगर, बंगाल से लाइटें, मंडप में जयपुर की झलक... अनंत सिंह की बेटी की शादी में क्या है खास?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं