- सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान फिलहाल गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं और शिवपाल यादव उनसे मिलने गए थे
- शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाए गए हैं और लगातार उत्पीड़न हो रहा है
- आजम खान ने गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाई है, इसलिए उनके साथ अन्याय और उत्पीड़न हो रहा है
सपा के सीनियर नेता आजम खान फिलहाल गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं. उनसे मुलाकात के लिए शिवपाल यादव गुरुवार को पहुंचे. दोनों नेताओं की करीब दो घंटे तक बातचीत चली. मीटिंग के बाद शिवपाल ने मीडिया से भी बात की. उन्होंने कहा, 'आजम खान का लगातार उत्पीड़न हो रहा है. अब केवल न्यायालय से ही उम्मीद है. वही उनको राहत देगा. शासन उनके खिलाफ लगा हुआ है और झूठे मुकदमे लगाए गए हैं. दोष यही है उनका कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाई और दूसरा वह मुसलमान हैं. इसकी वजह से उनके साथ यह उत्पीड़न और अन्याय हो रहा है, जबकि वह उत्तर प्रदेश में 10 बार के विधायक, 4 बार के मंत्री और 2 बार के सांसद हैं.'
शिवपाल यादव ने कहा कि जेल में प्रोटोकॉल का उल्लंघन हो रहा है. हमारी उनसे जाली लगाकर मुलाकात कराई गई. सबको पता है कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे हैं. उनके खिलाफ थाने से लेकर हर स्तर पर उत्पीड़न हो रहा है. उनकी जान लेने का भी प्रयास हुआ, लेकिन वह मजबूती से खड़े हैं. वह समाजवादी पार्टी के हैं और हमेशा यहीं रहेंगे. उनके पूरे परिवार का उत्पीड़न हो रहा है. उन्होंने मुझसे कहा कि सरकार बनाएं और सरकार बनेगी. पूरे यूपी का यह हाल है कि हर वर्ग के लोग भाजपा के खिलाफ हैं.
उन्होंने कहा कि हम जब 2027 में सरकार बना लेंगे तो यह जाली लगाने वाली व्यवस्था ही खत्म कर देंगे. जेल में जितने भी बंदी हैं, उनका उत्पीड़न हो रहा है. कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर कहा कि यह बना रहेगा. इसमें कोई बदलाव नहीं होगा. अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को लेकर कहा कि सबको अधिकार है. चंद्रशेखर और ओवैसी को लेकर कहा कि ये भाजपा को हटाना नहीं चाहते. इसलिए यह गठबंधन हो रहा है.
उन्होंने कहा कि हमारे आजम खान के साथ पारिवारिक सबंध हैं. इसीलिए हम हमेशा उनके साथ रहेंगे. उन्होंने कहा कि आजम खान ने मुझसे कहा कि मैं जेल से निकलकर चुनाव में अखिलेश यादव का प्रचार करूंगा. हमें पूरी उम्मीद है कि कोर्ट ही आजम खान को न्याय देगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं