विज्ञापन

कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में कोहरा, राजस्थान में शीतलहर, दक्षिण भारत के 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट

कल का मौसम, 27 नवंबर 2026: IMD ने कल देश के 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली, राजस्थान में ठंड और शीतलहर चलने की संभावना है. जानिए आपके यहां कैसा मौसम रहेगा.

कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में कोहरा, राजस्थान में शीतलहर, दक्षिण भारत के 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट
कल का मौसम: जानिए कहां होगी बारिश Weather Update
IANS

Kal Ka Mausam 27 November 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. दिल्ली, यूपी और राजस्थान जैसे राज्यों में जहां ठंड बढ़ रही है और बारिश का दौर थम चुका है. वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में अभी भी मॉनसून का कहर जारी है. कुछ राज्यों में जमकर बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 27 नवंबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देश के 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट है. वहीं उत्तर भारत के राज्यों में कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर में ठंड और कोहरे का प्रकोप

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है. हवा में नमी की कमी, साफ आसमान और ठंडी उत्तरी हवाओं के कारण एनसीआर में दिन में तेज धूप खिल रही है, जबकि रात के समय ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है. आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और कोहरा भी अपना असर दिखाएगा. कल मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और घना कोहरा छाने की संभावना है. सुबह के समय यह उथला कोहरा हो सकता है. अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. मौसम में आ रहे इस बदलाव के बीच दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि अभी फिलहाल एक्यूआई में आंशिक सुधार देखने को मिल रहा है.

राजस्थान में कल से चलेगी शीतलहर

राजस्थान के शेखावाटी सहित अनेक इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है और बीती रात फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने कल से कई जगह शीतलहर चलने की चेतावनी दी है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, इस समय राज्य के शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर व कोटा संभाग के कुछ भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है. शेष अधिकतर भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया जा रहा है. बुधवार रात राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. राज्य के अधिकतर भागों में आगामी 10 दिन मौसम सूखा रहने तथा तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने की पूरी संभावना है. 27 से 30 नवंबर के दौरान शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर संभाग व कोटा संभाग में कहीं-कहीं शीतलहर दर्ज होने की संभावना है. इस दौरान शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तथा अजमेर व कोटा संभाग में न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है.

यूपी-बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड बढ़ रही है. उत्तर प्रदेश में कल बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इसके कारण विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है. वहीं बिहार में भी कल मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. राज्य में मौसम सामान्य रहेगा और किसी प्रकार का भारी कोहरा या बारिश का अलर्ट नहीं है.

श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज

कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है. श्रीनगर में आज लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के बराबर है. इस सर्दी के मौसम में श्रीनगर में यह अब तक की सबसे ठंडी रात रही. पहलगाम घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने महीने के अंत तक घाटी में मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है. विभाग के अनुसार, रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है.

केरल से लेकर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश तक बारिश

उत्तर भारत के राज्यों में जहां ठंड बढ़ रही है, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में मॉनसून अभी भी बरस रहा है. कल केरल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने कल कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. इसके तमिलनाडु और पुडुचेरी में पूर्वी हवाओं के मजबूत प्रभाव के कारण बारिश हो सकती है. कल कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा क्षेत्र में भी बारिश होने का अनुमान है.

इन राज्यों में भी अलर्ट

भारी बारिश: आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप.
कोहरे का अलर्ट: दिल्ली, यूपी, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kal Ka Mausam, Weather Tomorrow, Weather Tomorrow Update, Weather Tomorrow Delhi, Weather Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com