Festive Season Sale 2026: देश में फेस्टिव सीजन जारी है. इस दौरान अक्टूबर महीने में घरेलू पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री ने 5 लाख का रिकॉर्ड आंकड़ा पार कर लिया. मारुति सुजुकी, हुंडई और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी प्रमुख ऑटो कंपनियों ने अब तक की अपनी सबसे ज्यादा बिक्री अक्टूबर महीने में दर्ज की है. अक्टूबर में घरेलू पैसेंजर गाड़ियों की थोक बिक्री 5.25 से 5.3 लाख यूनिट के बीच रहने का अनुमान है, जबकि पिछले साल अक्टूबर में यह आंकड़ा 4.6 लाख यूनिट था. यह पिछले साल के मुकाबले 12.4% ज्यादा है.
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के दौरान पैसेंजर कारों की बिक्री में 24.9 फीसदी की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई है. एनडीटीवी से बातचीत में टी.आर. साहनी मोटर्स के सीईओ और डायरेक्टर राजीव साहनी ने बताया कि इस फेस्टिव सीजन में कारों की रिकॉर्ड बिक्री हुई है. कार बाजार में सबसे बड़ा बदलाव SUV की मांग में भारी उछाल है. जिनके पास छोटी कारें थीं, वे अब बड़ी कारों की ओर रुख कर रहे हैं. यह एक महत्वपूर्ण बदलाव है क्योंकि लोग अपनी कारों को अपग्रेड कर रहे हैं.
फेस्टिव सीजन में कारों की रिकॉर्ड बिक्री की वजहें
पिछले साल जीएसटी दरों में की गई कटौती, इनकम टैक्स में राहत, किफायती ब्याज दरें और हाल के सालों में 7 फीसदी या उससे ज्यादा की लगातार इकोनॉमिक ग्रोथ- ये सभी इस फेस्टिव सीजन में कारों की रिकॉर्ड बिक्री के मुख्य कारण हैं.
टैक्स घटने से कारों की कीमत अफोर्डेबल
प्रीत विहार में पहली बार कार खरीदने वाले चंदन ठाकुर और सारिका ने बताया कि हम पहली बार कार खरीद रहे हैं. टैक्स घटने से कारों की कीमत अफोर्डेबल हो गई है. धनतेरस पर अपनी पहली कार की डिलीवरी लेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं