उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उत्तराखंडवासियों को 'घुसपैठिया' बता रहे हैं, जो बेहद संकीर्ण सोच को दर्शाता है.
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM योगी ने कहा, 'पिछले दिनों मैं एक व्यक्ति का बयान सुन रहा था. वह उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कह रहा था. जबकि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री ही उत्तराखंड के थे. मैंने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते.'
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा, 'मां गंगा उत्तराखंड से आती हैं, यमुना और सरयू मैया भी वहीं से आती हैं. इतनी छोटी और संकुचित सोच नहीं होनी चाहिए.'
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, 'जो बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं और उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वही लोग देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ जहर उगलने का काम करते हैं.'
इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने कहा था, 'अखिलेश जी, आपको बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्यार क्यों है?' सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा, “छोटे मियां को घुसपैठियों से बड़ा प्यार है. ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं और दलितों, वंचितों, गरीबों, किसानों तथा युवाओं का अपमान करते हैं.” योगी ने आरोप लगाया, “बांग्लादेशी-पाकिस्तानी घुसपैठिए यहां गरीबों का हक छीनने का काम करते हैं. आप और आपकी पार्टी ने वोटर लिस्ट एसआईआर के दौरान जबरन उनके नाम दर्ज करवाकर यहां के गरीबों का हक लूटने का काम किया है और लगातार इस तरह की शरारत कर रहे हैं.”
दरअसल, अखिलेश यादव ने हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़े घुसपैठिए उत्तराखंड से हैं. इस बयान के बाद भाजपा लगातार उन पर हमलावर है और पार्टी के कई नेताओं ने इसे उत्तराखंड के लोगों का अपमान बताया है. अखिलेश यादव के बयान को लेकर अब उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति में भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है, जिस पर भाजपा और समाजवादी पार्टी आमने-सामने नजर आ रही हैं.
यह भी पढ़ें | यूपी में 9.5 लाख नौकरियों के बाद अब 1 लाख और नियुक्तियों की तैयारी, सीएम योगी ने बताया पूरा प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं