विज्ञापन

IOA के चुनाव में बढ़ गया घमासान, पीटी उषा और नचप्पा के बाद गोल्ड मेडल विजेता अभिनव बिंद्रा के सवाल से मच गया बवाल

पीटी उषा को भारतीय ओलंपिक संघ के एसओएम इलेक्शन में हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि, इन चुनावों को लेकर विवाद खत्म नहीं हो रहा है.

IOA के चुनाव में बढ़ गया घमासान, पीटी उषा और नचप्पा के बाद गोल्ड मेडल विजेता अभिनव बिंद्रा के सवाल से मच गया बवाल
गोल्ड मेडल विजेता अभिनव बिंद्रा के सवाल से मच गया बवाल

भारतीय ओलिंपिक संघ IOA का अगला अध्यक्ष कौन होगा- ये सवाल लगातार बड़ा बनता जा रहा है. ये सवाल इसलिए भी बड़े बन गए हैं क्योंकि चुनाव से पहले इसके कई पहलुओं को लेकर पीटी उषा से लेकर ओलिंपिक गोल्ड मेडल विजेता अभिनव बिंद्रा और पूर्व एशियाई चैंपियन स्प्रिंटर अश्विनी नचप्पा तक ने सवाल खड़े कर दिये हैं. IOA के चुनाव की अहमियत इस बार पहले से कहीं ज़्यादा इसलिए भी है कि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलिंपिक खेलों की दावेदारी में अगले IOA अध्यक्ष का रोल कहीं ज़्यादा अहम होनेवाला है.

ओलिंपिक गोल्ड मेडल विजेता अभिनव बिंद्रा के सवाल

पीटी उषा ने खेलों की सर्वोच्च संस्था अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक परिषद IOC तक से अपील या शिकायत तो की ही. अब भारत के सबसे पहले ओलिंपिक गेम्स से गोल्ड मेडल विजेता ने कुछ गंभीर सवाल उठाकर IOA के चुनाव को प्रमुखता से सुर्खियों में ला दिया है. 
   
ओलंपिक में भारत के पहले निजी गोल्ड मेडल विजेता अभिनव बिंद्रा ने ज़रूर साफ़ कर दिया कि वो IOA के चुनावी रेस में नहीं. लेकिन उन्होंने कुछ जरूरी और तीखे सवाल उठा दिए हैं. उन्होंने ट्विटर- 'X' पर अपने पत्र को सार्वजनिक किया है और इस बारे में विस्तार से लिखा है.

Add image caption here

Latest and Breaking News on NDTV

अभिनव बिंद्रा ने 'X' पर लिखा है, "दुर्भाग्यवश, भारतीय ओलंपिक संघ के साथ मेरा निजी पत्राचार सार्वजनिक हो गया है. हाल की मीडिया रिपोर्टों में इसके संदर्भों को देखते हुए, मुझे लगा कि 31 अक्टूबर 2026 के अपने पत्र को उसकी संपूर्णता में साझा करना उचित होगा, ताकि उसकी मंशा और संदर्भ स्पष्ट हो सके."

 अपने पत्र को लेकर बिंद्रा साफ करते हैं, "यह पत्र चुनाव से पहले, रचनात्मक सहभागिता (constructive engagement) की भावना से और भारतीय खेलों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए लिखा गया था."

वो ये भी कहते हैं, "मैंने IOA के संविधान और चुनावी नियमों के बीच साफ़तौर पर तालमेल की कमी या असंगति को देखते हुए ख़ास सवाल उठाया था. हालांकि मुझे इस बात का संकेत मिला कि किन नियमों का पालन किया जा रहा है, लेकिन एक सवाल का जवाब नहीं ही मिल सका.” वो कहते हैं कि आज तक उन्हें ना तो चुनाव अधिकारी से और न ही IOA लीडरशिप से से कोई ठोस जवाब हासिल हो सका है. 

ओलंपिक चैंपियन अभिनव बिंद्रा ने भारतीय ओलंपिक संघ-IOA के चुनाव नियमों पर सवाल उठाते हुए अध्यक्ष पीटी उषा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी- CEO रघुराम अय्यर को लिखा अपना पत्र सार्वजनिक कर दिया. 

बिन्द्रा कहते हैं कि उनका मकसद कभी भी व्यक्तियों पर सवाल उठाना या किसी चुनावी परिणाम को प्रभावित करना नहीं है. वो कहते हैं कि उनका मकसद संस्थाओं में अधिक स्पष्टता, पारदर्शिता और विश्वास को प्रोत्साहित करना है. 

बिंद्रा कहते हैं, "जैसे-जैसे भारत विश्व खेलों में एक महत्वाकांक्षी भविष्य की ओर देख रहा है, हमारी संस्थाओं की विश्वसनीयता उतनी ही महत्वपूर्ण होगी जितनी हमारे एथलीटों की उपलब्धियां.” 

पीटी उषा ने IOC से की शिकायत

मौजूदा अध्यक्ष पीटी उषा ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर ना सिर्फ़ सवाल खड़े कर दिए बल्कि इसे लेकर अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक परिषद IOC में खत तक लिख डाला. 

IOA के चुनाव को लेकर पहले ही बड़े विवाद खड़े थे. यह विवाद 9 नवंबर को हुए SOM के चुनाव के बाद फिर और बड़े हो गए. SOM के महिला वर्ग के चुनाव में पीटी उषा पांचवें स्थान पर रहीं और इसलिए आम सभा में जगह बनाने से चूक गईं. SOM के चुनाव में अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल, डोला बनर्जी और साइना नेहवाल पहले चार स्थान पर रहीं. 

मौजूदा प्रेसीडेंट पीटी उषा ने चुनाव में प्रचार संबंधी कथित उल्लंघनों की शिकायत की और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति- IOC से चुनाव प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग भी कर डाली. पूर्व एथलीट अश्विनी नाचप्पा ने भी आरोप लगाया कि बाहरी दबाव (‘external pressure') के कारण उन्हें और कुछ अन्य उम्मीदवारों को चुनाव से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा. 

5 दिसंबर को चुनाव, मिलेगा नया अध्यक्ष?

भारतीय ओलंपिक संघ के SOM के चुनाव में अध्यक्ष पीटी उषा को हार का सामना करना पड़ा. जबकि, अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल, डोला बनर्जी और साइना नेहवाल महिला वर्ग से निर्वाचित हुईं. वहीं, पुरुष वर्ग में गगन नारंग, योगेश्वर दत्त, विजेंदर सिंह और कमलेश मेहता निर्विरोध चुने गए. अब सभी की नजरें 5 दिसंबर को होने वाले IOA कार्यकारी परिषद के चुनाव पर हैं.

IOA की कार्यकारी परिषद के चुनाव 5 दिसंबर को होने हैं. ऐसे में अभिनव बिंद्रा ने एक बार फिर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवैधानिक स्पष्टता की जरूरत पर जोर दिया है.

यह भी पढ़ें: तब कमिंस सहित 3 पेसर 'हर्डल' में क्या कर रहे थे? 'सैंडपेपरगेट' विवाद ने पकड़ा तूल, CA बचाव में उतरा

यह भी पढ़ें: 55.3 का औसत, 17 शतक, इस बड़ी वजह से डरा हुआ है न्यूजीलैंड, मेजबानों पर मंडराया यह बड़ा खतरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News, Abhinav Bindra, Pilavullakandi Thekkeparambil Usha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com