विज्ञापन

हरियाणा के किसान की बेटी ने शूटिंग में रच दिया इतिहास, 14 साल की उम्र में बनी नेशनल चैंपियन

हरियाणा के हिसार की रहने वाली किसान की बेटी आयुषी ने 35वीं ऑल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई है. 14 वर्षीय आयुषी ने बताया कि उन्होंने चार साल पहले टीवी पर ओलिंपियन मनु भाकर को देखकर निशानेबाज बनने का सपना देखा था.

हरियाणा के किसान की बेटी ने शूटिंग में रच दिया इतिहास, 14 साल की उम्र में बनी नेशनल चैंपियन
haryana farmer daughter ayushi
NDTV

टीवी पर ओलिंपियन मनु भाकर को शूटिंग करते देखकर एक बच्ची ने भी निशानेबाज बनने का सपना देखा. चार साल तक लगातार अभ्यास और मेहनत के बाद अब 14 साल की आयुषी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. गांव रावलवास खुर्द निवासी आयुषी ने उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित 35वीं आल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर हिसार का नाम रोशन किया है. उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल के सब-यूथ विमेन व्यक्तिगत वर्ग में 375.8 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया.

23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक देहरादून के रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज के त्रिशूल शूटिंग रेंज में प्रतियोगिता आयोजित हुई. इसमें देशभर के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया. आयुषी ने शानदार निशानेबाजी करते हुए चार सीरीज में क्रमश: 95, 94, 92 और 94 अंक हासिल किए. इस तरह कुल 375.8 अंक के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

मनु भाकर को देखकर बनीं निशानेबाज 

आयुषी ने बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने टीवी पर ओलिंपियन मनु भाकर को शूटिंग करते देखा था. मनु भाकर की निशानेबाजी से प्रभावित होकर उनके मन में भी इस खेल में आगे बढ़ने का विचार आया. इसके बाद उन्होंने शूटिंग का अभ्यास शुरू कर दिया. शुरुआत में खेल को समझने और निशानेबाजी की बारीकियां सीखने के बाद उन्होंने कोच संजय मलिक के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास किया. लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर अब उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है.

खेल महाकुंभ में भी जीत चुकी हैं सिल्वर मेडल

आयुषी इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं. पिछले महीने आयोजित खेल महाकुंभ में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था. वहीं, पश्चिम बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पांचवीं रैंक हासिल की थी. इसी वर्ष स्कूटी गेम्स में भी उन्होंने चौथा स्थान प्राप्त किया था. लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते आयुषी ने निशानेबाजी में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है.

आयुषी के पिता क्या करते हैं?

आयुषी गांव रावलवास खुर्द निवासी किसान विनोद मोनू सिहाग की बेटी हैं. वह राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा हैं. परिवार में उनका एक छोटा भाई भी है, जो क्रिकेट खिलाड़ी है. पढ़ाई के साथ-साथ आयुषी नियमित रूप से शूटिंग का अभ्यास करती हैं. उनकी इस उपलब्धि पर विधायक चंद्र प्रकाश, गांव के सरपंच राजेश झाझड़िया सहित ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने आयुषी व उनके परिवार को बधाई दी. ग्रामीणों ने कहा कि आयुषी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर गांव के साथ हिसार जिले का नाम रोशन किया है.

यह भी पढ़ें- दर्द दिल में था, लेकिन निशाना नहीं डिगा, जैवलिन थ्रोअर रिंकू की कहानी का PM मोदी ने किया जिक्र

यह भी पढ़ें-  VIDEO: मनीष शर्मा ने पाकिस्तानी बॉक्सर को क्यों जड़ा थप्पड़? पत्नी ने खोला राज, बताया उस दिन क्या-क्या हुआ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com