विज्ञापन

₹177 करोड़ के टॉरेस ज्वैलरी घोटाले का मास्टरमाइंड मुंबई लाया गया, 14 हजार से ज्यादा लोगों से हुई थी ठगी

यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र झापिचेन्को पर हवाला के जरिए रकम विदेश भेजकर USDT क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का आरोप है. ED और CBI अब उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाएंगी.

₹177 करोड़ के टॉरेस ज्वैलरी घोटाले का मास्टरमाइंड मुंबई लाया गया, 14 हजार से ज्यादा लोगों से हुई थी ठगी
यूक्रेनी नागरिक पर घोटाले का बड़ा आरोप लगा है.
  • कंपनी ने बिना भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी के निवेशकों से ₹177 करोड़ से अधिक की रकम जुटाई थी
  • निवेशक की राशि को हवाला और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से विदेश स्थानांतरित करने का आरोप आरोपियों पर है
  • मुंबई और आसपास के जिलों के 14 हजार से अधिक निवेशक इस पोंजी स्कीम के कारण आर्थिक नुकसान में फंसे हैं

मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में सामने आए बहुचर्चित टॉरेस ज्वैलरी घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. ₹177 करोड़ की कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र झापिचेन्को उर्फ एलेक्स को रोमानिया से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है. प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ED की टीम उसे 17 नवंबर 2026 को मुंबई लेकर पहुंची.

CBI, ED और मंत्रालयों की संयुक्त कार्रवाई

इस कार्रवाई को अंजाम देने में प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय ने मिलकर काम किया. जांच एजेंसियों के अनुरोध पर इंटरपोल के जरिए आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. इसके आधार पर रोमानिया की एजेंसियों ने उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया था.

कैसे चल रही थी ठगी की स्कीम?

जांच के अनुसार टॉरेस ज्वैलरी कंपनी ने मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) की आड़ में एक पोंजी स्कीम चलाई थी. 24 फरवरी 2024 से शुरू हुई इस योजना में लोगों को सोना, चांदी और हीरे में निवेश के बदले हर सप्ताह 6% से 11% तक रिटर्न देने का दावा किया गया. निवेशकों को कैश बोनस, लग्जरी कार और फ्लैट के लकी ड्रॉ का भी लालच दिया गया. इन्हीं वादों के आधार पर बड़ी संख्या में लोगों से नकद निवेश जुटाया गया. ED के मुताबिक यह पूरा कारोबार भारतीय रिजर्व बैंक की आवश्यक मंजूरी के बिना चलाया जा रहा था.

हवाला और क्रिप्टो के जरिए रकम ठिकाने लगाने का आरोप

जांच एजेंसियों का कहना है कि निवेशकों से इकट्ठा की गई रकम को हवाला चैनलों के जरिए बाहर भेजा गया और बाद में उसे USDT क्रिप्टोकरेंसी में बदला गया. ओलेक्सांद्र झापिचेन्को पर नकदी को क्रिप्टो में बदलने और बड़े स्तर पर कैश ट्रांजैक्शन को संचालित करने की अहम भूमिका निभाने का आरोप है. चार्जशीट के मुताबिक एलेक्स और ओलेना स्टोइयन को इस कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जाता है.

14 हजार से ज्यादा निवेशक हुए शिकार

जांच में सामने आया है कि मुंबई और आसपास के जिलों में कम से कम 14,157 निवेशकों को इस योजना के जरिए नुकसान पहुंचा. कंपनी के ग्रांट रोड, दादर, सानपाड़ा, मीरा रोड और कल्याण समेत पांच प्रमुख स्टोर संचालित थे. दिसंबर 2024 में अचानक निवेशकों का भुगतान बंद हो गया और कंपनी के स्टोर बिना किसी सूचना के बंद कर दिए गए. इसके बाद पूरे घोटाले का खुलासा हुआ.

पूछताछ से खुल सकते हैं कई राज

जांच एजेंसियों का मानना है कि एलेक्स से पूछताछ के दौरान हवाला नेटवर्क, पैसे की हेराफेरी के तरीकों, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और ठगी की रकम के अंतिम लाभार्थियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. ऐसे में यह गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण पूरे मामले की जांच में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें | पेंशनर्स के लिए जरूरी खबर, NPS में करोड़ों के गड़बड़झाले पर आया बड़ा अपडेट, ट्रस्‍ट से आया कॉल, क्‍या बात हुई?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Torres Jewellery Scam, Investment Scam, Hawala Network
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com