विज्ञापन
This Article is From Sep 02, 2016

फुटबॉल : एएफसी क्लब लाइसेंस गंवा सकते हैं ईस्ट बंगाल और मोहन बागान!

फुटबॉल : एएफसी क्लब लाइसेंस गंवा सकते हैं ईस्ट बंगाल और मोहन बागान!
मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के पास फिलहाल नहीं हैं लाइसेंस प्राप्त कोच (फाइल फोटो: PTI)
कोलकाता: देश के दिग्गज फुटबाल क्लबों ईस्ट बंगाल और मोहन बागान के एशियन फुटबाल परिसंघ (एएफसी) क्लब लाइसेंस रद्द हो सकते हैं, क्योंकि एएफसी क्लब लाइसेंस मानक के तहत दोनों ही क्लब में लाइसेंस प्राप्त कोच नहीं हैं. सूत्रों के अनुसार, एएफसी के क्लब लाइसेंस के नए नियमों के मुताबिक किसी क्लब के लिए लाइसेंस प्राप्त प्रशिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है और लाइसेंस प्राप्त प्रशिक्षकों वाले क्लब को ही एएफसी चैम्पियंस लीग में खेलने की अनुमति होगी. क्लबों को अपने लाइसेंसिंग दस्तावेज 22 सितंबर तक जमा करने हैं.

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) की ओर से गुरुवार को क्लब लाइसेंसिंग पर आयोजित कार्यशाला में दोनों क्लबों को इससे अवगत कराया गया. हालांकि अंदरूनी सूत्रों ने बताया है कि दोनों क्लबों पर इसका तत्काल प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा, क्योंकि दोनों ही क्लब एशिया के इस सबसे बड़े लीग टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं.

लेकिन दोनों क्लबों को अगले सत्र तक यह मानक पूरे करने पड़ेंगे. हालांकि दोनों क्लबों को राष्ट्रीय क्लब लाइसेंस हासिल करने में कोई समस्या नहीं होगी और वे आई-लीग में भी हिस्सा ले सकेंगी. मोहन बागान को एएफसी कप में भी खेलने का मौका मिल सकता है.

कार्यशाला से इतर एक अंदरूनी सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "इसी वर्ष नियमों में बदलाव किया गया है. क्लबों को चैम्पियंस लीग में हिस्सा लेने के लिए लाइसेंस प्राप्त प्रशिक्षकों की नियुक्ति करनी होगी."

मोहन बागान के वित्त सचिव देबाशीष दत्ता ने कहा, "नए नियम अगले वर्ष से लागू होंगे. इस वर्ष कोई परेशानी नहीं है."

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फुटबॉल, एएफसी, मोहन बागान, ईस्ट बंगाल, Football, AFC, Mohun Bagan, East Bengal, Indian Football Clubs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com