- ग्वालियर के उत्तरी हिस्से में 8.74 किलोमीटर लंबा एयरपोर्ट-साडा कॉरिडोर ग्वालियर विकास प्राधिकरण बनाएगा.
- यह 40 मीटर चौड़ी सड़क ट्रैफिक की समस्या कम कर एयरपोर्ट से साडा तक सीधी कनेक्टिविटी देगी.
- कॉरिडोर से पुरानी छावनी, रायरू, जलालपुर, शताब्दीपुरम इलाकों की तस्वीर और जमीन की कीमतों में सुधार होगा.
ग्वालियर के एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी अब शहर से और मजबूत होने वाली है. ग्वालियर शहर के उत्तरी हिस्से में 8.74 किलोमीटर लंबा एयरपोर्ट-साडा कॉरिडोर बनाया जाएगा. ग्वालियर विकास प्राधिकरण (GDA) की तरफ से इसका निर्माण होगा, जिसे GDA की नगर विकास योजना क्रमांक-4 (TDS-04) में रखा गया है. यह सड़क 40 मीटर चौड़ी होगी, जिससे ट्रैफिक की समस्या पर भी लगाम लगेगी. ग्वालियर में इस कॉरिडोर निर्माण से पुरानी छावनी, रायरू, जलालपुर, शताब्दीपुरम और विक्रमपुर तक के इलाकों की तस्वीर बदलने वाली है, यहां पर जमीनों की कीमतों में भी फायदा होगा. राज्य शासन से योजना को स्वीकृति मिलने के बाद जीडीए ने इसके क्रियान्वयन की तैयारी तेज कर दी है.
ग्वालियर एयरपोर्ट से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
ग्वालियर में बनने वाले इस उत्तरी कॉरिडोर का सबसे ज्यादा फायदा उत्तरी हिस्से को होगा. अभी शहर के लोगों को एयरपोर्ट जाने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरना पड़ता है, लेकिन यह कॉरिडोर बनने के बाद एयरपोर्ट से साडा तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. जिससे फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों का 20-30 मिनट का समय बचेगा. यह कॉरिडोर ग्वालियर शहर के उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के बीच एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएगा. खासकर महाराजपुरा, मुरार, ग्वालियर स्टेशन रोड और हजीरा की तरफ जाने वाले वाहनों को अब शहर के अंदर से नहीं गुजरना पड़ेगा, यहां से सीधे ही एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी मिल जाएगी.
कैसे ग्वालियर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी देगा यह कॉरिडोर
ग्वालियर एयरपोर्ट तक बनने वाला 8.74 किलोमीटर का कॉरिडोर सीधे शहर के ट्रैफिक को छोड़ते हुए हवाई अड्डे को जोड़ देगा. यह सड़क शहर के उत्तर में पूर्व से पश्चिम की दिशा में जाएगी. इसका रूट कुछ इस प्रकार होगा.
- जिगसौली (शुरुआत)
- मौजा
- शताब्दीपुरम
- पुरानी छावनी
- अटल द्वार
- ग्राम विक्रमपुर (साडा)
- महू
- जमाहर
पहले की डीपीआर के अनुसार इस कॉरिडोर की लागत करीब 391.86 करोड़ रुपये थी, एयरपोर्ट से लेकर महू, जमाहर, जलालपुर और पुरानी छावनी क्षेत्र से जुड़ी करीब 279.73 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा. सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ, सर्विस रोड और ग्रीन बेल्ट भी विकसित करने की योजना है, ताकि यह कॉरिडोर सिर्फ वाहनों के लिए नहीं, बल्कि पैदल चलने वालों और स्थानीय लोगों के लिए भी सुविधाजनक हो. सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ भी होगी, जबकि सर्विस रोड और ग्रीन बेल्ट भी विकसित किया जाएगा. जिससे यह कॉरिडोर सिर्फ वाहनों के लिए नहीं बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी फायदा देगा.
ग्वालियर के इन इलाकों को जाम से मिलेगी निजात
- महाराजपुरा
- एयरपोर्ट रोड
- मुरार
- हजीरा
- सिटी सेंटर
- रायरू
- जलालपुर
ग्वालियर के इन इलाकों को फायदा
जैसे ही किसी शहर में नया कॉरिडोर बनता है, उसके आसपास के इलाकों को भी फायदा होगा. जानकारों के मुताबिक सबसे ज्यादा फायदा शताब्दीपुरम, पुरानी छावनी, रायरू, जलालपुर, जमाहर, विक्रमपुर, महू और साडा क्षेत्र को होगा. इन इलाकों में जमीनों की कीमत में अच्छा फायदा होने की उम्मीद है. साडा में पहले से ही निवेशक दिलचस्पी दिखा रहे हैं, क्योंकि वहां टेलीकॉम जोन और आगरा-ग्वालियर हाई-स्पीड कॉरिडोर का भी फायदा मिलेगा.
ग्वालियर के लिए क्यों अहम है यह कॉरिडोर
ग्वालियर के लिए यह प्रोजेक्ट अहम माना जा रहा है. नया एयरपोर्ट टर्मिनल, आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे, साडा का पुनर्विकास और अब एयरपोर्ट-साडा कॉरिडोर, ये सब मिलकर ग्वालियर को दिल्ली-NCR के काउंटर मैग्नेट के रूप में मजबूत कर रहे हैं. ऐसे में यह कॉरिडोर ग्वालियर को उत्तर में एक तरह से नया शहर बनाएगा, जबकि इससे पुराने शहर पर बोझ कम होगा और नए इलाकों में प्लान्ड डेवलपमेंट होगा. जीडीए की तैयारी को देखते हुए माना जा रहा है कि बोर्ड बैठक से मंजूरी और टेंडर प्रक्रिया के बाद जल्द ही निर्माण शुरू हो जाएगा.
ये भी पढ़ेंः गंगा एक्सप्रेसवे ने पकड़ी रफ्तार, प्रयागराज से हरिद्वार तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी, लखनऊ, गोरखपुर, बनारस को फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं