कनाडा में 4 भालुओं को मौत की सजा दी गई है, उन्हें मार दिया गया है. इनमें एक मादा भालू और उसके एक साल के तीन बच्चे शामिल थे. न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार वन्यजीव अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पश्चिमी कनाडा में पकड़े गए ये चारों ग्रिजली भालू इस महीने एक मां और उनकी वयस्क बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार थे. जांचकर्ताओं का मानना है कि यह एक ऐसा शिकारी हमला था जो आमतौर पर देखने को नहीं मिलता है.
ग्रिजली भालू भूरे भालू की एक बड़ी किस्म है, जो उत्तरी अमेरिका के ऊंचे और अंदरूनी इलाकों में पाया जाता है. इसके भूरे बालों के ऊपर चांदी जैसे या हल्के रंग के सिरे होते हैं, जिससे इसका फर "ग्रिज़ल्ड" यानी सफेद-भूरा सा दिखता है, इसी वजह से इसका नाम ग्रिजली पड़ा. ये बहुत ताकतवर जानवर होते हैं.
DNA टेस्ट से साबित हुआ गुनाह
ब्रिटिश कोलंबिया कंजर्वेशन ऑफिसर सर्विस ने बताया कि DNA टेस्ट से यह पक्के तौर पर साबित हो गया है कि 48 साल की जेनी बाल्कारस और उनकी 20 साल की बेटी सेला रीड की मौत के पीछे एक मादा ग्रिजली भालू और उसके तीन बच्चे शामिल थे. लोगों की सुरक्षा के लिए इन चारों भालुओं को मार दिया गया है. इंस्पेक्टर जेफ टायर ने एक ऑनलाइन ब्रीफिंग में बताया, "हमारी जांच में यह भी पता चला है कि इस हमले में संभवतः शिकार करने वाला व्यवहार शामिल था, जो कि बहुत ही दुर्लभ है... कहने का मतलब यह है कि हमें यह तो नहीं पता कि यह सब कैसे शुरू हुआ, लेकिन हमें यह पता है कि इसका अंत कैसे हुआ."
इन मां-बेटी की लाश के बचे हिस्से वैंकूवर से लगभग 1,000 किलोमीटर उत्तर में स्थित एक दूर-दराज के इलाके के पास मिले थे. उनके अवशेष एक-दूसरे से लगभग 150 मीटर की दूरी पर थे. परिवार के सदस्यों को तब शक हुआ जब रीड ने शनिवार रात अपनी बहन को फोन नहीं किया, दोनों की हर रोज बातचीत होती थी. खोजबीन करने वालों को सबसे पहले मां के अवशेष मिले, और फिर उन्हें रीड के अवशेष एक ऐसी जगह पर मिले जहां भालू अपना खाना जमा करके रखते हैं.
भालूओं को मारने की जगह कहीं और क्यों नहीं भेजा गया?
साल के इस समय में ग्रिजली भालू आक्रामक हो सकते हैं, क्योंकि सर्दियों में हाइबरनेशन से पहले वो अपने शरीर में चर्बी जमा कर रहे होते हैं. पिछले साल नवंबर में भी इसी इलाके में एक भालू ने स्कूल के एक ग्रुप पर हमला कर दिया था. इसमें बच्चों समेत 11 लोग घायल हुए थे, कुछ गंभीर रूप से. लेकिन बयान में कहा गया है कि हाल के हमले में पहचाने गए चारों भालू उस पहले वाले हमले में शामिल नहीं थे.
इंस्पेक्टर जेफ टायर ने कहा कि जानलेवा हमलों में शामिल भालुओं को न तो फिर से बसाया जा सकता है और न ही कहीं और शिफ्ट किया जा सकता था, क्योंकि वे आम लोगों की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा थे.
यह भी पढ़ें | 66 सैनिकों को एक साथ मिलेगी फांसी, 'कायर थे, जंग में पीठ दिखाकर भाग गए तो अब मिली सजा-ए-मौत'
यह भी पढ़ें | आज एक साथ दी जाएगी 23 हाथियों की बलि, दुनिया भर में उठ रही इन बेगुनाहों को बचाने की आवाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं