विज्ञापन

रोहित-ईशान ओपनर, ऋतुराज नंबर-5, नबी नंबर-8, चौथे वनडे के लिए आकाश चोपड़ा ने चुनी भारतीय प्लेइंग XI

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले के लिए आकाश चोपड़ा ने अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन का चुनाव किया है. उन्होंने रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी है. वहीं आकिब नबी को नंबर आठ पर मौका देने की बात कही है.

रोहित-ईशान ओपनर, ऋतुराज नंबर-5, नबी नंबर-8, चौथे वनडे के लिए आकाश चोपड़ा ने चुनी भारतीय प्लेइंग XI
आकाश चोपड़ा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार (13 नवंबर 2026) को बे ओवल में खेला जाएगा. अहम मुकाबले से पहले देश के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और मौजूदा समय में कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन का चुनाव किया है. ओपनिंग जोड़ी के तौर पर उन्होंने रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन पर भरोसा जताया है. हाल ही में संपन्न हुए टी20 इंटरनेशनल सीरीज में किशन का प्रदर्शन सराहनीय रहा था. जिसे देखते हुए आकाश ने उनपर दाव लगाया है. 

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में कहा टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि ईशान किशन को ओपनर के तौर पर खिलाएं या मध्यक्रम में मौका दें. उन्होंने कहा, 'भारतीय चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि ईशान किशन को ओपनर के तौर पर खिलाएं या मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में मौका दें. मैं तो उन्हें ओपनिंग कराऊंगा. जिससे बाएं और दाएं हाथ का संयोजन बना रहेगा. रोहित शर्मा के साथ वह पारी का आगाज कर सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो आप ऋतुराज गायकवाड़ को आराम से नंबर चार या नंबर पांच पर खिला सकते हैं. पिछली बार गायकवाड़ को जब मौका मिला था तो उन्होंने नंबर चार पर बल्लेबाजी की थी.'

आकाश का यह भी मानना है कि ऋतुराज गायकवाड़ को मध्यक्रम में ही बल्लेबाजी करना चाहिए. उन्होंने कहा, 'उन्होंने शतक भी जड़ा है. मगर लगातार मौके नहीं मिल रहे हैं. उनके लिए यह अच्छा अवसर है. ऐसा लग सकता है कि उनसे ओपनिंग करानी चाहिए. क्योंकि वह स्थान उनका नैसर्गिक पोजीशन है. मगर जब भी उन्हें मौका मिला है. आपने उनसे मध्यक्रम में ही बल्लेबाजी करवाई है. अगर तब आपने ऐसा किया था तो अब भी वैसा ही करना चाहिए. ईशान किसी भी परिस्थिति में ओपनिंग कर सकते हैं. इसलिए उनसे पारी की शुरुआत कराएं.'

आकिब को आठवें नंबर पर देखना चाहते हैं आकाश 

आकाश चोपड़ा, आकिब नबी को आठवें क्रम पर देखना चाहते हैं. उन्होंने कहा, 'मेरे ओपनर रोहित शर्मा और ईशान किशन होंगे. इसके बाद विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋतुराज गायकवाड़, नमन धीर और अक्षर पटेल. फिर आकिब नबी आएंगे. मैं आकिब को सभी मुकाबलों में खिलाऊंगा. वह नंबर आठ पर मेरे बल्लेबाज भी होंगे. इसके बाद मैं गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह को रखूंगा.'

बातचीत के ही दौरान पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि पिच और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज में से किसी एक का चुनाव किया जा सकता है. उन्होंने कहा, 'आखिरी खिलाड़ी का चयन पिच की परिस्थिति पर निर्भर करेगा. माउंट माउंगानुई का मैदान थोड़ा बड़ा है. इसलिए क्या मैं वहां कुलदीप यादव को खिला सकता हूं? अगर ऐसा करता हूं तो सिराज को बाहर बैठना पड़ेगा. अन्यथा आप चार तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकते हैं. मुझे लगता है कि कुलदीप या सिराज में से केवल एक को ही मौका मिलेगा.'

चौथे वनडे के लिए आकाश चोपड़ा की तरफ से चुनी गई भारतीय प्लेइंग इलेवन 

रोहित शर्मा, ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋतुराज गायकवाड़, नमन धीर, अक्षर पटेल, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव/मोहम्मद सिराज. 

यह भी पढ़ें- धोनी को बताया बेस्ट फिनिशर, विराट के लिए कहा Everything, अभिषेक शर्मा ने चुने क्रिकेट के सबसे खास खिलाड़ी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Aakash Chopra, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com