भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के छोटे बेटे वेदांत सहवाग ने अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में अपनी गेंदबाजी से धमाल मचाया. दिल्ली की ओर से खेलते हुए वेदांत ने पंजाब के खिलाफ पहली पारी में 7 विकेट लेकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी.
रोपड़ के गवर्नमेंट कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले के पहले दिन वेदांत ने अपनी ऑफ स्पिन का जादू दिखाया. उनकी घातक गेंदबाजी के सामने पंजाब की पूरी टीम 55.3 ओवर में 238 रन पर सिमट गई. वेदांत ने 22.3 ओवर की गेंदबाजी में 88 रन खर्च किए और 5 मेडन ओवर भी डाले.
वेदांत ने पंजाब के सलामी बल्लेबाज सागर विर्क (11), अंकुश राजपूत (13), विकेटकीपर बल्लेबाज देईविक (61), नूरवीर सिंह (58), शिवम मत्री (0), साहिबजोतवीर सिंह (31) और कुशल बंसल (21) को पवेलियन भेजा. उनके सात विकेटों की बदौलत दिल्ली ने मैच में मजबूत पकड़ बना ली.
कुछ हफ्ते पहले आर्यवीर ने भी बटोरी थीं सुर्खियां
वेदांत का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है जब कुछ सप्ताह पहले उनके बड़े भाई आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था. आर्यवीर को टूर्नामेंट में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था. वह इस मुकाबले में दिल्ली टीम के कप्तान भी हैं.
दिल्ली ने दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 104 रन बना लिए थे. दीप गहलोत 45 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि मोहक कुमार 8 रन पर खेल रहे थे. आर्यवीर सहवाग, जो अपने पिता की तरह ओपनिंग करते हैं, 94 गेंदों पर 31 रन बनाकर लक्षय कंसाल का शिकार बने.
भाई की कामयाबी पर आर्यवीर का खास पोस्ट
वेदांत के शानदार प्रदर्शन से बड़े भाई आर्यवीर भी काफी खुश नजर आए. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर वेदांत के साथ एक सेल्फी शेयर की और लिखा, '7 विकेटों का जैकपॉट, शानदार गेंदबाजी!' इसके साथ उन्होंने खुशी जाहिर करने वाले इमोजी भी लगाए. आर्यवीर की यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई और क्रिकेट फैंस सहवाग परिवार की नई पीढ़ी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- '20 विकेट लेने वाली टीम ही नहीं चुनी,' वेंकटेश प्रसाद ने टीम इंडिया की रणनीति पर उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं