टीम इंडिया को अभी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे विजय पर मुहर लगानी है, लेकिन प्रबंधन टेस्ट सीरीज को लेकर कितना गंभीर है, यह आप इससे समझ सकते हैं कि लंबू पेसर गुरनूर बरार को पांचवें वनडे से बाहर किया जा सकता है. सूत्रों के अनुसार प्रबंधन गुरनूर को रिलीज करने पर विचार कर रहा है. और चौथे वनडे के बाद इस फैसले पर मुहर लग जाएगी. चूंकि न्यूजीलैंड की टीम में लंबे कद के गेंदबाज हैं, इसीलिए प्रबंधन वेलिंगटन में टेस्ट स्क्वॉड के साथ बरार को रखना चाहता है. यह तेज गेंदबाज भारत के टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा नहीं है, लेकिन उन्हें रुकने के लिए कहा गया है.
भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने इस बात की पुष्टि की है कि हैमिलटन वनडे के बाद सपोर्ट स्टाफ अलग हो जाएगा. मुख्य कोच गौतम गंभीर और स्पिन गेंदबाजी कोच साइराज बहुतुले वनडे सेट-अप के साथ हैं, जबकि कोटक, गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और फील्डिंग कोच सुभादीप घोष टेस्ट स्क्वॉड के साथ जा रहे हैं. गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज पहले ही हैमिलटन से वेलिंगटन के लिए रवाना हो गए, जबकि बाकी खिलाड़ी, जो इंडिया ए सेट-अप का हिस्सा हैं, क्राइस्टचर्च से इस समूह के साथ जुड़ गए.
ऋतुराज गायकवाड़ के ओपनिंग करने की संभावना
जहां तक न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे का सवाल है, तो XI में भारत दो बदलाव कर सकता है. इसमें शुभमन गिल की जगह ऋतुराज गायकवाड़ ओपनर के रूप में आ सकते हैं, जबकि ईशान किशन के मिडिल ऑर्डर में अपनी जगह बनाए रखने की उम्मीद है. लेकिन अंतिम समय में बदलाव से इंकार नहीं किया जा सकता. नेट्स से मिले संकेतों और ग्रुप के भीतर हुई चर्चाओं से संकेत मिलता है कि किशन शेष दो वनडे मैचों के लिए मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करेंगे. नेट पर तिलक वर्मा सहित सभी बल्लेबाजों ने नेट्स में लंबे समय तक बल्लेबाजी अभ्यास किया ऋतुराज आश्वस्त नजर आए और वे इस सीरीज में मिलने वाले अवसरों का पूरा फायदा उठाना चाहेंगे. शुक्रवार को खेले जाने वाले चौथे वनडे के लिए भारत की संभावित XI इस प्रकार है:
1. रोहित शर्मा 2. ईशान किशन (विकेटकीपर) 3. विराट कोहली 4. श्रेयस अय्यर (कप्तान) 5. ऋतुराज गायकवाड़ 6. नमन धीर, 7. अक्षर पटेल, 8. आकिब नबी, 9. मोहम्मद सिराज/कुलदीप यादव, 10. गुरनूर ब्रार, 11. अर्शदीप सिंह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं